हिमालय यात्रा Archives - Inditales श्रेष्ठ यात्रा ब्लॉग Thu, 04 Jan 2024 05:39:24 +0000 en-US hourly 1 https://wordpress.org/?v=7.0.9 लंढौर – मसूरी के स्वर्ग में विचरण कराती यात्रा https://inditales.com/hindi/landour-mussourie-ke-paryatak-sthal/ https://inditales.com/hindi/landour-mussourie-ke-paryatak-sthal/#respond Wed, 08 May 2024 02:30:06 +0000 https://inditales.com/hindi/?p=3600

भारत के उत्तराखंड राज्य के देहरादून जिले में स्थित लंढौर पदभ्रमण के लिए एक उत्तम नगर है। मसूरी के निकट स्थित इस मनमोहक पर्वतीय नगर में एक छोटी छावनी, कुछ निवासस्थान, कुछ गिरिजाघर, एक मंदिर तथा कुछ दुकानें हैं। कुल मिलकर यही लंढौर है। मसूरी के कुछ ऊपर स्थित लंढौर एक प्रकार से मसूरी के […]

The post लंढौर – मसूरी के स्वर्ग में विचरण कराती यात्रा appeared first on Inditales.

]]>

भारत के उत्तराखंड राज्य के देहरादून जिले में स्थित लंढौर पदभ्रमण के लिए एक उत्तम नगर है। मसूरी के निकट स्थित इस मनमोहक पर्वतीय नगर में एक छोटी छावनी, कुछ निवासस्थान, कुछ गिरिजाघर, एक मंदिर तथा कुछ दुकानें हैं। कुल मिलकर यही लंढौर है। मसूरी के कुछ ऊपर स्थित लंढौर एक प्रकार से मसूरी के शीष पर स्थित है।

मसूरी एक लोकप्रिय व परिचित पर्वतीय स्थल होने के कारण सदा पर्यटकों से खचाखच भरा रहता है। किन्तु पर्यटकों की इस भीड़ से दूर लंढौर एक शांत पर्वतीय स्थल है। यह इतना छोटा है कि पदभ्रमण करते हुए सम्पूर्ण लंढौर का अवलोकन किया जा सकता है। वास्तव में पदभ्रमण द्वारा ही इस चित्ताकर्षक पर्वतीय नगर का सर्वोत्तम आनंद उठाया जा सकता है।

बादलों से घिरे वृक्ष
बादलों से घिरे वृक्ष

लंढौर के सभी मार्ग पक्के हैं जिन पर आसानी से पदभ्रमण किया जा सकता है भले ही वर्षा हो रही हो, यद्यपि उत्तराखंड के इस भाग में अधिक वर्षा नहीं होती है। ऊँचे ऊँचे देवदार के वृक्ष आपको इस प्रकार घेर लेते हैं कि आप बाह्य जीवन से पूर्णतः शून्यचित्त हो जाते हैं। वहाँ केवल हम एवं हमारा अंतर्मन शेष रह जाता है।

भारत के अधिकाँश नगरों की तुलना में लंढौर एक अत्यंत ही स्वच्छ नगर है। लंढौर की यह विशेषता भी आपको पद भ्रमण करने के लिए प्रेरित करती है। लंढौर में मैंने अनेक मार्गों पर पदभ्रमण किया है। आईये मैं आपको उन्ही में से कुछ पदभ्रमण पर पुनः ले चलती हूँ।

गोल चक्कर पदभ्रमण – लंढौर लूप

यह लंढौर का सर्वप्रचलित गोल चक्कर पदभ्रमण है। इस पथ पर कहीं से भी आरम्भ कर हम अंततः लाल टिब्बा की ओर ही जाते हैं।

लंढौर के पहाड़ी रास्ते
लंढौर के पहाड़ी रास्ते

यदि आप दक्षिणावर्त जाएँ तो सर्वप्रथम आप सेंट पॉल गिरिजाघर पर पहुंचेंगे। यह एक प्राचीन गिरिजाघर है। कुछ काल पूर्व ही शैल तोरणों द्वारा इसका नवीनीकरण भी किया गया है।

चार दुकान

एक काल में लंढौर के इस स्थल पर केवल चार ही दुकानें होती थीं। इसीलिए इसका नाम चार दुकान पड़ा। अब यहाँ चार से कुछ अधिक दुकानें हो गयी हैं। इनमें से अधिकाँश दुकानों में स्थानीय व्यंजन उपलब्ध हैं, जैसे पैनकेक्स। अपने पदभ्रमण के समय आप यहाँ कुछ क्षण विश्राम करते हुए पैनकेक्स एवं कॉफी का आनंद अवश्य उठायें। उस दिन प्रातः कालीन भ्रमण के समय यहाँ मेरी भेंट कुछ दुपहिया सायकल प्रेमियों से हुई थी जो लंढौर के मार्गों पर सायकल चलाकर थक गए थे तथा अपनी थकान व क्षुधा शांत करने के लिए यहाँ रुके थे। मैंने यहाँ सम्पूर्ण दिवस पर्यटकों को रूककर यहाँ के व्यंजनों का आनंद लेते देखा है।

लंढौर की जानी मानी चार दुकान
लंढौर की जानी मानी चार दुकान

मुझे ज्ञात हुआ कि जिस संरचना के भीतर ये चार दुकानें स्थित हैं, वह पूर्व में सेना का डिपो हुआ करता था। यहाँ के एक प्रवेश द्वार पर डेपो क्रमांक ३१ अब भी देखा जा सकता है।

एक लघु सेतु को पार कर हम एक ऐसे मार्ग पर पहुँचते हैं जो स्वर्ग सा प्रतीत होता है। मैं जिस दिन यहाँ भ्रमण कर रही थी, मेरे चारों ओर मेघ छाये हुए थे जो सम्पूर्ण वातावरण को अधिक रोमांचक व गूढ़ बना रहे थे। मेघों के मध्य से यदा-कदा कुछ घर दृष्टिगोचर हो रहे थे जो अन्यथा देवदार के वृक्षों में लगभग लुप्त हो जाते थे। इन में से एक घर भी ऐसा नहीं था जो मार्ग के समतल था। वे मार्ग के दोनों ओर या तो ऊपरी ढलान पर स्थित थे अथवा निचली ढलान पर। मानो प्रकृति ने हमारे शरीर को स्वस्थ रखने के लिए व्यायाम का प्रबंध कर दिया हो।

लाल टिब्बा

लाल टिब्बा इस पदभ्रमण का सर्वप्रसिद्ध भाग है। यदि आप प्रातः शीघ्र ही अपना पदभ्रमण आरम्भ करते हैं तो आपको केवल दो दृश्य दृष्टिगोचर होंगे, अपने घोड़ों को स्नान करवाते लोग एवं लाल रंग का एक बंद भवन। अन्यथा आकाश निर्मल व स्वच्छ हो तथा धुंध ना हो तो यह स्थान विभिन्न क्रियाकलापों से व्यस्त रहता है क्योंकि उस समय यहाँ से हिमालय पर्वत श्रंखला स्पष्ट दिखाई देती है। विभिन्न स्थानों पर दूरबीन उपलब्ध हैं जिनके द्वारा आप इन शिखरों को समीप से देख सकते हैं। लाल टिब्बा एक प्रकार से पहाड़ी का अंतिम छोर है जहाँ से आप नीचे घाटी देख सकते हैं तथा समक्ष पर्वत श्रंखला!

लंढौर के मनमोहक घर
लंढौर के मनमोहक घर

पहाड़ की ऊपरी ढलान पर एक सुरचित व उत्तम रखरखाव युक्त भवन है जहाँ पहुँचने के लिए सुन्दर सोपान निर्मित हैं। यह भवन स्वर्ग से अवतरित प्रतीत होता है। कितना सौभाग्यशाली है वह परिवार जो अप्रतिम प्रकृति के सानिध्य में यहाँ निवास करता है!

मार्ग में शिलाओं द्वारा निर्मित भित्ति दिखाई दी जिसके प्रवेश द्वार की चौखट भी शिलाओं द्वारा निर्मित थी। ऐसे प्रवेशद्वार सदा जिज्ञासा उत्पन्न करते हैं। मैंने भी इसके भीतर झाँककर देखने का प्रयास किया। भीतर झाँकते ही मैं स्तब्ध रह गयी। वह ईसाईयों का समाधिक्षेत्र था। वहाँ अनेक उत्कीर्णित समाधियाँ थीं जिन पर पुष्प अर्पित थे। सभी समाधियाँ लगभग मार्ग से सटी हुई थीं। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो वे राहगीरों को सावधान कर रही हों कि किसी काल में वे भी इसी मार्ग पर चलते थे तथा आज वे उन समाधियों के नीचे हैं।

इसके पश्चात आप केलोग गिरिजाघर एवं भाषा शिक्षण संस्थान पहुँचते हैं जो इस पदभ्रमण का अंतिम चरण है।

भाषा शिक्षण संस्थान

भाषा शिक्षा संस्थान एवं कल्लोग गिरिजाघर
भाषा शिक्षा संस्थान एवं कल्लोग गिरिजाघर

मैं इस भाषा शिक्षण संस्थान के भीतर गयी तथा प्राचार्य श्री चितरंजन दास जी से भेंट भी की। मेरा उनसे एक रोचक व ज्ञानवर्धक वार्तालाप भी हुआ। उन्होंने मुझे इस शिक्षण संस्थान के इतिहास की जानकारी दी। उन्होंने मुझे बताया कि किस प्रकार इस संस्थान ने ब्रिटिश अधिकारियों को स्थानीय भाषा सीखने में सहायता की थी तथा कैसे यहाँ अनेक भारतीय भाषाओं के शिक्षण के लिए पाठ्यक्रम सामग्री विकसित की गयी थी। यह गौरव का विषय है कि यह संस्थान अब भी विश्व भर के अनेक जिज्ञासु विद्यार्थियों को हिन्दी तथा अन्य स्थानीय भाषा सिखाने के पावन कार्य को अखंड रूप से कर रहा है।

सिस्टर्स बाजार पदभ्रमण

गोल चक्कर पदभ्रमण के समय यदि आप केलोग गिरिजाघर से विमार्ग लें तो आप सिस्टर्स बाजार की ओर जायेंगे। किसी काल में यहाँ स्थानीय सैन्य अस्पताल में कार्यरत परिचारिकाओं के लिए एक छोटा सा बाजार हुआ करता था। वर्तमान में यह स्थान पीनट बटर के लिए प्रसिद्ध है।

काष्ठ एवं पाषण से बने स्थानीय घर
काष्ठ एवं पाषण से बने स्थानीय घर

पदभ्रमण का यह मार्ग भी ऊँचा-नीचा किन्तु पक्का मार्ग है जहाँ से घाटियों के परिदृश्य अनवरत दृष्टिगोचर होते रहते हैं। यदि धुंध रहित वातावरण हो तो यहाँ से वुडस्टॉक पाठशाला का परिसर एवं उसके सुन्दर छात्रावास दिखाई पड़ते हैं। सम्पूर्ण पदभ्रमण में अप्रतिम परिदृश्यों के मध्य सुन्दर पुरातन भवन दृष्टिगोचर हो जाते हैं। अनेक स्थानों पर वर्षा आश्रय बने हुए हैं। इनके निर्माण में स्थानीय पत्थरों का प्रयोग किया गया है जिसके फलस्वरूप ये आसपास के परिदृश्यों में आसानी से समाहित हो जाते हैं। ये वर्षा आश्रय अत्यंत आकर्षक व आधुनिक हैं तथा पुरातन कालीन प्रतीत नहीं होते।

सिस्टर्स बाजार में बेक हाउस में अवश्य जाएँ जहाँ कुछ स्वादिष्ट बेकरी उत्पाद उपलब्ध रहते हैं। आप यहाँ से स्थानीय लेखकों द्वारा लिखित पुस्तकें भी क्रय कर सकते हैं। आप जानते ही हैं कि लंढौर में रस्किन बांड, बिल ऐटकिन तथा स्टीफन आल्टर जैसे अनेक दिग्गज लेखकों का निवास है। संयोग से इन सभी लेखकों ने इस स्थान के विषय में भी लिखा है। अतः यह आपकी रूचि अनुसार पुस्तक क्रय करने के लिए उत्तम स्थान है।

पीनट बटर

लंढौर की स्मृति में यहाँ से क्या क्रय करें? यह प्रश्न उठे तो उत्तर है, पीनट बटर। पीनट बटर लंढौर का सर्वाधिक लोकप्रिय स्मृति चिन्ह है जिसे आप प्रकाश किराना दुकान से ले सकते हैं। यद्यपि यह एक सामान्य किराना दुकान है, तथापि इस दुकान में एक सम्पूर्ण ताक पीनट बटर एवं जैम के लिए आरक्षित है। मुझे यह एक पारिवारिक उद्यम प्रतीत हुआ।

प्रकाश पीनट बटर
प्रकाश पीनट बटर

मुझे इस दुकान के मालिक श्री इन्दर प्रकाश से चर्चा करने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने ही लंढौर में पीनट बटर के उद्योग का शुभारम्भ किया था। उन्होंने बड़े उत्साह से इस उद्योग के विषय में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सन् १९४७ से पूर्व तक अमेरिका से पीनट बटर का आयात किया जाता था। स्वतंत्रता के पश्चात कुछ स्थानीय उद्यमियों ने यहीं पीनट बटर का उत्पादन आरम्भ किया। प्रकाश जी ने भी अपने निवासस्थान पर ही पीनट बटर का उत्पादन आरम्भ किया तथा निवासस्थान के पार्श्वभाग में स्थित अपनी दुकान से इसकी विक्री आरम्भ की।

श्री प्रकाश स्वयं को भारत का प्रथम ऐसा उद्यमी मानते हैं जिसने भैंस के दूध से चेडर चीस का उत्पादन किया। उन्होंने हमें ब्लैकबेरी अथवा जामुन के जैम के विषय में भी बताया जिसे वे अपने उद्यान से प्राप्त जामुनों से बनाते हैं। जब मैंने उन से उनके लोकप्रिय व स्वादिष्ट पीनट बटर की गोपनीय सामग्री एवं विधि के विषय में पूछा तो उसका उत्तर उन्होंने केवल स्मित हास्य से दिया। उन्होंने कहा कि इसका गूढ़ दानों को सही तापमान एवं सही समय तक भूनने में सन्निहित है। अन्यथा इसकी सामग्री एवं विधि सामान्य है।

इस पदभ्रमण के समय आप पीनट बटर अवश्य क्रय करें।

जबरखेत नेचर रिजर्व में पदभ्रमण

लंढौर के समीप जबरखेत वन है जो एक प्राकृतिक आरक्षित भूमि है। यह पहाड़ी क्षेत्र के वन में पदभ्रमण करने के लिए सर्वोत्तम है। यह एक व्यक्तिगत संपत्ति है जहाँ प्रवेश करने के लिए अनुमति एवं प्रवेश शुल्क आवश्यक है। इसलिए आपको यहाँ अधिक पर्यटक नहीं दिखेंगे। वनीय क्षेत्रों में रूचि रखने वाले पर्यटकों के लिए यह अत्यंत अनुकूल परिस्थिति होती है। मैंने इसके विषय में सर्वप्रथम स्टीफन आल्टर द्वारा लिखित पुस्तक, The Secret Sanctuary में पढ़ा था। पुस्तक समाप्त होते होते मेरे भीतर इस वन में भ्रमण करने की अभिलाषा तीव्र से तीव्रतम हो गयी थी। कहते हैं कि हृदय से किसी अवसर की अभिलाषा व्यक्त करो तो वह अवसर स्वयं आपके समक्ष उपस्थित हो जाता है। मेरे साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ।

जबरखेत प्राकृतिक केंद्र
जबरखेत प्राकृतिक केंद्र

मुझे जबरखेत प्राकृतिक आरक्षित वन में भ्रमण करने का स्वर्णिम अवसर प्राप्त हुआ। इस वन में अनेक पदभ्रमण पगडंडियाँ हैं जिन पर आप चल सकते हैं। मुझे उन पगडंडियों के नाम भी अत्यंत भाये, जैसे तेंदुआ पगडंडी (Leopard trail), कुकुरमुत्ता पगडंडी (Mushroom trail) आदि। इन पगडंडियों पर पदभ्रमण करते हुए वनीय परिवेश से एकाकार हो जाने का अनुभव प्राप्त होता है।

