१० सर्वोत्तम व्यवसाय जो देश विदेश घुमाएं

1
3781

चूंकि यात्रा संस्मरण लिखना मेरा व्यवसाय है, हर दिन मुझे कई सन्देश प्राप्त होते हैं, जहां प्रेषक मुझसे इस व्यवसाय में सफलता के सुझाव एवं परामर्श पूछे जाते हैं। मैं कभी कभी सोच में पड़ जाती हूँ कि ये प्रेषक क्या वास्तव में यात्रा संस्मरण लिखने में रूचि रखते हैं? निश्चित रूप से नहीं कह सकती। क्या वो कम खर्चे में देश-विदेश भ्रमण करने की चाह रखते हैं। ऐसा पूर्णतया संभव है।

दुनिया घुमाते व्यवसाय
दुनिया घुमाते व्यवसाय

जहां तक यात्रा संस्मरण लिखना व उसे अपना व्यवसाय बनाने का प्रश्न है, इस सम्बन्ध में कई साहित्य व पुस्तकें उपलब्ध हैं। मेरी विशेषज्ञता उनसे परे नहीं है। एक बार गूगल कीजिये और आपको सैंकड़ों लेख मिल जायेंगे जो आपको घुमाते घूमते पैसे कमाने के उपाय बताएँगे। इस संस्मरण में चलिए देखते हैं वो दुनिया घुमाते व्यवसाय जो आय के साथ साथ आपको देश-विदेश भ्रमण का अवसर प्रदान कर सकते हैं।

विश्व भ्रमण हेतु यात्रा संस्मरण लिखना ही केवल एकमात्र व्यवसाय नहीं है जो दुनिया घुमाता है। ऐसे कई व्यवसाय संभव हैं जो आपको देश-विदेश भ्रमण का व्यापक अवसर प्रदान कर सकते हैं। मेरी दृष्टी से १० सर्वोत्तम व्यावसायिक अभियान जो आपको भ्रमण के साथ साथ धनार्जन का भी सुअवसर प्रदान करते हैं, इस प्रकार हैं-

१० सर्वोत्तम दुनिया घुमाते व्यवसाय

प्रदर्शन कला एवं कलाकार

हेमा मालिनी - भरतनाट्यम प्रस्तुति
हेमा मालिनी – भरतनाट्यम प्रस्तुति

यदि आप गायन, नृत्य, नाटक, चित्रकारी एवं शिल्पकारी जैसी कला में निपुण हैं तो आपकी कला आपको देश-विदेश का भ्रमण करा सकती है। अब तक जितने कलाकारों से मिलने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ, उन सब ने विश्व भर में अत्यधिक भ्रमण किया है। देश-विदेश के कोने कोने में उन्हें अपनी कला का प्रदर्शन करने का सुअवसर मिला है। हाँ, यह अवश्य है की इसके लिए आपका अपनी कला में विश्व स्तर पर निपुण होना अतिआवश्यक है।

यदि कला प्रदर्शन एवं भ्रमण, दोनों में आपकी रूचि हो तो यह देश-विदेश भ्रमण का उत्तम उपाय है। आप अपनी कला को देश-विदेश के कोने कोने में पहुंचाकर, लोगों का मनोरंजन कर धनार्जन कर सकते हैं। बदले में आपकी कला आपको देश-विदेश का भ्रमण कराएगी।

कुछ अन्य व्यवसायों में निपुणता भी आपको इन कलाकारों के साथ देश-विदेश भ्रमण का सुअवसर प्रदान कर सकते हैं, जैसे साज-श्रृंगार कला, प्रदर्शन प्रबंधन, सहयोगी सम्बद्ध कला इत्यादि में दक्षता।

खेल – दुनिया घुमाते व्यवसाय

देश-विदेश के कुछ महत्त्वपूर्ण खेलों के कुछ महत्वपूर्ण खिलाड़ियों की जीवन शैलियों से आप सब भली भांति अवगत हैं। केवल ये ही नहीं, एक औसतन खिलाड़ी भी खेलने, और यहाँ तक कि, खेलों में निपुणता प्राप्त करने को भी अनेक स्थलों का भ्रमण करते हैं।

विद्यालय में शिक्षण ग्रहण करते हुए मैं टेबल टेनिस का भी प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थी। प्रतियोगिताओं में भाग लेने हेतु मैंने भी कई स्थानों का भ्रमण किया था। वर्तमान में मेरे कई मित्र अपने बच्चों को, खेल को व्यवसाय बनाने में सहायता कर रहे हैं। उनसे ज्यादा भ्रमण करते मैंने किसी को नहीं देखा। प्रशिक्षण के आरंभिक काल में आपका सम्पूर्ण घ्यान खेल में निपुणता प्राप्त करने की ओर ही होना चाहिए। खेलजगत में अपनी निपुणता प्रमाणित करने के उपरांत आपको स्वाभाविक ही देश-विदेश का भ्रमण कर प्रतियोगिताओं में भाग लेने का संयोग प्राप्त होगा।