मैं यहाँ जून मास में आई थी। उस समय यहाँ अनेक प्रकार के कुकुरमुत्ते उगे हुए थे। मुझे पक्षियों की चहचहाहट सुनाई पड़ रही थी किन्तु वन इतना सघन है कि उनके चित्र लेना तो दूर, उन्हें ढूंढ पाना भी कठिन हो रहा था। तितलियों को देखने के लिए भी हमें प्रयास करना पड़ रहा था। इसके पश्चात भी हमने कई तितलियाँ देखी। उनके रंगबिरंगे पंख हमारे नेत्रों को सुख पहुंचा रहे थे। उड़ती तितलियाँ दृष्टि से ओझल ना हों, इस प्रयास में हमारे नेत्र थक गए किन्तु तितलियाँ नहीं थकीं।

एक ओर बलूत (Oak) के वृक्ष थे जिनके तनों पर उगे शैवाल भुतहा परिवेश उत्पन्न कर रहे थे। एक स्थान पर कुछ शिलाखंडों को सजाकर बैठक बनाया था। उसे देख मुझे एक चित्रपट का स्मरण हो आया जहाँ कुछ मित्र रात्रि में आग सेंक रहे थे कि अकस्मात् उनके समक्ष भूत उपस्थित हो गए।

यहाँ एक छोटा सा व्याख्या केंद्र है जो इस वन के पशु-पक्षी एवं वनस्पतियों से पर्यटकों का परिचय कराता है। मुझे बताया गया कि जबरखेत में वनीय पुष्पों का आनंद लेने के लिए मार्च एवं अप्रैल मास में यात्रा उत्तम हैं। जून मास में पक्षियों को ढूंढ पाना कठिन होता है। साथ ही पुष्पों का पल्लवन भी समाप्त हो जाता है।

लंढौर के प्राचीन शिव मंदिर तक पदभ्रमण

मेरे लिए यह लंढौर का सर्वाधिक छोटा किन्तु सर्वाधिक कठिन पदभ्रमण था। एक सूचना पटल पर अंकित था, ‘२०० मीटर पर प्राचीन शिव मंदिर’। आप कल्पना कीजिये कि २०० मीटर पदभ्रमण अधिक से अधिक कितना कठिन हो सकता है! क्या सूचना पटल पर लिखी दूरी सही है? मैंने चलना आरम्भ किया। अथवा यह कहिये कि चढ़ना आरम्भ किया। शनैः शनैः ढलान की तीव्रता बढ़ती जा रही थी। मेरे लिए यह रोहण कष्टकर होता जा रहा था। विश्राम की आवृत्ति भी बढ़ती जा रही थी।

लंढौर का प्राचीन शिव मंदिर
लंढौर का प्राचीन शिव मंदिर

सौभाग्य से आसपास के परिदृश्य इतने सुरम्य थे कि विश्राम अत्यंत सुखकर सिद्ध हो रहे थे। लगभग १५-२० मिनटों तक रोहण करने के पश्चात हमारे समक्ष एक मंदिर अवतरित हुआ। यह एक शिव मंदिर है। इसके प्राचीन होने के कोई चिन्ह मुझे दिखाई नहीं दिए। यह एक सुन्दर मंदिर है। मुझे यह मंदिर अत्यंत स्वच्छ व सुडौल प्रतीत हुआ जिसने मुझे आनंदित कर दिया था।

मेरा यह पदभ्रमण अथवा रोहण एक धरोहर भ्रमण है। अतः यह एक स्वतन्त्र संस्करण के योग्य है जो शीघ्र ही प्रकाशित होगा।

अनुवाद: मधुमिता ताम्हणे

The post लंढौर – मसूरी के स्वर्ग में विचरण कराती यात्रा appeared first on Inditales.

]]>
https://inditales.com/hindi/landour-mussourie-ke-paryatak-sthal/feed/ 0 3600
पांगोंग त्सो सरोवर – लद्दाख का प्रसिद्द पर्यटक स्थल https://inditales.com/hindi/pangong-tso-laddakh-paryatak-sthal/ https://inditales.com/hindi/pangong-tso-laddakh-paryatak-sthal/#respond Wed, 27 Sep 2023 02:30:00 +0000 https://inditales.com/hindi/?p=3179

पांगोंग सरोवर अथवा पांगोंग झील को स्थानीय भाषा में पांगोंग त्सो कहते हैं। भारत के नवनिर्मित केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की राजधानी लेह से लगभग १५० किलोमीटर दूर स्थित पांगोंग सरोवर एक मनोरम हिमालयी सरोवर है। समुद्र तल से इसकी ऊँचाई लगभग ४५०० मीटर है। यह एक अत्यंत सुन्दर सरोवर है। इस सरोवर के जल […]

The post पांगोंग त्सो सरोवर – लद्दाख का प्रसिद्द पर्यटक स्थल appeared first on Inditales.

]]>

पांगोंग सरोवर अथवा पांगोंग झील को स्थानीय भाषा में पांगोंग त्सो कहते हैं। भारत के नवनिर्मित केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की राजधानी लेह से लगभग १५० किलोमीटर दूर स्थित पांगोंग सरोवर एक मनोरम हिमालयी सरोवर है। समुद्र तल से इसकी ऊँचाई लगभग ४५०० मीटर है। यह एक अत्यंत सुन्दर सरोवर है। इस सरोवर के जल पर पड़ती सूर्य की किरणें जब दिन भर की यात्रा करती हैं, इसका आकाशी नीलवर्ण जल इन किरणों के साथ अठखेलियाँ करता विभिन्न आभा बिखेरता रहता है।

जमी हुई पांगोंग त्सो
जमी हुई पांगोंग त्सो

पांगोंग सरोवर बॉलीवुड चित्रपटों के छायाचित्रीकरण के लिए एक अतिविशेष स्वप्निल स्थल माना जाता है। लोग तो यहाँ तक कहते हैं कि सन् २०१८ में निर्मित हॉलीवुड चित्रपट गेम्स ऑफ थ्रोंस के कुछ भागों  का छायाचित्रीकरण भी यहीं हुआ था। पांगोंग सरोवर एक अछूते हिमालयीन परिदृश्य का सर्वोत्तम उदहारण है।

अपनी लद्दाख यात्रा में हम कुछ दिवस लेह में ठहरे थे। नारोपा उत्सव का अवलोकन करने व लद्दाख की संस्कृति को जानने व समझने के लेने वहीं से हमने हेमिस मठ तक की यात्रा की थी। यदि आपकी रूचि केवल पर्यटन भी हो तब भी लद्दाख की यात्रा तब तक पूर्ण नहीं होती जब तक आप पांगोंग सरोवर ना देख लें।

और पढ़ें: हेमिस मठ का नारोपा उत्सव

पांगोंग त्सो: लद्दाख का आकर्षक सरोवर

वर्ष के अधिकांश समय, लद्दाख के शीत ऋतु की कड़ाके की ठण्ड में खारे जल का यह विशाल सरोवर जमा हुआ ही रहता है। जब पांगोंग सरोवर जमा हुआ नहीं रहता है, आप उसमें नीले रंग की विभिन्न छटाएं देख सकते हैं। अप्रैल मास से सितम्बर के आरम्भ तक इस सरोवर की सुन्दरता अपनी चरम सीमा पर रहती है जब इस पर नीलवर्ण की विभिन्न छटाओं का मेला लगा रहता है।

पांगोंग सरोवर के रंग
पांगोंग सरोवर के रंग

इस सरोवर का दो-तिहाई भाग तिब्बत के पठार के अंतर्गत आता है जो अब चीनी अंतर्राष्ट्रीय सीमारेखा के भीतर स्थित है। शेष एक-तिहाई भाग भारतीय सीमा के अंतर्गत आता है। स्वाभाविक है कि अंतर्राष्ट्रीय विवादित सीमा रेखा के समीप होने के कारण आप सरोवर के आसपास कदाचित सेना के तम्बू एवं उनकी तोपें देखें। सन् १९६० में हुए भारत-चीन युद्ध के समय यह शांत एवं रम्य स्थान सेना की अनेक तोपों एवं उनके द्वारा हुए रक्तपात का साक्षी रहा है। वह सब क्यों हुआ? कौन जाने!!

और पढ़ें: हिमालय में छायाचित्रीकरण योग्य सर्वोत्तम स्थल

यदि आप हिमालय के इतिहास के पन्नों को पलटें तथा इस स्थान के भूगर्भ शास्त्र में डुबकी लगाएं तो आप हिन्द महासागर एवं इस सरोवर के मध्य सम्बन्ध अवश्य खोज निकालेंगे। तिब्बती शब्द पांगोंग त्सो का शाब्दिक अर्थ है, ऊँचे मैदानी क्षेत्र का सरोवर। ऐसी मान्यता है कि भूगर्भीय उथल-पुथल के पश्चात जब समुद्र की गहराई से हिमालय उभर कर आया तब आसपास का समुद्र सिमट कर केवल यह सरोवर ही शेष रहा। इसी कारण सरोवर का जल खारा है तथा इसमें मछलियाँ भी नहीं हैं।

समुद्र सतह से ४५०० मीटर की ऊँचाई पर स्थित होने के कारण पांगोंग त्सो मछलियों के प्रजनन एवं जीवन के अनुकूल जलवायु नहीं प्रदान कर पाता है। इसी कारण इसके जल में मछलियों का अभाव है। इसके पश्चात भी यह सरोवर प्रवासी पक्षियों का प्रिय स्थल है। प्रत्येक वर्ष यहाँ बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी आते हैं, काई अथवा मॉस खाते हैं तथा घोंसले बनाकर अंडे देते हैं।

सरोवर में रात्रि का पड़ाव डालें अथवा केवल दिवसीय यात्रा करें?

जब मानव प्रकृति से खिलवाड़ ना करे तब प्रकृति की सुन्दरता किस प्रकार आकाश को छू लेती है, यह सरोवर उसका जीवंत उदहारण है। स्वाभाविक ही है कि आप ऐसे सरोवर के तट पर कुछ रात्रि व्यतीत करते हुए माँ स्वरूप प्रकृति से अवश्य जुड़ना चाहेंगे।

पांगोंग त्सो का सूर्योदय
पांगोंग त्सो का सूर्योदय

किन्तु ध्यान रखें कि जिस अनछुई प्रकृति से आप जुड़ना चाहते हैं उसकी कान्ति को उतनी ही पवित्र बनाए रखना भी आपका ही उत्तरदायित्व है। साथ ही आपको अपने स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का भी ध्यान रखना होगा। जैसे, रात्रि का तापमान अत्यंत शीतल हो जाता है। मौसम के अनुसार यह शुन्य तापमान से २०-३०अंश नीचे भी जा सकता है। साथ ही रहने की सुविधाएं भी मूलभूत हैं, जैसे तम्बू इत्यादि। अतः सम्पूर्ण वातावरण आपके स्वास्थ्य के लिए एक कठिन परीक्षा सिद्ध हो सकता है।

और पढ़ें: लद्दाख की राजधानी लेह से छोटी छोटी एक दिवसीय यात्राएं

सरोवर के तट पर रात्रि व्यतीत करने के आनंद का अर्थ है, तट पर बैठकर तारे देखते हुए गर्म गर्म मैगी खाना। यदि खगोलीय छायाचित्रीकरण में आपकी रूचि है तो इससे अधिक उपयुक्त स्थल सम्पूर्ण भारत में कहीं नहीं होगा!

अनेक पर्यटकों का मानना है कि पांगोंग त्सो में जो सूर्योदय उन्होंने देखा है, वह अविस्मरणीय एवं अतुलनीय है!

रात्रि के कड़ाके की ठण्ड एवं कठिन सड़क यात्रा से भयभीत होकर मैंने तो पांगोंग में रात्रि व्यतीत करना स्वयं के लिए उचित नहीं जाना तथा लेह से एक दिवसीय यात्रा करने का निश्चय किया।

प्रादेशिक संचार अनुज्ञा पत्र: इनर लाइन परमिट (आइ एल पी)

यह क्षेत्र संवेदनशील अंतर्राष्ट्रीय सीमारेखा जांच के अंतर्गत आता है जिसके कारण हमें पांगोंग सरोवर तक जाने के लिए अनुज्ञा पत्र प्राप्त करना पड़ा। इस अनुज्ञा पत्र को प्रादेशिक संचार अनुज्ञा पत्र अथवा इनर लाइन परमिट (आइ एल पी) कहते हैं। इनर लाइन परमिट एक आधिकारिक यात्रा दस्तावेज है जिसे संबंधित राज्य सरकार जारी करती है।

पांगोंग त्सो लद्दाख
पांगोंग त्सो लद्दाख

इस तरह का परमिट भारतीय नागरिकों को देश के अंदर के किसी संरक्षित क्षेत्र में एक तय समय के लिए यात्रा की अनुमति देता है। इस परमिट के एवज में कुछ शुल्क भी लिया जाता है। हमें इसके लिए ६०० रुपये प्रतिव्यक्ति शुल्क देना पड़ा। इसे प्राप्त करने में हमारे अतिथिगृह के अधिकारी ने हमारी सहायता की थी।

यदि आप लेह से पांगोंग सरोवर तक एक दिवसीय यात्रा करना चाहते हैं तो मेरा सुझाव है कि आप प्रातः शीघ्रातिशीघ्र यात्रा आरम्भ करें। यह पांच घंटे की एक कठिन सड़क यात्रा है जो अत्यंत जोखिम भरी है। यहाँ तक कि मौसम की स्थिति बिगड़ने पर सड़क मार्ग अवरुद्ध भी हो सकता है। अवरुद्ध सड़क मार्ग के कारण यदि आप कहीं फंस जाएँ तो भयभीत ना होयें। वहां से सुरक्षित निकलने में भारतीय सेना आपकी अवश्य सहायता करेगी। इसीलिए यदि आप प्रातः शीघ्र यात्रा आरम्भ करें तो इन प्राकृतिक आपदाओं से निपटने में आसानी होती है।

हमने प्रातः पांच बजे यात्रा आरम्भ की तथा अनवरत ४० किलोमीटर गाड़ी चलाते हुए हेमिस मठ पहुंचे। मठ के समक्ष सिन्धु नदी के तट पर बैठकर जलपान किया तथा आगे की यात्रा के लिए निकल पड़े।

यात्रा एवं पड़ाव

यदि आप लेह से आ रहे हैं तो पांगोंग त्सो तक की यात्रा में आपको कुछ आवश्यक पड़ाव लेने पड़ते हैं।

आप जैसे जैसे ऊपर चढ़ते जायेंगे, आपके समक्ष परिदृश्यों में तीव्र गति से परिवर्तन हो सकता है। कदाचित चारों ओर मानवीय उपस्थिति की किंचित मात्र भी झलक प्राप्त ना हो। चारों ओर केवल हिमाच्छादित बीहड़ पर्वत, अतिविरल हरियाली तथा स्वर्ग की ओर जाती प्रतीत होती सड़क।

आप समझ जाईये कि आप चांग ला दर्रे में प्रवेश कर रहे हैं!

चांग ला दर्रा: ऊँचा हिमालयी दर्रा

इस सड़क को विश्व का दूसरा सर्वोच्च वाहन योग्य मार्ग माना जाता है। ५३६० मीटर की ऊँचाई पर स्थित चांग ला सामान्यतः सरोवर तक की यात्रा का प्रथम पड़ाव होता है। दर्रे के शीर्ष पर चांग ला बाबा का मंदिर है। मंदिर की भित्तियों पर रंगबिरंगे ध्वज फहराए हुए हैं।

चांग ला दर्रा
चांग ला दर्रा

अत्यंत ऊँचाई पर स्थित होने के कारण चांग ला दर्रा आपके स्वास्थ्य की दृष्टी से महत्वपूर्ण है। यदि आपको तीव्र पर्वतीय अस्वस्थता (Acute mountain sickness, AMS) की आशंका है तो उसके लक्षण आपको यहाँ से दिखने आरम्भ हो जायेंगे।

परिदृश्य

चांग ला से तीव्र उतार आरम्भ हो जाता है। चांग ला से हमें आगे तीन घंटे की यात्रा करनी पड़ती है। घुमावदार सर्पिल मार्ग आपके समक्ष कुछ अद्वितीय एवं विलक्षण परिदृश्य प्रस्तुत करेंगे। दूर स्थित पर्वत सतह पर स्थानीय घुमंतू बंजारे अपने पालतू पशुओं को चराते हुए दिखने आरम्भ हो जायेंगे।

प्रकृति का आनंद लेते पर्यटक
प्रकृति का आनंद लेते पर्यटक

हिमनद से पिघलकर आती जलधाराएं धरती पर विरली हरियाली उत्पन्न करती दृष्टिगोचर होंगी जिन्हें चरने में व्यस्त याक पशु भी दिखाई देंगे। यहाँ के श्वान या कुत्ते भी भिन्न प्रतीत होते हैं। यहाँ की जलवायु के अनुकूल उनका शरीर बालों की मोती परत से ढंका होता है। ये हिमालयी कुत्ते भी आपको बर्फ की महीन सतह पर इधर-उधर विचरण करते व जल खोजते दिखाई पड़ेंगे।

और पढ़ें: शाकाहारियों के लिए लद्दाख यात्रा

सेना के कुछ कैम्पों में २४ घंटों की चाय की दुकानें हैं। वहां प्रसाधन गृह अथवा शौचालय भी उपलब्ध होते हैं। इस क्षेत्र में जल की उपलब्धि अत्यंत विरली होती है। अतः शौचालय का प्रयोग करते समय इसका स्मरण अवश्य रखें।

यह यात्रा लम्बी अवश्य है किन्तु ये हमारे नयनों के लिए अमृततुल्य है। हमारी कार के साथ दौड़ते जंगली गधे, घाटियों के मध्य से बहती एवं हमारे संग आँख-मिचौली का खेल खेलती कई छोटी छोटी नदियाँ हमें मंत्रमुग्ध कर रहे थे। एक ओर ग्रीष्म ऋतु में ये नदियाँ सूख जाती है तो वहीं शीत ऋतु के ठंडे वातावरण में इनकी उपरी सतह जम जाती है।

हिमालय वासी मर्मोट
हिमालय वासी मर्मोट – एक बड़ी गिलहरी 

कुछ क्षणों पश्चात हिमालयी मर्मोट आपका स्वागत करने के लिए आ जायेंगी। बड़े चूहे अथवा गिलहरी के समान दिखाई देते ये जीव इस क्षेत्र के मूल जीव हैं। अपनी आँखों में जिज्ञासा एवं भोलापन लिए इन जीवों को देख आपको अंटार्टिका का प्रथम सुप्रसिद्ध मानव-पेंगुइन भिडंत का स्मरण हो आएगा। ये जीव भूमि के भीतर निवास करते हैं। सम्पूर्ण क्षेत्र की भूमि के भीतर इन जीवों ने अनेक बिलों का परस्पर जुड़ा हुआ एक जाल बनाया हुआ है। अतः यहाँ चलते हुए अत्यंत सावधानी बरतें।

पांगोंग त्सो के तीन संकेत

अत्यंत सुन्दर पांगोंग सरोवर का प्रथम विहंगम दृश्य हमारे अस्तित्व को इस प्रकार झकझोर देता है कि उसे शब्दों में ढालना संभव नहीं है। सरोवर की नीलवर्ण जल सतह पर नीले आकाश का प्रतिबिम्ब अत्यंत मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करता है। सरोवर का नीला रंग इतना गहरा है कि वह आपके नयनों को सहज ही नहीं होने देता है!

किन्तु सरोवर क्षेत्र का प्रवेश स्थल आपको धरातल पर ले आता है। चित्रपट चित्रीकरण के लिए लोकप्रिय इस स्थान पर असंख्य पर्यटकों की उपस्थिति आँखों को खटकने लगती है। आपको ज्ञात ही होगा कि थ्री इडियट्स नामक लोकप्रिय चित्रपट के कुछ भागों का चित्रीकरण भी यहीं हुआ था। चित्रपट में दिखाए गए तीन रंगबिरंगे चौकियों की विशेष बैठक की स्मृति में यहाँ पर्यटकों के लिए उसका प्रतिरूप भी रखा हुआ है। इस अनछुए स्थल पर इतनी बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने का कारण भी वही चित्रपट है। यदि आपको यह दृश्य विचलित नहीं करता है तो आप सहर्ष यहाँ कुछ समय व्यतीत कर सकते हैं।

किन्तु हमें यहाँ एक क्षण भी ठहरना स्वीकार्य नहीं था। हम यहाँ से कुछ किलोमीटर आगे जाकर रुके। वहां का दृश्य अत्यंत मनोरम था। शांत, मनमोहक एवं पर्यटकों के कोलाहल से अछूता!

एक समय यह सरोवर प्रदूषण रहित माना जाता था। यह अपने स्वच्छ निर्मल जल के लिए जाना जाता था। किन्तु बड़ी संख्या में आते संवेदनहीन व दायित्वहीन पर्यटकों के कारण अब आप यहाँ-वहां प्लास्टिक कचरा देख सकते हैं।

यदि आप पर्यावरण प्रेमी हैं तथा आपको अपनी धरती माता की चिंता है तो आप यहाँ प्लास्टिक जैसा किसी भी प्रकार का अजैवनिघ्नीकरणीय कचरा ना डालें। उन्हें अपनी गाड़ी में ही एकत्र करें तथा लेह जाकर उपयुक्त स्थान में ही डालें। आपकी श्रद्धा हो तो आप यहाँ के कुछ प्लास्टिक कचरे को कम करने में भी सहायता कर सकते हैं।

पांगोंग त्सो दर्शन के लिए कुछ महत्वपूर्ण सूचनाएं:

  • पांगोंग सरोवर सड़क मार्ग द्वारा चांग ला दर्रा होते हुए पहुंचा जा सकता है जिसकी ऊँचाई ५३६० मीटर है। पांगोंग सरोवर भ्रमण ले लिए यहाँ तक पहुँचने का सर्वोत्तम उपाय है कि आप साझा टैक्सी करें ताकि अन्य यात्रियों के साथ व्यय भी साझा हो जाए तथा पर्यावरण पर भी अधिक दबाव ना पड़े। अनेक लेह-लद्दाख भ्रमण सेवायें उपलब्ध हैं जिनके द्वारा आप ऐसी साझा टैक्सी सेवा पूर्वनियोजित कर सकते हैं।
  • अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। यहाँ तीव्र पर्वतीय अस्वस्थता (Acute mountain sickness, AMS) होना सामान्य है। इससे आपके स्वास्थ्य पर हानिकारक प्रभाव पड़ सकता है जो तीव्र भी हो सकता है। हो सकता है दुर्गम मार्गों में आपको औषधिक सेवायें भी शीघ्र उपलब्ध ना हो पाए। यदि आपका स्वास्थ्य तीव्र गति से घटे तो मेरा सुझाव यही है कि आप वापिस लौट जाएँ। अपने साथ अपनी सभी औषधियां लेकर जाएँ।
  • आवश्यकनुसार ऊनी वस्त्र एवं परिधान ले जाएँ। जल एवं सूखे खाद्य पदार्थ साथ रखें। तीव्र पर्वतीय अस्वस्थता से बचाना है तो भ्रमण आरम्भ करने से पूर्व लेह में कम से कम दो दिवस केवल विश्राम करें तथा स्वयं को ऊँचाई की जलवायु से अभ्यस्त करें।
  • लद्दाख एक शीत मरुस्थल है। दिन के समय सूर्य की तीखी किरणें आपकी त्वचा को झुलसा सकती हैं। आप देखेंगे कि यहाँ की लद्दाखी स्त्रियों के मुखड़े लालवर्ण के हो जाते हैं। उसका कारण ये तीव्र सूर्य की किरणें ही हैं। निचले अथवा मैदानी क्षेत्रों में रहने के कारण हमारी त्वचा ऐसे तीखे वातावरण को सहन करने के लिए अभ्यस्त नहीं होती है तथा उस पर गंभीर दुष्परिणाम हो सकते हैं। अतः अपनी त्वचा की रक्षा करने के लिए आवश्यक सूर्य प्रतिरोधक प्रसाधनों का प्रयोग करें तथा स्वयं को ढँक कर रखें।
  • वापिस लौटते समय अपने भ्रमण के किसी भी प्रकार के चिन्ह वहाँ ना छोड़ें। अपना सभी प्रकार का प्लास्टिक का कचरा अपने साथ वापिस लायें। अन्यथा यहाँ की सुकोमल भौगोलिक अवस्थिति अतिसंवेदनशील होकर पारिस्थितिक असुंतलन की भेंट चढ़ जायेगी।
  • सरोवर के जल में जाने अथवा तैरने की अनुमति नहीं है।

यह संस्करण मधुरिमा चक्रवर्ती ने लिखा है जिन्होंने लद्दाख के नरोपा उत्सव में इंडीटेल्स का प्रतिनिधित्व किया था।

अनुवाद: मधुमिता ताम्हणे

The post पांगोंग त्सो सरोवर – लद्दाख का प्रसिद्द पर्यटक स्थल appeared first on Inditales.

]]>
https://inditales.com/hindi/pangong-tso-laddakh-paryatak-sthal/feed/ 0 3179
कुल्लू की तीर्थन घाटी – हिमाचल प्रदेश का रमणीय पर्यटन गंतव्य https://inditales.com/hindi/tirthan-ghati-kullu-paryatak-sthal/ https://inditales.com/hindi/tirthan-ghati-kullu-paryatak-sthal/#respond Wed, 26 Jul 2023 02:30:45 +0000 https://inditales.com/hindi/?p=3122

हिमाचल प्रदेश भारत के सर्वाधिक रम्य, शांत, सौंदर्य से ओतप्रोत तथा पर्यटन के अनुकूल राज्यों में से एक है। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्वतीय क्षेत्रों में प्रायः बारह मास पर्यटकों का तांता लगा रहता है, जिन में प्रमुख हैं, मनाली, शिमला एवं धर्मशाला इत्यादि। पर्यटन में वृद्धि के फलस्वरूप इन प्रसिद्ध गंतव्यों में पर्यटकों की […]

The post कुल्लू की तीर्थन घाटी – हिमाचल प्रदेश का रमणीय पर्यटन गंतव्य appeared first on Inditales.

]]>

हिमाचल प्रदेश भारत के सर्वाधिक रम्य, शांत, सौंदर्य से ओतप्रोत तथा पर्यटन के अनुकूल राज्यों में से एक है। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्वतीय क्षेत्रों में प्रायः बारह मास पर्यटकों का तांता लगा रहता है, जिन में प्रमुख हैं, मनाली, शिमला एवं धर्मशाला इत्यादि। पर्यटन में वृद्धि के फलस्वरूप इन प्रसिद्ध गंतव्यों में पर्यटकों की भारी भीड़ होने लगी है। अतः पर्यटक अब अपारंपरिक गंतव्यों की खोज करने लगे हैं।

हिमाचल प्रदेश में ऐसे अनेक मनोरम स्थल हैं जो अब तक अछूते हैं। ये स्थल कम भीड़भाड़ भरे हैं। अधिक शांत एवं रम्य हैं। यहाँ हमें प्रकृति के सानिध्य में शांत वातावरण का आनंद उठाने का उत्तम अवसर प्राप्त हो सकता है। ऐसा ही एक स्थल है, तीर्थन घाटी। यह अत्यंत सुरम्य, शांत, एकाकी तथा प्रकृति के सौंदर्य से ओतप्रोत स्थल है। शांति की खोज में आये पर्यटकों के लिए तीर्थन घाटी हिमाचल प्रदेश के लोकप्रिय अपारंपरिक पर्यटन स्थल के रूप में उभर  रहा है।

तीर्थन घाटी में भ्रमण

तीर्थन घाटी पर्वतारोहण, पैदल यात्रा, चट्टानों की चढ़ाई, नदी पार करना, मछली पकड़ना जैसे रोमांचक क्रियाकलापों के लिए उत्तम स्थल है। यह कुल्लू जिले में स्थित है। हिमालयीन क्षेत्र के अनेक अन्य घाटियों के अनुरूप, इस स्थान का नाम यहाँ से बहती प्रमुख नदी तीर्थन से लिया गया है।

तीर्थन घाटी की अवस्थिति एवं यहाँ तक कैसे पहुंचे?

तीर्थन घाटी कुल्लू से लगभग ५० किलोमीटर तथा मंडी से लगभग ७० किलोमीटर दूर स्थित है। दिल्ली/चंडीगढ़ की ओर से यहाँ तक पहुँचने के लिए दो प्रमुख मार्ग हैं। एक है, चंडीगढ़-मनाली महामार्ग से होते हुए औट गाँव तक। वहां से कुल्लू व मनाली की ओर जाती औट सुरंग में प्रवेश ना करते हुए, आप सीधे राष्ट्रीय महामार्ग ३०३ पर जाएँ जो आपको तीर्थन घाटी ले जायेगी। यह मार्ग वर्ष भर खुला रहता है।

तीर्थन घाटी - हिमाचल प्रदेश
तीर्थान घाटी का परिदृश्य

दूसरा मार्ग है, भारत-तिब्बत महामार्ग अथवा राष्ट्रीय महामार्ग ५, जो शिमला से किन्नौर की ओर जाती है। नरकंडा पहुँचते ही महामार्ग छोड़कर जलोड़ी दर्रे की ओर जाएँ। इस दर्रे को पार करते ही आप तीर्थन घाटी पहुँच जायेंगे। जलोड़ी दर्रे में भारी हिमपात के चलते यह मार्ग दिसंबर से मार्च मास के मध्य तक बंद रहता है।

आप अपने निजी वाहनों द्वारा भी यहाँ आसानी से पहुँच सकते हैं। सड़कें सुगम एवं उत्तम हैं। विकास कार्यों से संबंधित कुछ बाधाओं को छोड़ शेष यात्रा सुखद व सुगम्य है।

अवश्य पढ़ें: शिमला व मनाली में हिमाचल की सर्वोत्तम स्मृतियों की खरीददारी

तीर्थन घाटी पहुँचने के लिए आप सार्वजनिक परिवहन का भी प्रयोग कर सकते हैं। हिमाचल राज्य परिवहन निगम की बसें घाटी के सभी मुख्य मार्गों पर गतिशील हैं। घाटी का मुख्य नगर, बंजार, राज्य के सभी प्रमुख नगरों से बस सेवा द्वारा जुड़ा हुआ है। आप कुल्लू बस स्थानक से भी बस सेवा ले सकते हैं। कुल्लू से बसों की संख्या उत्तम है जो नियमित अंतराल पर उपलब्ध हैं। दिल्ली अथवा चंडीगढ़ से आने वाले पर्यटक अधिकतर कुल्लू/मनाली की ओर जाने वाली बस सेवा लेकर औट सुरंग तक पहुँचते हैं। सुरंग से पूर्व वे दूसरी बस लेकर तीर्थन घाटी पहुँचते हैं। आप कुल्लू बस स्थानक से टैक्सी भी किराये पर ले सकते हैं। टैक्सी शुल्क साधारणतः वातावरण के अनुसार परिवर्तित होता रहता है।

तीर्थन घाटी में भ्रमण का सर्वोत्तम समय

आप तीर्थन घाटी का भ्रमण वर्ष में किसी भी समय कर सकते हैं। मैदानी क्षेत्रों एवं देश के अन्य भागों की उष्ण लहर से बचने के लिए ग्रीष्म ऋतु सर्वोत्तम है। यदि आपको हिमाच्छादित परिवेश में आनंद आता हो तो आप दिसंबर से मार्च के मध्य अपनी यात्रा नियोजित कर सकते हैं।