इस विषय में मेरी यह सलाह है कि आप सफल खिलाड़ियों की जीवनियाँ अवश्य पढ़ें। उनके जीवन के संघर्ष एवं कठिनाइयाँ आपको आगे बढ़ने की प्रेरणा अवश्य देंगी। प्रेरणा हेतु आप ‘लॉरेन वीसबर्जर’ द्वारा लिखित काल्पनिक लेख ‘दी सिंगल गेम’ भी पढ़ें।

विमानसेवा कर्मीदल

विमान कर्मीदल - दुनिया घुमाते व्यवसाय
विमान कर्मीदल – दुनिया घुमाते व्यवसाय

उपरोक्त उपशीर्षक से ही स्पष्ट है कि इस दुनिया घुमाते व्यवसाय के अंतर्गत देश-विदेश का भ्रमण निहित है। वेतन के साथ साथ नवीन स्थलों का अनुभव, वह भी बिना किसी खर्चे के! विमानसेवा कर्मीदल के सदस्यों के लिए तो वीसा की भी विशेष व्यवस्था रहती है। सीमित समय सीमा के लिए ही सही, पर कुछ देशों में बिना वीसा के भी प्रवेश की अनुमति विमानसेवा कर्मी को उपलब्ध है। परन्तु ज्यादातर विमान इकाइयों में विमानसेवा कर्मियों के वीसा की समय सीमा अत्यंत सीमित होती है।

इसी तरह के विशेषाधिकार यात्री जहाज एवं व्यापारिक जहाज के कर्मियों को भी उपलब्ध होते हैं।

राजनीति – दुनिया घुमाते व्यवसाय

यदि आप दूरदर्शन खोलकर, उसमें देश-विदेश का समाचार देखें और देश-विदेश के राजनीतिज्ञों का हालचाल जानना चाहें, तो आपको ज्ञात होगा कि मंत्रियों और नेताओं से अधिक कदाचित ही कोई भ्रमण करता होगा। आपके क्षेत्र, जिला, प्रदेश, देश अथवा विदेश के कई नेता व मंत्री अपने क्षेत्र का दौरा करने के लिए अत्यधिक भ्रमण करते हैं। उन्हें कहीं चर्चा में भाग लेने, किसी उदघाटन, अथवा चुनाव प्रचार हेतु कई बार भ्रमण करना पड़ता है।

राजनीति भी दुनिया घुमती है
राजनीति भी दुनिया घुमती है

अपने क्षेत्र की समस्याओं को जानने उन्हें क्षेत्र के कोने कोने में जाकर जनता से भेंट करना पड़ता है। हालांकि ज्यादातर नेता चुनाव के समय ही दर्शन देते हैं। उन्हें क्षेत्र की समस्याओं का निवारण करने हेतु अथवा अन्य नेताओं से औपचारिक भेंट करने के लिए भी भ्रमण की आवश्यकता होती है। कई बार नेता किसी विशेष अभियान हेतु जनादेश एकत्र करने भी देश का भ्रमण करते हैं। हम माने या न माने, राजनीतिज्ञों को अपने क्षेत्र और देश विदेश जाना जी पड़ता है। कभी वोट मांगने तो कभी जनता का प्रतिनिधित्व करने, कभी सांठ गाँठ करने तो कभी चंदा इकठ्ठा करने।

एक यात्रा लेखक के रूप में आज की तिथि में किसी से इर्ष्या होती है तो वो हैं हमारे प्रधान मंत्री जी, जिन्हें देश विदेश घूमने का इतना अवसर मिलता है।

अतिथी सत्कार

आप होटल प्रबंधन का अध्ययन कर, होटल, अतिथिगृह, तारांकित होटल, रिसोर्ट इत्यादि में नौकरी के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। आपका अभ्यास एवं अनुभव जितना प्रचुर होगा, उतने उत्तम स्थानों पर आपको कार्य करने का संयोग प्राप्त होगा। कई होटल चेन्स देश-विदेश के कई स्थानों में विद्यमान होते हैं। यहाँ कर्मियों का निरंतर स्थानान्तरण होता रहता है। अन्यथा आप स्वयं भी क्रमशः उत्तमोत्तम होटलों में नवीन कार्य ढूंढ सकते हैं। इस तरह आपको देश-विदेश के भ्रमण, नवीन आश्रयों को देखने एवं कई तरह के लोगों से भेंट करने का संयोग प्राप्त होगा।

हालांकि इस दुनिया घुमाते व्यवसाय में उपयुक्त उत्तम अभ्यास, प्रचुर अनुभव, कड़ी मेहनत एवं हंसमुख व्यक्तित्व की आवश्यकता है। फिर आप उत्तम जीवन शैली एवं नवीन स्थलों का आनंद उठा सकते हैं।