संभव हो तो जुलाई से सितम्बर तक का समय टालें। भारी वर्षा एवं कीचड के कारण आपके भ्रमण में बाधा उत्पन्न हो सकती है। मार्ग फिसलन भरे हो जाते हैं। पहाड़ियों की सतहें असुरक्षित हो जाती हैं। भूस्खलन की संभावना बनी रहती है। इसके कारण पैदल यात्रा एवं पर्वतारोहण में बाधा व संकट उत्पन्न हो सकते हैं।

अवश्य पढ़ें: हिडिंबा देवी मंदिर – मनाली के डूंगरी वन विहार की अधिष्टात्री देवी

तीर्थन घाटी के दर्शनीय स्थल

ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क

ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क की स्थापना सन् १९८४ में हुई थी। यह राष्ट्रीय उद्यान सम्पूर्ण कुल्लू जिले में फैला हुआ है। इसकी ऊँचाई समुद्र तट से २००० से ६५०० मीटर के मध्य परिवर्तित होती रहती है। यह राष्ट्रीय उद्यान तीर्थन घाटी से पार्वती घाटी तक के समूचे क्षेत्र को अपने आँचल में समेटे हुए है। तीर्थन घाटी की ओर से आयें तो गुशैनी एवं बंजार होते हुए यहाँ पहुँच सकते हैं।

इस उद्यान में हिमालयी भालू, हिम तेंदुआ तथा भरल अथवा नीली भेड़ जैसे अनेक लुप्तप्राय प्रजातियों का बसेरा है। इन दुर्लभ प्रजातियों के दर्शन करने के लिए आपको मनमोहक वनों में पैदल चलते हुए इन्हें खोजना होगा। इनकी खोज व दर्शन के लिए वनों में अनेक पगडंडियाँ नियत की गयी हैं, विशेषतः गुशैनी से अनेक मार्ग हैं। किन्तु किसी गाइड को अवश्य साथ ले जाएँ ताकि घने वनों में आप मार्ग से ना भटकें, वनीय पशु से कोई संकट उत्पन्न ना हो, साथ ही वृक्षों एवं प्राणियों के विषय में वह आपको आवश्यक जानकारी भी दे सके।

छोई झरना

छोई झरना इस घाटी का सर्वाधिक लोकप्रिय जलप्रपात है। यहाँ तक पहुँचने के लिए गुशैनी से लगभग ३० मिनट की छोटी सी चढ़ाई है। इस झरने में शीतकाल की अपेक्षा, ग्रीष्म ऋतु एवं वर्षा ऋतु में अधिक जल रहता है।

चैहणी कोठी

चैहणी गाँव बंजार के ऊपरी क्षेत्रों में बसा एक गाँव है। वहां तक पहुँचने के लिए बंजार को पार कर जीभी घाटी की ओर जाना पड़ता है। यह गाँव अटारी जैसी ऊंची संरचनाओं के लिए लोकप्रिय है। यह किन्नौर के कामरू एवं कल्पा दुर्ग जैसे गढ़ों के अनुरूप हैं। किन्तु चैहणी की कोठी उससे भी ऊंची है। एक प्रकार से यह हिमाचल प्रदेश की सर्वाधिक ऊंची पारंपरिक संरचना है। एक काल में यह वर्तमान संरचना से भी ऊंची थी किन्तु २०वीं सदी के आरम्भ में आये भूकंप में इसका कुछ भाग भंगित हो गया था। जिसके कारण नौ तलों की संरचना के ऊपरी दो तलों को सुरक्षा की दृष्टी से निकाल दिया था।

चैहणी कोठी
चैहणी कोठी

इसके परिसर में एक कृष्ण मंदिर है जिसकी वास्तु शैली भी मूल संरचना के पारंपरिक वास्तु शैली के अनुरूप है। चैहणी कोठी तक केवल पैदल ही पहुंचा जा सकता है। यह चढ़ाई ऊंची एवं कठिन है। कोठी तक पहुँचने में एक घंटे का समय लग जाता है। वर्षा के उपरान्त यह चढ़ाई अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाती है। यह चढ़ाई बंजार के श्रृंगी ऋषि मंदिर से आरम्भ होती है।

अवश्य पढ़ें: कुल्लू मनाली की रहस्यमयी पार्वती घाटी एवं मणिकरण साहेब

श्रृंगी ऋषि मंदिर

यह बंजार के अधिष्ठात्र देव का मंदिर है। यह मंदिर लकड़ी से निर्मित है। यह मंदिर बंजार से ३ किलोमीटर दूर, जीभी मार्ग पर स्थित है। जहां मंदिर का सूचना फलक है, वहां से १५ मिनट पैदल चलकर यहाँ पहुंचा जा सकता है।

ऋषि श्रृंगी मंदिर
ऋषि श्रृंगी मंदिर

इस मंदिर में भगवान श्रीराम की बहन शांता की पूजा होती है। इस मंदिर में देवी शांता के साथ उनके पति शृंग ऋषि भी विराजमान हैं।

जीभी झरना

जीभी जैव विविधता से परिपूर्ण, हरेभरे वनों एवं पहाड़ों से घिरा एक लोकप्रिय पर्यटन क्षेत्र है। जीभी का झरना पर्यटकों में विशेष आकर्षण का स्थल है। यह झरना तीर्थन नदी की एक सहायक नदी द्वारा पोषित है।

जीभी झरना
जीभी झरना

यहाँ तक पहुँचने के लिए सड़क मार्ग है। झरने के आसपास के क्षेत्र को स्थानीय शासन ने सुन्दरता से सज्जित किया है। लकड़ी के अनेक पुल बनाए गए हैं जो परिदृश्यों की रम्यता को द्विगुणीत करते हैं। चारों ओर शिलाखंडों का प्रयोग कर पक्की पगडंडियाँ बनाई गयी हैं।

जलोड़ी दर्रा

जलोड़ी दर्रा ऊंचाई पर स्थित एक दर्रा है जो कुल्लू को शिमला से जोड़ता है। यह जीभी से लगभग १६ किलोमीटर दूर स्थित है। दर्रे पर पहुँचते ही आप एक मंदिर देखेंगे जो जलोड़ी माता मंदिर है। इसे जलोड़ी जोत भी कहते हैं। इस दर्रे को इसी मंदिर के नाम पर जलोड़ी दर्रा कहते हैं। यह दर्रा समुद्र सतह से लगभग ३१२० मीटर ऊँचाई पर स्थित है।

हिमाच्छादित जालोरी माता मंदिर
हिमाच्छादित जालोरी माता मंदिर

ग्रीष्म ऋतु में जलोड़ी दर्रे से रघुपुर दुर्ग तथा सिरोलसर झील के लिए चढ़ाई आरम्भ की जाती है। किन्तु शीत ऋतु में ये चढ़ाई भारी हिमपात के कारण बंद कर दी जाती है। ग्रीष्म ऋतु में गाड़ियां दर्रे तक आसानी से पहुँचती हैं किन्तु शीत ऋतु में गाड़ियां केवल शोजा तक ही जा सकती हैं, जो जलोड़ी दर्रे से ५ किलोमीटर पूर्व स्थित एक छोटा सा कस्बा है। यहाँ से बर्फ पर पैदल चलकर जलोड़ी दर्रे तक पहुँच सकते हैं।

जालोरी दर्रे की हिमाच्छादित ढलानें
जालोरी दर्रे की हिमाच्छादित ढलानें

जलोड़ी दर्रा स्कीइंग में रूचि रखने वाले पर्यटकों के लिए उत्तम गंतव्य है। इसकी हिमाच्छादित ढलानें प्रारंभिक एवं मध्यम स्तरीय खिलाडियों के लिए सुगम्य हैं।

अवश्य पढ़ें: नग्गर – कुल्लू मनाली के इतिहास, कला एवं प्रकृति का आनंद लें

रघुपुर दुर्ग एवं सिरोलसर झील

जलोड़ी दर्रे से ३ किलोमीटर दूर स्थित रघुपुर दुर्ग समुद्र सतह से लगभग ३४५० मीटर ऊँचाई पर स्थित है तथा शोज नगर का एकमात्र ऐतिहासिक स्थान है। ग्रीष्म ऋतु में यहाँ पहुँचने के लिए जलोड़ी दर्रे से लगभग डेढ़ घंटे की चढ़ाई करनी पड़ती है। अब दुर्ग के कुछ अवशेष मात्र शेष रह गए हैं। यहाँ से चारों दिशाओं में हिमाच्छादित हिमालय का अप्रतिम दृश्य दिखाई देता है।

सिरोलसर झील ऊंचाई पर स्थित एक सुन्दर झील है। ग्रीष्म ऋतु में आप जलोड़ी दर्रे से वनमार्ग द्वारा चढ़ाई करते हुए यहाँ पहुँच सकते हैं। समीप ही स्थानीय देवी बूढ़ी नागिन को समर्पित एक मंदिर है। इस झील को भी पवित्र माना जाता है। सर्पों की देवी बूढ़ी नागिन को इस क्षेत्र की संरक्षक कहा जाता है।

तीर्थन घाटी में ठहरने की व्यवस्था

गुशैनी

गुशैनी तीर्थन नदी के तट पर स्थित एक छोटा व सुन्दर गाँव है। यदि आप औट की ओर से तीर्थन घाटी आ रहे हैं तो गुशैनी प्रथम प्रमुख स्थान है जहां आप ठहर सकते हैं। मुख्य महामार्ग से ५ किलोमीटर का विमार्ग लेते हुए यहाँ पहुंचा जा सकता है। गाँव में लकड़ी के सुन्दर आवास हैं। सम्पूर्ण परिसर अत्यंत मनमोहक है। ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क जाने के लिए पैदल यात्रा यहीं से आरम्भ की जाती है। यहाँ तीर्थन नदी एवं फ्लाचन नदी का संगम है।

बंजार

बंजार तीर्थन घाटी का सबसे बड़ा नगर है। हिमाचल के इस क्षेत्र में आये अधिकाँश पर्यटक यहीं ठहरते हैं। तीर्थन घाटी के मध्य में स्थित होने के कारण यहाँ से तीर्थन घाटी के सभी पर्यटन स्थलों तक पहुंचा जा सकता है। यहाँ होटल, तम्बू स्थल तथा होमस्टे के अनेक विकल्प उपलब्ध हैं।

जीभी

तीर्थन घाटी का सर्वाधिक सुन्दर नगर जीभी है। तीर्थन नदी के तट पर बसा यह नगर पारंपरिक वृक्षगृह आवास के लिए जाना जाता है। लकड़ी के पारंपरिक आवासों का स्थान अब अनेक आधुनिक आवासों ने ले लिया है। उनके मध्य आप कुछ प्राचीन घर अब भी देख सकते हैं तथा नाममात्र मूल्य देकर उनमें रह भी सकते हैं।

जीभी तम्बू स्थल तथा साहसिक क्रियाकलापों के लिए भी प्रसिद्ध है। उनमें नदी पार करना, चट्टानों की चढ़ाई करना इत्यादि प्रमुख हैं। आप नदी के तट पर शान्ति से बैठकर प्रकृति का आनंद उठा सकते हैं अथवा नदी के बर्फीले जल में अपने पैर डुबोने का रोमांच भी ले सकते हैं। जलोड़ी दर्रा जीभी से केवल १५ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

जीभी में ठहरने के लिए तीन प्रमुख विकल्प हैं। इनके अतिरिक्त शोजा तथा सई रोपा गाँवों में भी आश्रय लिया जा सकता है। सई रोपा एवं शोजा के वन-विश्राम गृहों की अवस्थिति प्राकृतिक सौन्दर्य का आनंद उठाने के लिए सर्वाधिक उपयुक्त है। यहाँ से आसपास के परिदृश्यों का अप्रतिम दृश्य दिखाई देता है। यहाँ ठहरने के लिए पूर्व सूचना देकर आरक्षण करना आवश्यक है क्योंकि प्रायः यह पूर्व आरक्षित होने के कारण उपलब्ध नहीं रहते हैं। तीर्थन घाटी के विश्राम गृहों में आवास शुल्क अधिक नहीं है। १५०० रुपये प्रतिदिन से कम लागत में आपको अच्छे आवास-कक्ष मिल जायेंगे। विभिन्न इन्टरनेट संकेत स्थलों द्वारा भी आप इन स्थानों पर पूर्व आरक्षण प्राप्त कर सकते हैं।

अवश्य पढ़ें: शिमला के वाइसरीगल लॉज से राष्ट्रपति निवास की यात्रा

उपयोगी यात्रा सुझाव

  • लम्बी दूरी तक पैदल चलने की पूर्ण रूप से तैयारी आवश्यक है। तीर्थन घाटी के अधिकतर पर्यटन स्थलों तक जाने के लिए छोटी चढ़ाई करनी ही पड़ती है। अतः मूलभूत स्वास्थ्य अपरिहार्य है।
  • उपलब्ध भोजन सादा तथा स्वादिष्ट है। सिड्डू जैसे स्थानीय व्यंजन चखना चाहे तो कुछ चुने भोजनालयों में पूर्व सूचना देने पर वे उपलब्ध किये जाते हैं।
  • पैदल यात्रा अथवा चढ़ाई करते समय अच्छी पकड़ वाले जूते पहनें। कुछ चढ़ाई कठिन व फिसलन भरी हो सकती हैं।
  • नदी के तट पर पूर्ण सतर्कता का पालन करें। तट पर विशाल शिलाएं प्रायः फिसलन भरी हो सकती हैं। बिना सोचे-समझे जोखिम उठाना किसी भी समय घातक व प्राणांतिक सिद्ध हो सकता है।
  • धूप के चश्मे तथा टोपियाँ साथ रखें। बर्फ की उपस्थिति में ये अधिक आवश्यक हो जाते हैं क्योकि बर्फ में सूर्य की परावर्तित किरणों से आँखें चुंधिया जाती हैं तथा चेहरे की त्वचा जल जाती है।
  • दोपहर के समय आप पक्षी दर्शन के लिए जा सकते हैं।
  • वनीय क्षेत्र में पैदल यात्रा अथवा चढ़ाई के लिए स्थानीय गाइड साथ रखना आपकी अपनी सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। यहाँ के वनों में भटक जाने की घटनाएँ कई पर्यटकों के साथ घट चुकी हैं।
  • सूर्योदय से पूर्व अथवा सूर्यास्त के पश्चात किसी भी प्रकार की यात्रा को टालें। उस समय घातक वन्य प्राणियों से साक्षात्कार का संकट रहता है। तेंदुए, हिमालयीन भालू इत्यादि बस्तियों के निकट आ जाते हैं। मवेशियों एवं लोगों पर हमले की घटनाएँ भी हो चुकी हैं।
  • यदि आप यहाँ शीत ऋतु में आते हैं तो अपने साथ बर्फ में उपयोगी बूट अवश्य रखें। अन्यथा बर्फ में चलना कठिन होगा।

यह IndiTales Internship Program के अंतर्गत, तेजस कपूर द्वारा प्रदत्त एक अतिथि संस्करण है।

अनुवाद: मधुमिता ताम्हणे

The post कुल्लू की तीर्थन घाटी – हिमाचल प्रदेश का रमणीय पर्यटन गंतव्य appeared first on Inditales.

]]>
https://inditales.com/hindi/tirthan-ghati-kullu-paryatak-sthal/feed/ 0 3122
कल्पा का किन्नर कैलाश – यहां सृष्टि भी स्तब्ध हो जाए https://inditales.com/hindi/kinner-kailash-parvat-kalpa-himachal/ https://inditales.com/hindi/kinner-kailash-parvat-kalpa-himachal/#comments Wed, 09 Nov 2022 02:30:07 +0000 https://inditales.com/hindi/?p=2857

हिमाचल में सेबों की घाटी में रहते हुए अब हमें कुछ दिन हो चुके थे। अपने चारों ओर सेबों से लदे वृक्षों को देखने में हम अभ्यस्त हो गए थे। हिमाच्छादित पर्वत शिखरों से घिरे रहने में आनंद आने लगा था। घाटियों के बीच ये पर्वत मालाएं मानो हमें कम्बल ओढाकर हमें बाहरी वातावरण से […]

The post कल्पा का किन्नर कैलाश – यहां सृष्टि भी स्तब्ध हो जाए appeared first on Inditales.

]]>

हिमाचल में सेबों की घाटी में रहते हुए अब हमें कुछ दिन हो चुके थे। अपने चारों ओर सेबों से लदे वृक्षों को देखने में हम अभ्यस्त हो गए थे। हिमाच्छादित पर्वत शिखरों से घिरे रहने में आनंद आने लगा था। घाटियों के बीच ये पर्वत मालाएं मानो हमें कम्बल ओढाकर हमें बाहरी वातावरण से बचा रही हों।

किन्नर कैलाश पर्वत इन सब ने मेरे हृदय एवं मन मस्तिष्क में ऐसी छाप छोड़ी कि मैं जब भी पर्वतों को देखती हूँ, अपने ही अंतर्मन में खोने लग जाती हूँ। इन पर्वतों ने मुझसे मेरा परिचय कुछ इस प्रकार कराया जिस प्रकार अब तक किसी स्थान अथवा वस्तु ने नहीं कराया था। वैसे भी, हिमालयों को सदा से ही आध्यात्मिकता से जोड़ा जाता रहा है। मेरे अद्वितीय अनुभव से एकरूप होने के लिए आप भी अपनी आगामी यात्रा शीघ्रातिशीघ्र नियोजित कीजिये एवं कल्पा के किन्नर कैलाश में आ जाइए।

हिमाचल प्रदेश में कल्पा के दर्शनीय स्थल

अनेक लोगों का यह स्वप्न होता है कि अपने जीवन के कुछ दिन यहाँ अवश्य बिताएं। मेरा यह संस्मरण पढ़कर आप भी उन में सम्मिलित हुए बिना नहीं रह पायेंगे। मैं जब भी यहाँ की सर्वव्यापी हरी टोपियाँ धारण किये किन्नौर वासियों को देखती हूँ तो मेरे मस्तिष्क में एक ही विचार कौंधता है। ‘ये किन्नौरी कितने भाग्यशाली हैं!’ इसमें तनिक भी अचरज नहीं कि इस भूमि को देव भूमि कहा जाता है। किन्नौर वासियों को देखकर भी ऐसा ही प्रतीत होता है कि वे साधारण मानवों से कुछ अधिक हैं तथा दैवी अस्तित्व के निकट हैं। उनके सादे मुखड़े पर उपस्थित अबोध निश्छल हंसी इसी का प्रमाण है। यही देखने के लिए आईये किन्नर कैलाश चलते हैं।

कल्पा से किन्नर कैलाश पर्वत श्रंखला का परिदृश्य
कल्पा से किन्नर कैलाश पर्वत श्रंखला का परिदृश्य

कल्पा पहुँचने के लिए हमारा वाहन सतलज नदी के किनारे से आगे बढ़ रहा था। मुझे स्मरण नहीं कि मैंने इससे पूर्व किसी नदी का इतना रौद्र रूप देखा होगा जो मैंने इस घाटी में सतलज का देखा। सतलज नदी के इसी शक्तिशाली बहाव को देखते हुए इस पर अनेक प्रमुख बिजली उत्पादन संयंत्र नियोजित किये गए हैं। सतलज नदी के कोलाहल के समक्ष आसपास के सभी ध्वनि एवं शोरगुल लगभग शांत प्रतीत हो रहे थे। कल्पा तक पहुँचने के लिए आपको रेकोंग पेओ को पार करना पड़ता है जो किन्नौर का जिला मुख्यालय तो है ही, साथ ही एक छोटा किन्तु जीवंत गाँव है। हमें बताया गया कि यह सूखे मेवों एवं किन्नौरी शाल क्रय का सर्वोत्तम स्थान है।

और पढ़िए – चंद्रताल – लाहौल स्पीति की मनमोहक नीली झील

किन्नर कैलाश

१३ किलोमीटर की तीव्र चढ़ाई चढ़ने के पश्चात् हमारी गाड़ी हिमाचल के एक ठेठ गाँव, कल्पा पहुंची। कल्पा हिमालय के किन्नर कैलाश पर्वतमाला के अप्रतिम परिदृश्यों के लिए प्रसिद्ध है, विशेषतः शिवलिंग के समान दिखाई देने वाले किन्नर कैलाश के लिए, जिसका रंग सूर्य की किरणों के कारण दिवस भर परिवर्तित होता रहता है। आरम्भ में कल्पा को चीनी कहा जाता था। यदि आप स्थानीय वार्तालापों को ध्यान से सुनेंगे तो आप जानेंगे कि स्थानिक इसे अब भी चीनी कहते हैं।

किन्नर कैलाश की त्रिकोणीय शिखाएं
किन्नर कैलाश की त्रिकोणीय शिखाएं

१९६२ के भारत-चीन युद्ध के पश्चात इसका नाम परिवर्तित कर कल्पा रखा गया था क्योंकि इस नाम से चीन के निवासियों को भी पुकारा जाता था। कल्पा हिन्दू एवं बौद्ध संस्कृतियों का विशिष्ठ सम्मिश्रण है। शिमला की ओर के क्षेत्रों में हिन्दू धर्म की प्रधानता है, वहीं स्पीति की ओर बौद्ध धर्म का प्राधान्यता से पालन किया जाता है। मध्य में होने के कारण कल्पा में दोनों धर्मों का सम्मिश्रण दृष्टिगोचर होता है।

हिमालय का किन्नर कैलाश पर्वतमाला

कल्पा में हम शाम्बा ला होटल में ठहरे थे। होटल में हमारे कक्ष के छज्जे से सम्पूर्ण किन्नर कैलाश पर्वतमाला के हमें सीधे दर्शन हो रहे थे। हम वहां जिस दिन थे, मेघों ने भी उसी दिन कल्पा के दर्शन की योजना बनाई थी। मेघों एवं पर्वत शिखरों के मध्य अठखेलियों के हम प्रत्यक्षदर्शी थे। जब भी कुछ क्षणों के लिए मेघों के झुण्ड विरले होकर हमें सूर्य की किरणों अथवा पर्वत शिखरों का दर्शन करा देते, हम आनंद से झूम उठते थे। संध्या का अधिकतम समय हमने मेघों एवं पर्वतों के मध्य आंखमिचौली के खेल का आनंद लेने में व्यतीत कर दिया। साथ में गर्म चाय भी थी जो प्रथम चुस्की तक भी गर्म नहीं रह पा रही थी।

मेघों से घिरी पर्वत शिखाएं
मेघों से घिरी पर्वत शिखाएं

यहाँ के पर्वत शिखरों की एक अनूठी विशेषता ने मेरा ध्यान खींचा। सभी पर्वत शिखरों की चोटियां तीखी त्रिकोणीय थीं। ठीक उसी प्रकार जैसे पाठशालाओं में विद्यार्थी अपनी पेंसिल को छीलकर नुकीला करते हैं। एक अथवा दो नहीं, अपितु सभी शिखरों की चोटियाँ मानो समभुज त्रिकोण थीं। उन पर्वत मालाओं से बहती हिमनदियां गहरे धूसर रंग के पर्वतों पर श्वेत शिराओं सी प्रतीत हो रही थीं।

और पढ़िए – नाको हिमाचल प्रदेश – एक पवित्र झील और प्राचीन मठ

सूर्य प्रकाश विलुप्त होते तक हम उन शिखरों को निहारते रहे। जब कुछ भी देख पाना दूभर हो गया, हम मन मसोसकर विश्रामगृह के पुस्तकालय में चले गए। गर्म गर्म सूप की चुस्कियां लेते लेते हम विश्रामगृह के युवा स्वामी, पृथ्वी नेगी से बतियाने लगे। वहां के पुस्तकालय ने मुझे अत्यंत प्रभावित किया। हमारे चारों ओर पुस्तकों की भरमार, पृष्ठभूमि में बजता भक्ति संगीत तथा समक्ष बैठे नेगीजी के मुख से निकलती इस कस्बे की कथाएं। उन्होंने हमें लार्ड डलहौसी के बंगले के विषय में बताया जहां उनकी रोगग्रस्त पत्नी ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया था। हमने उन तिब्बती प्रवासियों के विषय में जाना जो दलाई लामा के साथ भारत आये तथा यहीं बस गए। उन्ही तिब्बतियों ने यहाँ बौद्ध प्रार्थनास्थलों का निर्माण किया, स्थानिकों से विवाह किया तथा लगभग दो जीवन चक्रों में यहाँ की मुख्य धारा से एकरूप हो गए।

‘सुईसाइड’ स्थल

प्रातः पृथ्वी जी मुझे कल्पा के दर्शन के लिए ले गए। सर्वप्रथम वे मुझे एक लोकप्रिय अवलोकन स्थल ले गए जिसे ‘सुईसाइड’ स्थल भी कहते हैं। मेरे समक्ष ९० अंश तीव्र गहरी खाई थी जो किसी को भी तुरंत मुक्ति दिला सकती थी। सौभाग्य से अब तक उस स्थान ने किसी के भी प्राण नहीं लिए हैं। ना ही किसी ने यहाँ आत्महत्या करने का प्रयास किया है। कदाचित खाई की तीव्र गहराई के कारण उसका यह नामकरण हुआ है। अथवा किसी भी अन्य पर्वतीय पर्यटन स्थल की परिपाटी का यहाँ भी पालन किया जा रहा है जिसके अंतर्गत साधारणतः प्रत्येक पर्वतीय पर्यटन क्षेत्र पर एक आत्महत्या स्थल, एक सूर्यास्त दर्शन स्थल तथा एक प्रेमी-प्रेमिका स्थल होते हैं। कुछ भी हो, वह स्थान अत्यंत भयावह था। जब पृथ्वीजी ने मुझे उसके समीप जाकर खड़े होने के लिए कहा ताकि वह मेरा चित्र ले सके, मेरा कलेजा मुंह को आ गया तथा हृदय धौंकनी के समान धड़कने लगा। ऐसे चित्र की मुझे तनिक भी आस नहीं रहेगी।

सुसाइड पॉइंट का परिदृश्य
सुसाइड पॉइंट का परिदृश्य

यह स्थान कितना भी भयावह क्यों ना हो, किन्तु यहाँ से चारों ओर का परिदृश्य अप्रतिम प्रतीत होता है। सम्पूर्ण घाटी में खड़ी चट्टानों के किनारों पर अकस्मात् ही गाँव दृष्टिगोचर हो जाते हैं। परिदृश्यों को भेदते वे अचानक ही किसी कुकुरमुत्ते के समान प्रकट होते हैं जो इस परिदृश्य का भाग होते हुए भी मुख्य धारा से कटे हुए प्रतीत होते हैं। उन्हें देख ऐसा प्रतीत होता है कि उन तक पहुँचने का कोई मार्ग होगा भी? मुझे बताया गया कि यहाँ के अधिकाँश गाँव किसी ना किसी जल स्त्रोत के समीप बसे हुए हैं जो उन्हें लगभग आत्मनिर्भर बनाते हैं। फिर भी, मेरा अनुमान है कि मार्ग तो अवश्य ही होगा।

बौद्ध प्रार्थना स्थल

कल्पा का बौद्ध मंदिर
कल्पा का बौद्ध मंदिर

इसके पश्चात पृथ्विजी मुझे उनके पिता द्वारा निर्मित एक बौद्ध मंदिर में ले गए जो कल्पा कस्बे के मध्य स्थित है। इस मंदिर से व्यक्तिगत रूप से जुड़े होने के कारण मुझे उनके मध्य एक भावनात्मक उर्जा का आभास हुआ। प्रांगण में स्थित बौद्ध स्मारक अथवा चोरटेन को अनदेखा करें तो यह बौद्ध मंदिर हिमाचल के किसी भी अन्य मंदिर के समान प्रतीत होता है। मंदिर के समीप ही एक प्राथमिक पाठशाला है जिसकी विशेषता यह है कि यह पाठशाला भारत का सर्वप्रथम मतदान केंद्र है। इसी स्थान पर भारत के सर्वप्रथम मतदाता श्री श्याम सरन नेगी ने मतदान किया था। उस समय से पिछले चुनावों तक, प्रत्येक चुनाव में उनके अनवरत मतदान को चुनाव कार्यालय चाय व समोसे बाँटते हुए एक उत्सव के रूप में मनाती है।

नाग नागिन मंदिर

कल्पा कस्बे में एक नाग-नागिन मंदिर है जो इस नगरी के हृदयस्थल पर विराजमान है। पाषाण व काष्ठ में निर्मित इस मंदिर में अनेक प्रकार के सर्प उत्कीर्णित हैं जिनमें अधिकतर सर्प स्तंभों पर कुण्डली मारे हुए हैं। मंदिर का उत्कीर्णित स्वर्णिम द्वार अत्यंत भव्य है जो उसके पाषाणी संरचना में सूर्य के समान दमकता है। यद्यपि मंदिर से चारों ओर का सुन्दर दृश्य दिखाई पड़ता है तथापि, जैसा कि मैंने पूर्व में भी कहा है, जिस दिन मैं यहाँ थी, उसी दिन मेघों को भी इस स्थान के दर्शन की सूझी थी।

नाग नागिनी मंदिर का प्रवेश द्वार
नाग नागिनी मंदिर का प्रवेश द्वार

मंदिर के चारों ओर पदचाप करते समय मेरी दृष्टी पत्थर एवं लकड़ी से निर्मित कुछ प्राचीन घरों पर पड़ी। लकड़ी का प्रत्येक भाग उत्कीर्णित था। उन घरों की पुरातनता में ही उनकी सुन्दरता सन्निहित थी। समय के प्रत्येक कालखंड ने मानो उस पर रहस्य की परते चढ़ाई थी। अब इस प्रकार के घरों का रखरखाव जितना कठिन होता जा रहा है, उतना ही कठिन उनमें निवास करना होता है। चारों ओर घरों के प्रकार में निरंतर परिवर्तन मेरा ध्यान खींच रही थी।

पारंपरिक पहाड़ी घर
पारंपरिक पहाड़ी घर

मेरे शहरी रूचि के अनुसार यहाँ के कंक्रीट घरों में रत्ती भर भी सुन्दरता नहीं है किन्तु फिर भी ये तेजी से यहाँ के ठेठ पत्थर-काष्ठ के तिरछी छत वाले वैशिष्ठ्य पूर्ण घरों का स्थान ले रहे हैं। यहाँ के गाँववासियों का ऐसा मानना है कि यह आधुनिकता में प्रवेश करने का संकेत है।

रोघी का चंडिका देवी मंदिर

कुछ दूर स्थित रोघी गाँव में चंडिका देवी का प्रसिद्ध मंदिर है जो इस क्षेत्र की अधिष्ठात्री देवी है। यह मंदिर भी लकड़ी एवं पत्थरों से निर्मित है। देवी पार्वती के चंडिका अवतार को समर्पित यह मंदिर भक्तों से भरा रहता है।

रोघी का श्री चंडिका देवी मंदिर
रोघी का श्री चंडिका देवी मंदिर

हरे किन्नौरी टोपी के बिना इस मंदिर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। आप प्रवेश द्वार पर यह टोपी किराये से ले सकते हैं। मंदिर की सूचना पट्टिका के अनुसार, ऐसी मान्यता है कि पूर्वकाल में यह क्षेत्र ‘तपोभूमि’ थी जहां महिषासुर तथा बाणासुर जैसे अनेक राक्षसों ने भी तपस्या की थी। देवी ने चंडिका अवतार धारण कर इन असुरों का संहार किया था तथा इस भूमि को उनके अत्याचार से मुक्त किया था। तब से चंडिका देवी इस क्षेत्र की संरक्षिका देवी हैं। वास्तव में, इस मंदिर को चंडिका का गढ़ भी कहा जाता है।

चंडिका देवी मंदिर का स्थापत्य एवं वास्तुकला

इस मंदिर की वास्तुकला विशेष है। स्लेट पत्थर में निर्मित इसका शिखर अथवा अधिसंरचना उलटे शंकु के आकार का है। यहाँ दो मंदिर हैं, ठीक उसी प्रकार जैसे सराहन में भीमकाली मन्दिर में हैं, एक नवीन तथा एक प्राचीन।