शिक्षा क्षेत्र

शिक्षा, यह शब्द सुनते ही केवल दो ही भ्रमण मन में उभरते हैं। घर से कक्षा एवं कक्षा से घर। है ना? वह चाहे विद्यार्थी हो अथवा शिक्षक, परन्तु यह तथ्य उन पर लागू होता है जो सामान्य जीवन में प्रसन्न हैं। यदि आप उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं, अनुसंधान कार्य में योगदान करना चाहते हैं अथवा अपना शोध एवं अनुभव शिक्षाविदों में बांटना चाहते हैं तो आपके लिए भ्रमण संयोग अवश्य हो सकता है। नवीनतम ज्ञानार्जन करने, सम्मेलनों में भाग लेने, व्याख्यान देने अथवा विभिन्न विश्वविद्यालयों में अध्ययन करने हेतु आपको भ्रमण करने का अवसर मिल सकता है।

शिक्षा क्षेत्र में कार्यरत कर्मियों को लम्बी छुट्टी का भी सौभाग्य प्राप्त होता है जहां वे स्वेच्छानुसार निजी भ्रमण का आनंद ले सकते हैं।

गाड़ी चालक

यदि आपको सड़कों पर गाड़ी चलाना पसंद हो तो यह व्यवसाय आपको विभिन्न स्थलों का भ्रमण करा सकता है। यदि आप मालवाहक गाड़ी चलाते हैं तो आप पसंदीदा जगहों पर लघु विराम लेकर उस स्थान का आनंद उठा सकते हैं। हालाँकि यह गंतव्य पहुँचने के समय सीमा के भीतर सीमित रहना चाहिए।

मुझे सड़क यात्रा पसंद है। परन्तु वर्तमान में महिलाओं को सड़क यात्रा में कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उनमें मुख्य है शौचालय सुविधाओं की कमी। तथापि विश्वभर में महिलाओं में शनैः शनैः यह व्यवसाय लोकप्रिय हो रहा है।
यह दुनिया घुमाता व्यवसाय ठाठ-बाट विहीन हो सकता है। सामाजिक परिवेशों में यह व्यवसाय शायद आपको बहुत सम्मान न दिला पाए पर जब दुनिया जब दुनियस देखने की लगन हो तो समाज की परवाह किसे है।

फौज – दुनिया घुमाते व्यवसाय

सैन्य बल में सेवा - दुनिया घुमने एक अनोखा साधन
सैन्य बल में सेवा – दुनिया घुमने एक अनोखा साधन

इस वीरता एवं देशभक्ति से परिपूर्ण व्यवसाय में स्थानान्तरण एवं तैनाती नियमित तौर पर होती रहती है। कभी कभी  तो स्थानान्तरण हरियाली एवं प्राकृतिक सुन्दरता से भरपूर ऐसे ऐसे स्थलों पर होता है जो सामान्य जनता के बाध्य से बाहर होता है। देश के कोने कोने से आये हुए फौजियों के बीच रेक कर आपके अनुभव में दिन दूनी रात चौगुनी वृद्धि हो सकती है। कभी कभी कुछ उच्चतर पदों पर कार्यरत अधिकारियों को विदेश भ्रमण का भी अवसर प्राप्त होता है।

भारत भ्रमण कर भारत को जानने का इससे उपयुक्त पथ कोई दूसरा नहीं। अभिमान एवं आदर से परिपूर्ण यह व्यवसाय देशसेवा एवं व्यवसाय के साथ साथ प्रकृति का आनंद भी प्रदान करता है।

फैशन जगत के व्यवसाय

फैशन विशेषज्ञ - दुनिया भर से प्रेरणा लीजिये
फैशन विशेषज्ञ – दुनिया भर से प्रेरणा लीजिये

फैशन एक विश्वव्यापी कला है। डिजिटल माध्यमों से इसकी पकड़ और मजबूत हो गयी है। यह ऐसी कला है जिस पर भिन्न भिन्न कालों एवं स्थलों का प्रभाव निरंतर पड़ता रहता है। ज्यादातर विशेषज्ञ विश्वस्तरीय इकाइयों से जुड़ना पसंद करते हैं। उच्चस्तरीय कल्पना से बने अतिविशिष्ट वेशभूषा एवं साजसज्जा भले ही पश्चिमी देशों ज्यादा लोकप्रिय हों, पर उनका निर्माण ज्यादातर पूर्वी देशों में होता है। संभवतः इसका कारण कारीगरों की निपुणता, उपलब्धता एवं रोजगार की मांग हो। तथापि इसका अर्थ है कि इस उद्योग में संलग्न उद्यमियों को भ्रमण करना अनिवार्य है।