कल्पा के मंदिरों का दृश्य
कल्पा के मंदिरों का दृश्य

यहाँ नवीन एवं प्राचीन मंदिर प्रत्यक्ष रूप से अपनी आयु दर्शाते हैं। ध्यान से देखने पर आपको मंदिर की छत एवं भित्तियों पर पशुओं के अनेक सींग लटकते दृष्टिगोचर होंगे। मेरे अनुमान से ये उन पशुओं के सींग हैं जिन्हें कदाचित यहाँ बलि स्वरूप अर्पित किया गया होगा क्योंकि देवी मंदिरों में बहुधा यह प्रथा प्रचलित थी। आँगन में लकड़ी का एक सिंहासन है जिस पर हिम तेंदुए के शीष सहित उसका चर्म बिछाया हुआ है। किसी हिम तेंदुए को इतने समीप से देखने का अवसर सर्वप्रथम प्राप्त हुआ था, भले ही वह अब निर्जीव हो।

चंडिका देवी मंदिर के निकट एक और प्राचीन मंदिर
चंडिका देवी मंदिर के निकट एक और प्राचीन मंदिर

चंडिका देवी मंदिर के समक्ष एक अन्य मंदिर था जिसके जलकुंड में व्यालमुख प्रणाली से आता जल भर रहा था। मैं इस मंदिर के भीतर नहीं गयी किन्तु दूर से यह मंदिर अपने सुन्दर जलकुंड समेत अत्यंत मनमोहक प्रतीत हो रहा था। इस मंदिर से महाभारत की एक दन्तकथा जुड़ी हुई है।

किन्नर कैलाश की पौराणिक कथा

पौराणिक कथाओं के अनुसार, किन्नर कैलाश पर्वतमाला भगवान शिव का शीतकालीन निवास था। जब शीत ऋतु अत्यंत तीव्र हो जाती थी तब भगवान शिव मानसरोवर के समीप, कैलाश पर्वत पर स्थित अपने निवास से नीचे उतरकर यहाँ आ जाते थे। वास्तव में, पुरातन काल से, हिन्दू परंपरा के अनुसार पर्वतों को भगवान शिव का ही एक स्वरूप मानकर पूजा जाता रहा है। दक्षिण भारत में भी आपको इस प्रथा का अनुभव प्राप्त होगा। तिरुपति के चारों ओर के पर्वतों को भी भगवान शिव का रूप माना जाता है।

कल्पा का डाक घर
कल्पा का डाक घर

प्रत्येक वर्ष जुलाई-अगस्त मास में किन्नर कैलाश यात्रा का आयोजन किया जाता है। अनेक भक्तगण एवं अब निरंतर बढ़ते पर्वतारोही इस पर्वत शिखर की परिक्रमा करते हैं। इस पर्वत के शीर्ष तक पहुँचने वाला भी एक मार्ग है जिस पर अग्रसर होकर पर्वतारोही शीर्ष तक पहुँचते हैं। शीर्ष पर फहराता ध्वज इस रोहण का जीवंत प्रमाण है।

किन्नर कैलाश के चित्ताकर्षक सौंदर्य में स्वयं को सराबोर करने के पश्चात तथा यहाँ के सेबों एवं अन्य फलों का जी भर के आस्वाद लेने के पश्चात कल्पा से विदाई का समय आ गया था। मानो हमारी यात्रा के एक कल्प का भी अंत होने लगा था। यहाँ से आगे की यात्रा में, कुछ दिवसों तक, हमें हरियाली एवं सभ्यता दोनों की ही न्यूनता का आभास होने वाला था।

अनुवाद: मधुमिता ताम्हणे

The post कल्पा का किन्नर कैलाश – यहां सृष्टि भी स्तब्ध हो जाए appeared first on Inditales.

]]>
https://inditales.com/hindi/kinner-kailash-parvat-kalpa-himachal/feed/ 3 2857
चंद्रताल – लाहौल स्पीति की मनमोहक नीली झील https://inditales.com/hindi/chandratal-neel-sarovar-lahaul-spiti-himachal/ https://inditales.com/hindi/chandratal-neel-sarovar-lahaul-spiti-himachal/#respond Wed, 24 Nov 2021 02:30:10 +0000 https://inditales.com/hindi/?p=2481

चंद्रताल! हिमाचल की हमारी लम्बी यात्रा के अंतिम पड़ाव पर, भीड़ भरे मनाली नगर लौटने से पूर्व हमारा अंतिम गंतव्य था, यह सुन्दर नीलवर्ण चंद्रताल। ऊंचे-नीचे पहाड़ी क्षेत्रों से परिपूर्ण हिमाचल की लम्बी यात्रा के इस पड़ाव तक पहुँचते पहुँचते हमारा शरीर थकान के चिन्ह अवश्य दिखाने लगा था। किन्तु चित्ताकर्षक पहाड़ी परिदृश्य अब भी […]

The post चंद्रताल – लाहौल स्पीति की मनमोहक नीली झील appeared first on Inditales.

]]>

चंद्रताल! हिमाचल की हमारी लम्बी यात्रा के अंतिम पड़ाव पर, भीड़ भरे मनाली नगर लौटने से पूर्व हमारा अंतिम गंतव्य था, यह सुन्दर नीलवर्ण चंद्रताल। ऊंचे-नीचे पहाड़ी क्षेत्रों से परिपूर्ण हिमाचल की लम्बी यात्रा के इस पड़ाव तक पहुँचते पहुँचते हमारा शरीर थकान के चिन्ह अवश्य दिखाने लगा था। किन्तु चित्ताकर्षक पहाड़ी परिदृश्य अब भी हमारा मन मोह लेने को तत्पर थे तथा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे थे। वैसे भी इतने दिवसों से पहाड़ी क्षेत्रों में भ्रमण करते करते हम यहाँ के जन जीवन से अभ्यस्त होने लगे थे। यहाँ के ऊँचे-नीचे घुमावदार मार्गों की कठिनाइयों को समझकर उन्हें स्वीकार करना सीख चुके थे। पहाड़ी घाटियों के मध्य से होती हुई शांत सडकों पर गाडी की यात्रा का आनंद लेना अब भी थमा नहीं था। हरे-भरे एवं बंजर परिदृश्यों की आंखमिचौली के मध्य पहाड़ी नदियों का कलरव हमें आनंदविभोर कर रहा था। मार्ग में यदा-कदा मिलते अन्य पर्यटकों से अभिवादन करते एवं अपने अनुभव बाँटते हम आगे बढ़ रहे थे।

चंद्रताल की और जाते ऊंचे नीचे पथ
चंद्रताल की और जाते ऊंचे नीचे पथ

यात्रा के आरम्भ में मैंने चंद्रताल के कुछ चित्र देखे थे। उन्हें देखने के पश्चात चंद्रताल के प्रत्यक्ष दर्शन करने की तीव्र अभिलाषा मन में हिलोरे मार रही थी। हमारी इस हिमाचल यात्रा के सर्वाधिक ऊंचाई वाले स्थान पर अपना पड़ाव डालने का रोमांच भी हो रहा था। वैसे भी मुझे चन्द्रमा से विशेष लगाव है। उसी के नाम पर आधारित इस झील के दर्शन करने का मैं उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रही थी।

चंद्रताल तक की यात्रा

चंद्रताल तक पहुँचने के लिए हम अपने पिछले पड़ाव, काजा से आगे बढ़ते हुए, कुंजुम दर्रे को पार कर इस ताल तक पहुंचे। पहाड़ों की विस्तृत ढलानें हरित तृणों से ढँकी हुई थीं जिन पर यहाँ वहाँ भेड़-बकरियां चर रही थीं। अनेक स्थानों पर सतहें पीले एवं गुलाबी पुष्पों की चादरों से ढँकी हुई थीं। यात्रा के अंतिम १२ किलोमीटर की यात्रा में हम लगभग पत्थरों पर ही गाडी चला रहे थे। अति संकरे मार्गों को देख ऐसा आभास हो रहा था मानो उनकी चौड़ाई केवल हमारी गाड़ी की चौड़ाई के अनुकूल ही बनाई गयी थी। उस पर, अनेक स्थानों पर सड़क पार करती जलधाराएं भी इतनी तीव्र गति से बह रही थीं मानों हमें बहा ले जायेंगी। दूर दूर तक कोई जनमानस दृष्टिगोचर नहीं था। केवल कुछ स्थानों पर मार्ग दर्शाते सूचना फलक थे जो हमारा मार्गदर्शन कर रहे थे।

और पढ़ें – हिमाचल यात्रा के मेरे प्रथम अनुभव – हिमालय की गोद से कुछ कहानियां

तम्बू शिविर

हिमालय की गोद में हमारा शिविर
हिमालय की गोद में हमारा शिविर

कुछ दूर से जब हमारी दृष्टी छोटे छोटे तम्बुओं पर पड़ी, हमें मानवी उपस्थिति का आभास हुआ। वे वही पैरासोल तंबू थे जहां हम ठहरने वाले थे। वहां पहुंचते पहुँचते दोपहर हो चुकी थी। ऊपर सूर्यदेव अपनी पूर्ण आभा से दमक रहे थे जिसके कारण ये तम्बू अत्यंत उष्ण हो गए थे। अपने समक्ष बर्फ से आच्छादित पहाड़ियों को देखने के पश्चात भी मुझे उस उष्णता में वातानुकूलन की आवश्यकता प्रतीत हुई। वहां हमें सादा व स्वादिष्ट भाजी-भात का भोजन प्राप्त हुआ। ऐसे जटिल क्षेत्र में ऐसा सादा एवं मूल भोजन भी मिल जाए तो उसे सम्पन्नता ही कहेंगे। वहां बंगलुरु से युवा यात्रियों का एक बड़ा समूह भी पहुंचा हुआ था। वे सभी दुपहिया वाहन चलाकर वहाँ तक पहुंचे थे। अचानक ही वह तम्बू-आवास आगंतुकों के क्रियाकलापों व गतिविधियों से चहक उठा था।

हम दोपहर के भोजन के पश्चात किंचित विश्राम करना चाहते थे किन्तु हमारे गाइड ने हमें तुरंत ही ताल के अवलोकन हेतु चलने का परामर्श दिया। उसके अनुसार संध्या के समय ठण्ड बढ़ जाने पर बाहर निकलना कष्टदायक होता है। इससे अधिक उत्तम कारण यह था कि आकाश में सूर्य की उपस्थिति में ताल के जल पर विविध रंगों की छटा अद्वितीय होती है। उन रंगों को देखना तथा उसके चित्र लेना, इस प्रलोभन ने हमें तुरंत ही हमारे पैरों पर खड़ा कर दिया। हम भागकर कार में बैठ गए। हमारे गाइड के मुख पर उपहास मिश्रित हास्य उमड़ पड़ा। उसने हमें हमारे ऊनी मोजे, कान-टोपियाँ, दस्ताने, जैकेट आदि लाने के लिए कहा। उस समय वहां इतनी उष्णता थी कि उन वस्तुओं को साथ रखना तो दूर, उनके नाम सुनना भी दूभर था। किन्तु किसी पाठशाला के शिक्षक के समान वह अड़ा रहा, मानो कह रहा हो कि उन ऊनी वस्त्रों की अनुपस्थिति में वह हमें ताल तक लेकर नहीं जाएगा। मेरी छठी इन्द्रि मुझे कहने लगी कि किसी भी स्थल की स्थानीय जानकारी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उसे स्वीकार करने में ही विवेक है।

चंद्रताल तक पदयात्रा

चंद्रताल - लाहौल स्पीति हिमाचल प्रदेश
चंद्रताल – लाहौल स्पीति हिमाचल प्रदेश

गाड़ी द्वारा एक छोटे किन्तु तीव्र चढ़ाई युक्त यात्रा के पश्चात हम एक ऐसे बिंदु पर पहुंचे जहां से हमें ताल तक, लगभग एक किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी थी। अब तक मैं ताल के अप्रतिम दर्शन के लिए अत्यंत अधीर हो चुकी थी। यद्यपि पैदल यात्रा का मार्ग सरल था, तथापि ऊंचाई के कारण श्वास लेने में कठिनाई अवश्य हो रही थी। ऐसी स्थिति में दीर्घ श्वास लेते हुए धीमी गति से अनवरत चलना ही सर्वोत्तम उपाय है। यही उपाय अपनाते हुए हमने यह यात्रा बिना कष्ट के पूर्ण कर ली।

चंद्रताल के मार्ग पर स्थित घाटियाँ विविध पुष्पों से भरी हुई थीं। एक गड़रिया उनके बीच बैठकर उनकी सुन्दरता का आनंद ले रहा था। उसकी कुछ भेड़ें नीचे जल के समीप विचरण कर रही थीं तथा कुछ पहाड़ी पर घास चर रही थीं।

चंद्रताल – स्पीति घाटी की अद्वितीय नीली झील

चांदी के कटोरे सा नील सरोवर - चंद्रताल
चांदी के कटोरे सा नील सरोवर – चंद्रताल

प्रथम दर्शन में चंद्रताल ऐसा प्रतीत हुआ जैसे नीले जल से भरा एक विशाल पात्र हो, जिसमें एक किनारे से जल भर रहा हो। फिरोजी नीले रंग का जल अत्यंत शांत था। इससे पूर्व फिरोजी नीले रंग के जल को देखना तो दूर, मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। झील के समीप पहुँचते हुए हमें तट के समीप का जल अधिक पारदर्शी प्रतीत होने लगा था तथा उसमें कुछ विप्लव भी दृष्टिगोचर हो रहा था। झील तक जाना अब एक सरल कार्य प्रतीत हो रहा था। मैं मंत्रमुग्ध सी झील की ओर खिंची चली जा रही थी। आज सोचूँ तो मुझे अपने पैरो की गति की रत्ती भर भी स्मृति नहीं है। मेरा हृदय एवं मन अपने समक्ष स्थित झील के परिदृश्यों से एकाकार हो रहा था। आप हिमालय की झीलों के जितने चाहे चित्र देख लें, किन्तु ऐसे अप्रतिम झील के समीप जाना तथा उन्हें प्रत्यक्ष निहारना एक अद्वितीय अनुभव है। कोई भी यंत्र-तंत्र हमें यह जादू नहीं दिखा सकता। इसका अनुभव इसके समक्ष प्रत्यक्ष रूप से जाने पर ही हो सकता है।

हम जिस पहाड़ी पर चल रहे थे, उस पर ही किंचित चढ़ाई कर हमने वायु के प्रवाह का अनुमान लिया। एक समतल धरती पर वायु में फड़फड़ाती रंगबिरंगी पताकाएं वायु प्रवाह की दिशा बता रही थीं। अन्यथा परिदृश्य के अन्य भागों में वायु शांत एवं स्थिर थी। ताल के तट पर कुछ विदेशी पर्यटकों ने तम्बू लगाया हुआ था। वे ताल के जल में प्रवेश करने का प्रयत्न कर रहे थे। जल अत्यंत शीतल होने के कारण वे जल में अधिक भीतर तक प्रवेश नहीं कर पाए। यह देख मुझे प्रसन्नता हुई। मेरी भावना तर्कसंगत नहीं थी किन्तु मैं नहीं चाहती थी कि वे जल में प्रवेश करें। मुझे यह कृति चंद्रताल के पावन जल के अपवित्रीकरण जैसा प्रतीत हो रहा था। मैं नहीं जानती कि मेरी ये भावना मेरे धार्मिक संस्कारों के कारण उत्पन्न हुई थी अथवा ताल का निर्मल जल दूषित के होने के भय का परिणाम था।

और पढ़ें – कुंजुम और रोहतांग दर्रा – दो हिमालयी दर्रों की कथा 

झील के समीप पहुंचकर हम उसके किनारे चलने लगे। झील के अर्धचन्द्राकार का अनुमान लगाने लगे। आसपास से हिमनद की अनेक जलधाराओं का जल चंद्रताल में समाहित हो रहा था। हम झील के किनारे एक शैलमंच पर बैठकर परिदृश्यों का आनंद लेने लगे। वायु शीतल हो चली थी। मेघ पहाड़ियों की एक चोटी से दूसरी चोटी पर भ्रमण कर रहे थे जिनकी छाया जल के रंगों में विविधता उत्पन्न कर रही थी। ताल का जल इतना पारदर्शी था कि हम उसके तल पर स्थित चिकने पत्थरों की प्रत्येक परत स्पष्ट देख पा रहे थे। सम्पूर्ण ताल चिकने पत्थरों की परतों ने निर्मित विशाल पात्र सा प्रतीत हो रहा था।

चंद्रताल का विस्तार

हमारे परिदर्शक अर्थात् गाइड ने हमें बताया कि ताल की परिधी लगभग ४ किलोमीटर है। अनेक भ्रमणकर्ता, विशेषतः बौद्ध भिक्षुक ताल के चारों ओर परिक्रमा करते हैं। मेरे हृदय में भी चंद्रताल की परिक्रमा करने की अभिलाषा उत्पन्न हुई। किन्तु मुझे अपने शारीरिक स्वास्थ्य स्तर पर पूर्ण विश्वास नहीं हो पा रहा था। इतनी ऊँचाई पर ४ किलोमीटर चलना, वह भी उतार-चढ़ाव युक्त पथ पर। क्या मैं यह कर पाऊँगी? अचानक ही मेरे भीतर चमत्कार सा हुआ। मैंने निश्चय किया कि मैं यह परिक्रमा करूंगी।

चंद्रताल की परिक्रमा करते हुए
चंद्रताल की परिक्रमा करते हुए

कदाचित मुझे इस सत्य ने झकझोरा कि इस पावन चंद्रताल की परिक्रमा का उत्तम अवसर पुनः प्राप्त ना हो सकेगा। कदाचित हिमाचल के इस भाग में पुनः आने का अवसर मुझे कभी प्राप्त नहीं होगा। या मेरे भीतर के संस्कारों ने मुझे इस पवन ताल की परिक्रमा करने हेतु मुझे प्रेरित किया होगा। जो भी कारण रहा हो। यद्यपि मेरा निर्णय विवेकपूर्ण नहीं था, तथापि मैंने घोषणा की कि मैं यह परिक्रमा कर रही हूँ। मेरी सहयात्री अलका भी सहर्ष मुझसे सहमत हो गयी। हमें बताया गया कि इस परिक्रमा को पूर्ण करने में लगभग ९० से १२० मिनटों का समय लग जाता है। पहले ही संध्या के ४ बज चुके थे। फिर भी कोई शक्ति मुझे यह परिक्रमा करने के लिए प्रोत्साहित कर रही थी।

चंद्रताल की परिक्रमा

हिमाच्छादित चोटियों से घिरा नील सरोवर
हिमाच्छादित चोटियों से घिरा नील सरोवर

एक संकरी पगडंडी पर दक्षिणावर्त चलते हुए हमने ताल की परिक्रमा आरम्भ की। कई स्थानों पर छोटे छोटे पत्थरों के ढेर बनाए हुए थे जिनके द्वारा बौद्ध आस्तिक अपने अनुयायियों के लिए पथ चिन्हित करते हैं। प्रत्येक परिक्रमाकर्ता अपनी ओर से उस ढेर में एक पत्थर का योगदान करता जाता है। मानो अपने अच्छे कर्मों का एक भाग प्रदान कर रहा हो। पत्थरों के इन ढेरों के समीप से जाते हुए यह आभास होता रहता है कि हम एक ज्ञात मार्ग पर चल रहे हैं। अपनी परिक्रमा के संज्ञान को चिन्हित करने के लिए एक पत्थर अपनी ओर से जोड़ना, यात्राओं के प्रलेखन की यह हिमालय पद्धति निःसंदेह अद्भुत है। मुझे बताया गया कि पत्थरों के ऐसे ढेर को ‘उवूस’ कहते हैं।

पत्थरों का संतुलन
पत्थरों का संतुलन

बलखाती पगडंडियों पर चलते हुए हमने ताल के उन भागों के भी दर्शन किये जो हमारे प्रारंभिक बिंदु से दृश्यमान नहीं थे। अनेक स्थानों पर रूक कर हमने कई चित्र भी लिए। किन्तु जो हमने प्रत्यक्ष अपने नेत्रों से देखा तथा अनुभव किया, उसकी तुलना किसी भी चित्र से नहीं की जा सकती। मैं अपने नेत्रों में सम्पूर्ण परिदृश्य को समाहित करने का प्रयत्न कर रही थी। मुझे पूर्ण आभास था कि यह दृश्य जन्म भर के लिए मेरे मन-मस्तिष्क में चिन्हित हो गया है। मेरे अस्तित्व का अभिन्न अंग हो गया है। जीवन में कुछ अनुभव ऐसे ही होते हैं। ताल के उस पार विस्तृत मैदानी क्षेत्र था जिसकी भूमि गत रात्रि की वर्षा के कारण नम थी।

गड़रिये एवं भेड़ों के प्रति उनका समर्पण

यहाँ पुनः मेरी भेंट उस गड़रिये से हुई। उसकी भेड़ें ताल के तट पर सावधानी से चर रही थीं। उसने हमें बताया कि अपनी भेड़ों को चराने के लिए वह कांगड़ा घाटी आया है। २०० भेड़ों को साथ लेकर हिमालय क्षेत्रों में सैकड़ों किलोमीटर चलकर यहाँ आना, वह भी केवल अपनी भेड़ों को चराने के लिए, यह आसान कार्य नहीं है। यही दिनचर्या यहाँ के साधारणतः सभी गड़रियों की होती होगी। इसके अतिरिक्त, वर्षा के महीनों में लाहौल एवं स्पीति घाटियों में भेड़ों के साथ भ्रमण करना! यह हमारी सोच से भी परे है। इसके लिए भेड़ों के प्रति उनका समर्पण ही उन्हें प्रेरित करता होगा। उस गड़रिये से चर्चा करने से पूर्व मैंने इसकी कल्पना भी नहीं की थी कि ये इतनी लम्बी दूरी पार कर यहाँ आते हैं।

और पढ़ें – नाको हिमाचल प्रदेश – एक पवित्र झील और प्राचीन मठ

अपने तम्बू में पहुँच कर मैंने इस पर विचार किया। गड़रियों से सम्बंधित, विश्व भर में प्रसिद्ध, अनेक लोककथाएँ मेरे मस्तिष्क में उभर गयीं। अपने समक्ष चलते भेड़ का अनुसरण करते हुए आगे बढ़ते भेड़ों को देखते ही मुझे ‘भेड़ चाल’ इस कहावत का स्मरण हो आया। आज मैंने इसे प्रत्यक्ष अनुभव किया। एक के पीछे एक सैकड़ों भेड़ें, अपनी बुद्धि का प्रयोग किये बिना, अपने नेता का अनुसरण करती शांत चल रही थीं। ना कोई प्रश्न ना शंका। इस भेड़ चाल को देखना मेरे लिए एक रोचक अनुभव था।

चंद्रताल तक पैदल यात्रा के लिए उर्जा

सम्पूर्ण स्पीति घाटी में भ्रमण करते समय मेरा श्वास सहज नहीं था। किन्तु चंद्रताल की परिक्रमा करते समय मुझे श्वास लेने में तनिक भी कष्ट नहीं हो रहा था। चंद्रताल के चारों ओर परिक्रमा करते समय ना जाने कहाँ से मेरे पैरों में ऊर्जा आ गई थी। मेरे पैर स्वयं ही परिक्रमा पथ पर आगे बढ़ रहे थे। उनमें किंचित भी तनाव नहीं था। शरीर के भार का आभास लुप्त हो गया था। मैं वायु के झोंके के समान बह रही थी, सहज, भारहीन तथा चारों ओर के विश्व से असम्बद्ध। अंततः मुझे यह उर्जा कहाँ से प्राप्त हो रही थी? कदाचित चंद्रताल ही मेरी इस उर्जा का स्त्रोत था।

४ किलोमीटर लम्बी परिक्रमा करने के पश्चात भी मुझे रत्ती भर भी थकान प्रतीत नहीं हो रही थी। मैं अपने शरीर एवं मन में उत्पन्न उर्जा से स्वयं ही आश्चर्यचकित थी। मुझे ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो किसी दैवी शक्ति ने मुझ पर ऊर्जा की वर्षा की हो। मुझे उस समय जो अनुभव हुआ, उसे मैं शब्दों में नहीं पिरो सकती हूँ। किन्तु उस अनुभव का आभास अब भी मेरी स्मृति में स्पष्ट है। अचंभित करने वाला तथ्य यह है कि जैसे ही हम परिक्रमा पूर्ण कर अपनी गाड़ी की ओर बढे, मुझे पुनः स्वयं पर गुरुत्वाकर्षण व भार का आभास होने लगा। गाड़ी तक पहुँचने के लिए मुझे शक्ति की आवश्यकता प्रतीत होने लगी थी। मुझे लगा मैं अपनी जादू की छड़ी पीछे चंद्रताल पर ही छोड़ आयी हूँ।

चंद्रताल की ऊँचाई समुद्र तल से लगभग ४३०० फीट है। यह हिमालय के मौल्किला एवं चंद्रभागा पर्वत श्रंखलाओं से घिरा हुआ है।

मेरे दर्शन का विडियो

अपने चंद्रताल भ्रमण का एक विडियो मैं आपके लिए लेकर आयी हूँ। इसे अवश्य देखिये।

महाकाव्यों से सम्बन्ध

भारतीय प्रायद्वीप के सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों का रामायण, महाभारत जैसे महाकाव्यों से सम्बन्ध होता है। अतः हिमालय की गोद में स्थित इस अद्भुत ताल का किसी महाकाव्य से सम्बन्ध ना हो, यह कैसे हो सकता है? ऐसी मान्यता है कि यह ताल उस स्थान पर स्थित है जहाँ इन्द्रदेव अपना रथ लेकर युधिष्ठिर को लेने आये थे। यह उस काल की कथा है जब पांडव ज्येष्ठ भ्राता युधिष्ठिर ने महाभारत की समाप्ति के पश्चात अपने भ्राताओं समेत स्वर्ग की ओर प्रस्थान किया था। हिमालय की अनेक पर्वत श्रंखलायें ऐसी हैं जिनके विषय में वहां के निवासियों के दावे हैं कि उन पर चढ़कर ही पांडव भ्राता स्वर्ग पहुंचे थे। उनमें से कौन से दावे सत्य हैं तथा कौन से निराधार, इसके लिए पुराणों को पढ़ना होगा क्योंकि वहां उसका उल्लेख है। यद्यपि यह स्थान किसी भी दृष्टिकोण से स्वयं ही किसी स्वर्ग से न्यून नहीं था।

किवदंतियां

चंद्रताल के दर्शन उपरान्त हम तम्बुओं में वापिस आ गए। शीतल संध्या के समय, लहसुन का गर्म शोरबा पीते हुए हम पैरासोल तम्बुओं के स्वामी, श्री बिशन ठाकुर जी से चर्चा करने लगे। उन्होंने हमें हिम तेंदुओं के विषय में बताया जो इस स्थान में पाए जाते हैं। किन्तु इन दिनों वे कदाचित ही दृष्टिगोचर होते हैं। मैंने उनसे प्रश्न किया कि चंद्रताल का महाभारत से सम्बन्ध होने के अतिरिक्त, इस स्थान की अन्य स्थानिक किवदंतियाँ कौन सी हैं? स्मित हास्य मुख पर लेकर उन्होंने हमें चंद्रताल से सम्बंधित स्थानिक कथा सुनाई।

परियों की कथा

गड़रिया अपनी भेड़ों को निहारते हुए
गड़रिया अपनी भेड़ों को निहारते हुए

उन्होंने इस प्रकार कथा का आरम्भ किया, प्राचीन काल में एक गड़रिया था जो अपनी भेड़ें चराने के लिए उन्हें लेकर यहाँ आया था। यह सुनते ही कुछ क्षण पूर्व भेंट हुई गड़रिये की छवि मेरे नैनों के समक्ष तैरने लगी। उसकी छवि को समक्ष रखकर मैंने आगे की कथा सुनना आरम्भ किया। श्री बिशन ठाकुर जी ने आगे कहा कि उस गड़रिये की छड़ी इस ताल में गिर गयी। वह ताल के जल में अपनी छड़ी ढूँढ रहा था कि अचानक उसमें से वही छड़ी हाथ में लिए एक परी प्रकट हुई। उस गड़रिये ने ऐसी सुन्दर कन्या इससे पूर्व कभी देखी नहीं थी।

गड़रिये एवं परी को एक दूसरे से प्रेम हो गया। प्रत्येक वर्ष वह गड़रिया वहां आता था तथा ताल के समीप परी के संग प्रेम के कुछ क्षण व्यतीत करता था। गड़रिये के घर पर उसकी पत्नी एवं बच्चे थे। इसके पश्चात भी वह उस परी से विवाह करने के लिए इच्छुक था। परी ने भी विवाह के लिए स्वीकृति दे दी। किन्तु इसके लिए गड़रिये के समक्ष एक शर्त रखी कि वह उसके एवं उनके प्रेम सम्बन्ध के विषय में किसी भी अन्य से उल्लेख नहीं करेगा। यदि उसने परी एवं उनके प्रेम के विषय में किसी अन्य से कहा तो वह उससे हाथ धो बैठेगा। परी के प्रेम में आसक्त उस गड़रिये ने वह नियम मान लिया तथा परी से विवाह कर लिया। कुछ वर्ष उन्होंने अत्यंत प्रेम से व्यतीत किये।

चंद्रताल की परिक्रमा करता भेड़ों का झुण्ड
चंद्रताल की परिक्रमा करता भेड़ों का झुण्ड

एक दिवस उस गड़रिये का उसके घर में उसकी पत्नी से झगड़ा हो गया। क्रोध से वशीभूत गड़रिये ने अपनी पत्नी के समक्ष परी एवं उससे प्रेम के विषय में सब उगल दिया। गड़रिये को तुरंत ही अपनी भूल का आभास हुआ किन्तु उसके मुख से शब्द निकल चुके थे। अब वे वापिस नहीं लिए जा सकते थे। इसके फलस्वरूप, जब चंद्रताल जाने का समय आया तो गड़रिया वहां पहुंचा, किन्तु तब तक परी वहां से जा चुकी थी।

चंद्रताल के समक्ष जाकर गड़रिये ने अनेक मिन्नतें की किन्तु सब व्यर्थ सिद्ध हुईं। उसने हार नहीं मानी तथा वह अनवरत अपनी करनी के लिए क्षमा याचना करने लगा। अंततः वह जल से बाहर आयी। उसके हाथ में एक मृत शिशु था। किन्तु अब वह परी नहीं थी, अपितु एक सामान्य स्त्री थी। उसकी सुन्दरता लुप्त हो चुकी थी तथा उसके वस्त्र जीर्ण हो गए थे। वह एक प्रेतात्मा के सामान प्रतीत हो रही थी। गड़रिये ने उसे उसकी इस स्थिति का कारण पूछा तथा शिशु के विषय में भी जिज्ञासा व्यक्त की। परी ने कहा कि गड़रिये द्वारा सौगंध का पालन ना करने के कारण उसकी यह स्थिति हुई है। वह मृत शिशु भी गड़रिये का ही पुत्र था। गड़रिया दहाड़ मार कर रोने लगा। परी शिशु को उसके हाथों में सौंप कर ताल के जल में पुनः लुप्त हो गयी। ऐसा कहा जाता है कि उसी गड़रिये के वंशज अब भी उस परी से भेंट करने की आस में प्रत्येक वर्ष यहाँ आते हैं।

और पढ़ें – नग्गर – कुल्लू मनाली का महल, इतिहास एवं प्रकृति

मैं कल्पना करने लगी कि कुछ क्षण पूर्व जिस गड़रिये से भेंट हुई थी, वह भी कदाचित परी से मिलने की आस में वहां आया होगा।