मैंने अनुभव किया है कि इस उद्योग से सम्बंधित कारीगरों, विक्रेताओं एवं वितरकों को देश-विदेश के भ्रमण का अवसर अक्सर प्राप्त होता है। साथ ही फैशन के अनुरूप स्वयं को ढाल कर आकर्षक दिखने का भी सौभाग्य प्राप्त होता है।

प्रधानमन्त्री के पश्चात वे दूसरे महानुभाव जिनके भ्रमण से मुझे इर्ष्या होती है, वे हैं, फैशनविद् वेंडल रोड्रिग्स

छायाकार

छायाकारों की सनक होती है जगह जगह जाकर मनपसंद छायाचित्र खींचना। छायाचित्रों एवं छायाकारों की भिन्न भिन्न शैलियां हो सकती हैं। पत्रकारिता के लेख हेतु छायाकार घटनास्थल का निरिक्षण करने भ्रमण करते हैं। फैशन सम्बंधित छायाकार सुन्दर प्राकृतिक परिप्रेक्ष्य में छायाचित्र खींचने मनोरम स्थलों का भ्रमण करते है।

फोटोग्राफी या छाया चित्रण
फोटोग्राफी या छाया चित्रण

आजकल गंतव्य विवाह या डेस्टिनेशन वेडिंग का प्रचलन है, जहां सम्पूर्ण विवाह समारोह किसी मनोरम आधुनिक स्थल पर आयोजित किया जाता है। स्पष्टतः विवाह समारोह के छायाचित्रिकरण हेतु छायाकारों को भी इन मनोरम स्थलों के भ्रमण का संयोग प्राप्त होता है। इसी तरह प्रकृति एवं पशु-पक्षियों के चित्रीकरण हेतु इन्हें जंगलों एवं संरक्षित बगीचों का भ्रमण करना पड़ता है। अंततः यात्रा संस्मरण लिखने हेतु भी छायाकारों को भिन्न भिन्न पर्यटन स्थलों की यात्रा करनी पड़ती है। इन सब के लिए उन्हें पारिश्रमिक प्राप्त होता है वह अलग!

और पढ़े – यात्रा फोटोग्राफी के लिए कौनसा कैमरा उपयुक्त है?

आज तो सामान्य से सामान्य व्यक्ति भी अच्छे कैमरे का मालिक होता है। उन सब से ऊपर उठकर छायाचित्रिकरण में महारत प्राप्त करना आसान नहीं। तथापि, यदि आपके छायाचित्र सामान्य से कहीं अधिक सटीक व उत्तम हैं तो सम्पूर्ण धरती आपके समक्ष प्रस्तुत है।

कुछ अन्य दुनिया घुमाते व्यवसाय

मैं सॉफ्टवेर के व्यवसायीयों को भी उपरोक्त सूची में सम्मिलित करना चाहती थी क्योंकि किसी काल में इस व्यवसाय के तहत मैंने बहुत भ्रमण किया था। परन्तु वर्तमान में संगणक एवं वेबजाल के माध्यम से इस व्यवसाय में बहुत विकास हुआ है। अतः इस व्यवसाय में भ्रमण अब उतना नहीं होता है।

विक्री एवं विपणन व्यवसाय में ग्राहक से भेंट हेतु भ्रमण करना पड़ता है। तथापि वर्तमान में दूरसंचार के माध्यमों ने बहुत विकास किया है। अतः इससे विपणन सम्बन्धी भ्रमण में भी कमी आई है।

भूवैज्ञानिक भी अपने अनुसंधान हेतु भ्रमण करते हैं। अंतरिक्ष वैज्ञानिकों का भ्रमण तो अद्वितीय है। परन्तु बहुत कम वैज्ञानिकों को इस संयोग की आवश्यकता होती है।

भ्रमण खर्चा उठाने हेतु उपव्यवसाय

• भ्रमण के समय, अतिरिक्त समय में आप आसपास के लोगों को भाषा का ज्ञान दे सकते हैं। जैसे गाँव में अंग्रेजी शिक्षा, प्रौढ़ शिक्षा इत्यादि से थोड़ी अतिरिक्त कमाई कर सकते हैं।
• परिदर्शक बन कर साथियों को सम्बंधित जानकारी प्रदान कर सकते हैं।
• विशिष्ठ खेलों में महारत हासिल कर उसका प्रशिक्षण दे सकते हैं।
• पर्यटकों की भीड़ बढ़ने पर होटल अथवा उपहारग्रह में कार्य कर उनका हाथ बंटा सकते हैं।

इन व्यवसायों के अतिरिक्तयदि कोई व्यवसाय आपके ध्यान में आये तो मुझे सूचित कीजिये। मैं उसे इस सूची में अवश्य शामिल करना चाहूंगी।

अनुवाद: मधुमिता ताम्हणे

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here