रात्रि में तारामंडल के दर्शन

चंद्रताल का निर्मल जल
चंद्रताल का निर्मल जल

जो तम्बू दोपहर के समय जलती भट्टियों के समान उष्ण थे, वे ही तम्बू अब संध्या के पश्चात बर्फ से भरे संदूक के समान शीतल हो गए थे। हमने दाल, चावल एवं भाजी का सादा भोजन किया तथा अपने अपने तम्बुओं में दुबक गए। प्रातः सूर्योदय से पूर्व उन तम्बुओं से बाहर निकलने की हमारी कोई मंशा शेष नहीं थी। किन्तु नैसर्गिक आवश्यकताओं पर कोई बंधन नहीं होता है। आज मैं भगवान का धन्यवाद करती हूँ कि उन आवश्यकताओं के चलते मुझे रात्रि में अपने तम्बू से बाहर निकलना पड़ा। उसी के कारण मुझे अपने जीवन का एक अभूतपूर्व अनुभव प्राप्त हुआ। मेरे समक्ष एक अप्रतिम दृश्य उपस्थित था। सम्पूर्ण आकाश एक चमचमाते शामियाने के समान प्रकाशमान था। दमकते तारे आकाश से नीचे तक लटकते हुए प्रतीत हो रहे थे। हमारे चारों ओर केवल वही दृश्य था। सभी तारे इतने चमचमाते हुए टिमटिमा रहे थे कि चंद्रमा की अनुपस्थिति का तनिक भी आभास नहीं था। नीचे धरती ठण्ड से जम रही थी किन्तु आकाश में सभी तारे उत्सव मना रहे थे तथा हमें भी उसमें सम्मिलित होने का न्योता दे रहे थे।

शहरों एवं मैदानी क्षेत्रों में ‘तारों की शोभायात्रा’ का यह विहंगम एवं अप्रतिम दृश्य असंभव है। तारों का वह उत्सव इतने समीप प्रतीत हो रहा था मानो उछलकर हम उन्हें छू लें। सम्पूर्ण आकाश में इतनी अधिक संख्या में, इतने समीप एवं इतने सघन तारे देखना तो दूर, कल्पना से भी परे था, मानो अन्य आकाशगंगा से भी तारों का समूह यहाँ आ गया हो। मेरी इस यात्रा का वह भी एक दृश्य है जिसने मेरे मन-मस्तिष्क में अमिट छाप छोड़ दी है। मैं उस अद्भुत दृश्य में खो गयी। मैंने उसके चित्र लेना सही नहीं जाना। वह दृश्य इतना विशेष था कि उसे चित्र में समेटने की चेष्टा करना भी मुझे स्वीकार नहीं था। ऐसे दृश्यों को कोई भी चित्रों द्वारा न्याय नहीं कर सकता है।

विदाई

अगले दिन प्रातः अल्पाहार करने के पश्चात हमारी विदाई का समय हो गया। अब इस मंत्रमुग्ध करते स्थल को तथा स्पीति की अप्रतिम घाटियों को अंतिम अभिवादन करने का समय आ गया था। अब हमें रोहतांग दर्रे की ओर से वापिस मनाली के लिए प्रस्थान करना था। चंद्रताल की यात्रा ने मेरे जीवन में ऐसे अप्रतिम क्षणों का योगदान किया है जिन्हें मैं आजन्म भूल नहीं सकती। रात्रि के आकाश में तारों की हुड़दंग मेरे लिए एक अविस्मरणीय स्वप्न के समान हैं। वे क्षण किसी जादुई अनुभूति से कम नहीं हैं।

अनुवाद: मधुमिता ताम्हणे

The post चंद्रताल – लाहौल स्पीति की मनमोहक नीली झील appeared first on Inditales.

]]>
https://inditales.com/hindi/chandratal-neel-sarovar-lahaul-spiti-himachal/feed/ 0 2481
काज़ा, लान्ग्जा एवं रंग्रिक – स्पीति घाटी के मनमोहक बौद्ध गाँव https://inditales.com/hindi/spiti-ghati-kaza-langza-rangrik-gaon/ https://inditales.com/hindi/spiti-ghati-kaza-langza-rangrik-gaon/#comments Wed, 29 Sep 2021 02:30:07 +0000 https://inditales.com/hindi/?p=2428

गत वर्ष, हमारे हिमाचल के स्पीति घाटी भ्रमण के समय हम नाको, ताबो एवं धनकर गाँवों की यात्रा के पश्चात काज़ा पहुँचे थे। घुमावदार एवं ऊबड़-खाबड़ मार्गों पर धीमी गति से गाड़ी चलाते हुए हम वहां पहुंचे। प्रायः हमारे एक ओर सुन्दर नदी कलकल बहती रही। मुझे स्मरण है, एक छोटे से लोह सेतु को […]

The post काज़ा, लान्ग्जा एवं रंग्रिक – स्पीति घाटी के मनमोहक बौद्ध गाँव appeared first on Inditales.

]]>

गत वर्ष, हमारे हिमाचल के स्पीति घाटी भ्रमण के समय हम नाको, ताबो एवं धनकर गाँवों की यात्रा के पश्चात काज़ा पहुँचे थे। घुमावदार एवं ऊबड़-खाबड़ मार्गों पर धीमी गति से गाड़ी चलाते हुए हम वहां पहुंचे। प्रायः हमारे एक ओर सुन्दर नदी कलकल बहती रही। मुझे स्मरण है, एक छोटे से लोह सेतु को पार करते ही ऐसा प्रतीत हुआ मानो हम एक विश्व से किसी दूसरे ही विश्व में प्रवेश कर रहे हों। काज़ा पहुंचते पहुंचते हम इस शीत मरुस्थल के बीहड़ बंजर परिदृश्यों से अभ्यस्त हो गए थे।

हिमाचल की मनोरम स्पीति घाटी
हिमाचल की मनोरम स्पीति घाटी

पर्वत एवं उसकी घाटियाँ हरी-भरी भी होती हैं, यह तथ्य पूर्णतः विस्मृत हो चुका था। अपने चारों ओर की निस्तब्धता से पूर्णतः अभ्यस्त हो चुके थे, उससे एकाकार हो चुके थे। छोटे छोटे गाँव, वह भी दूरी पर स्थित होते है। मध्य में, शब्दशः, एक जीवात्मा के भी दर्शन नहीं होते थे। गांवों में भी घरों की संख्या कम थी, परन्तु एक विद्यालय एवं एक हेलिपैड प्रत्येक गाँव में अवश्य दृष्टिगोचर हुआ, मानो उनकी उपस्थिति किसी नियम के अंतर्गत आती हो।

काज़ा गाँव

हमें बताया गया कि काज़ा में हम कुछ हरियाली देख सकते हैं। जी हाँ। काज़ा इस क्षेत्र का अलपेक्षाकृत एक बड़ा नगर है। इसकी जनसँख्या लगभग २००० है। यही एक स्थान है जहां आसपास के लोग क्रय-विक्रय, व्यापार तथा मनाली जैसे अन्य बड़े नगरों तक पहुँचने के साधनों की खोज में आते हैं। काज़ा नगरी में हमारा प्रथम साक्षात्कार वहां स्थित एक पेट्रोल पम्प से हुआ क्योंकि हमारी गाड़ी में पेट्रोल की स्थिति चिंताजनक हो चुकी थी। यदि उस समय उस पेट्रोल पम्प में इंधन नहीं होता तो हमें तब तक वहीं विश्राम करता पड़ जाता, जब तक पम्प में इंधन की आपूर्ति नहीं हो जाती। भगवान की दया से उस पेट्रोल पम्प में पर्याप्त इंधन था तथा हम अपनी आगे की यात्रा नियोजित एवं निर्विघ्न रूप से पूर्ण कर पाए।

विश्व का सबसे ऊचा पेट्रोल पंप
विश्व का सबसे ऊचा पेट्रोल पंप

काज़ा का इंडियन आयल पेट्रोल पंप विश्व का सर्वाधिक ऊंचा खुदरा पेट्रोल पंप है जो समुद्र तल से ३७४०मीटर ऊंचाई पर स्थित है।

जुलाई मास था। स्पीति नदी शान्ति से बह रही थी। जहां जहां जा रही थी, मार्ग में चित्ताकर्षक आकृतियाँ बनाती जा रही थी। उन आकृतियों ने मुझे अभिभूत कर दिया था, मुझे स्वयं से एकाकार कर लिया था। जल स्तर बढ़ते ही आकृतियाँ लुप्त हो जाती थीं, तो जल स्तर गिरने पर पुनः नवीन रूप में प्रकट हो जाती थीं। नदी के प्रत्येक मोड़ पर एक नवीन स्वरूप दृष्टिगोचर हो रहा था। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो मैं जीवन के विलंबित रूप का दर्शन कर रही हूँ।

पर्वतों के बीच मंडराती स्पीति नदी
पर्वतों के बीच मंडराती स्पीति नदी

गाड़ी में इंधन भरने के पश्चात, हम काज़ा को पार करते हुए रंग्रिक गांव में स्थित हमारे विश्रामगृह की ओर चल पड़े। ९०० की जनसँख्या लिए रंग्रिक अपेक्षाकृत एक बड़ा गाँव है। रंग्रिक में हम ग्रैंड देवाचेन होटल में ठहरे थे। सौभाग्य से हमें ऐसा कक्ष प्राप्त हुआ था जहां से की गोम्पा या क्ये मठ का अबाधित दृश्य प्राप्त होता है।

और पढ़ें  – कुंजुम और रोहतांग दर्रा – दो हिमालयी दर्रों की कथा 

की गोम्पा अथवा क्ये मठ

की गोम्फा
की गोम्फा

की गोम्पा, क्ये मठ, के मठ, कि मठ अथवा की मठ। ये सभी नाम हैं की गोम्पा के, जो इस क्षेत्र के प्रमुख बौद्ध मठों में से एक है। ऊँचे पर्वत की ढलान पर स्थित यह मठ अत्यंत आकर्षक दिखाई देता है। श्वेत व श्याम रंगों में रंगा यह मठ अपने मटमैले पीले रंग की पार्श्वभूमी में उठकर दिखाई पड़ता है। ध्यान से देखने पर ऐसा प्रतीत होता है मानो यह मठ पर्वत की सतह के भीतर से एक कुकुरमुत्ते के सामान अंकुरित हुआ हो। उस ओर खुलती मेरी खिड़की के बाहर भी पीले रंग के पुष्प उगे हुए थे। बलखाती स्पीति नदी के पृष्ठ भाग में विशाल पर्वत गर्व से खड़ा था जिस पर मुकुट के मणि के समान की गोम्पा चमक रहा था। यह मनमोहक दृश्य देखकर मैं सुध-बुध खो चुकी थी।

की मठ को की गोम्पा, क्ये मठ, के मठ अथवा कि मठ भी कहा जाता है।

की गोम्फा थोड़े पास से
की गोम्फा थोड़े पास से

प्रातःकाल ही हमने निश्चय किया कि हम प्रातः होने वाली आराधना के लिए मठ में जायेंगे। प्रातःकालीन प्रकाश में सर्व परिदृश्य अद्भुत दिखाई पड़ रहा था। चारों ओर निस्तब्ध शान्ति छाई हुई थी। यह निःशब्दता हमारे रोम रोम में प्रवेश करने लगी थी। हमारा अंतःकरण शांत एवं केन्द्रित हो गया था। मठ में कुछ छोटे-बड़े द्वारों को पार कर हम प्रमुख ध्यान कक्ष के भीतर पहुंचे। इस कक्ष में छोटे से बड़े आयवर्ग के अनेक बौद्ध भिक्षुक एक ताल में जप कर रहे थे। उन सभी के हाथों में रोटियाँ थी जिसके टुकड़े वे कुछ क्षणों के अंतराल में अपने मुँह में डाल रहे थे। उन्हें गर्म चाय अनवरत परोसी जा रही थी जो इतनी ऊंचाई पर व इतने शीत वातावरण में यहाँ बैठकर जप करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। किन्तु स्वच्छता की भीषण कमतरता ने मेरे मुंह में कड़वाहट भर दी। जिस भूमि पर वे चल रहे थे, उसी भूमि पर वे रोटियाँ भी रख रहे थे। भूमि पूर्णतः अस्वच्छ थी। मेरे मन में तीव्र अभिलाषा उत्पन्न हुई कि स्वच्छता को भी इस मठ की संस्कृति का एक अभिन्न अंग माना जाता तो उत्तम होता।

और पढ़ें – हिमाचल का ताबो मठ- भित्तिचित्र, गुफाएं व शैलशिल्प

स्पीति घाटी का परिदृश्य

की गोम्फा पर बनी आकृतियाँ
की गोम्फा पर बनी आकृतियाँ

हम मठ की छत पर गए जो चारों ओर के परिदृश्यों को निहारने का सर्वोत्तम स्थल सिद्ध हुआ। वहां हमें कुछ अत्यंत विस्मयकारी दृश्य दृष्टिगोचर हुआ। छत पर, ऊंचे मंचों पर कुछ असुरी आकृतियाँ स्थित थीं। उनकी उपस्थिति की पृष्ठभूमि में पौराणिक कथाओं से सम्बंधित कारण अवश्य होंगे। कदाचित पैशाचिक कुदृष्टि से मठ का रक्षण करना उनका हेतु हो। मैंने इन प्रतिमाओं के विषय में उनसे जानकारी प्राप्त करने का प्रयास भी किया। किन्तु अधिकतर भिक्षुओं का यही उत्तर होता था कि वे जब से मठ को जानते हैं, तब से ये आकृतियाँ मठ का अभिन्न अंग हैं।

की गोम्पा का इतिहास

की गोम्पा अथवा की मठ ११वीं सदी में निर्मित है। इस पर समय समय पर अनेक सेनाओं तथा विपक्षी धार्मिक गुटों ने आक्रमण किया। १९४० में यह मठ भीषण अग्नि से क्षति ग्रस्थ हुआ था। १९७५ में इसे भूकंप के झटके भी सहन करने पड़े थे। लोगों का कहना है कि निरंतर होते रखरखाव के कारण इसका स्वरूप अत्यंत अव्यवस्थित हो चुका है। यूँ तो हिमालय की चोटियों व ढलानों पर स्थित मठों की संरचना बहुधा अत्यंत अव्यवस्थित होती है। तीव्र ढलानों पर संरचनाओं का संतुलन बनाए रखना तथा कालांतर में विभिन्न चरणों में संरचनाओं में वृद्धि किया जाना इसका प्रमुख कारण हो सकते हैं।

मुझे जानकारी दी गयी कि की मठ में अनेक प्राचीन भित्ति चित्र भी हैं, किन्तु सामान्य पर्यटकों के लिए उनके दर्शन करना सुलभ नहीं है। इस मठ में ३५० से भी अधिक भिक्षुक हैं। वर्ष २००० में इस मठ ने अपने १००० वर्ष पूर्ण किये हैं।

काज़ा

सायंकाल में हमने काज़ा नगर में पैदल सैर की। स्पीति घाटी में कुछ दिवस व्यतीत करने के पश्चात स्वाभाविक रूप से यह नगर अपेक्षाकृत भीड़ भरा प्रतीत हुआ। बाजार में चहल-पहल थी। हमने जिससे भी अपने आगामी स्पीति यात्रा का उल्लेख किया, उन्होंने हमें स्पीति पारिमंडल(इकोस्फीयर) कार्यालय एवं कैफे एवं दुकान में जाने की सलाह दी। अतः हमने वहाँ जाने का निश्चय किया। वहाँ हमने प्यारी इशिता खन्ना से भेंट की तथा उनके साथ चाय पी। उन्होंने हमें अपने पर्यावरणीय पर्यटन के विविध गतिविधियों के विषय में बताया। अपने द्वारा संचालित व निर्देशित पद-यात्राओं एवं होमस्टे की सुविधाओं द्वारा वे कैसे गांववासियों के लिए जीविका के साधन उत्पन्न कर रहे हैं, यह जानकार अत्यंत प्रसन्नता हुई।

स्पीति पारिमंडल(इकोस्फीयर) में एक छोटी सी दुकान है जहां कुछ रोचक स्थानीय वस्तुएं उपलब्ध हैं। यहाँ सी-बक्थोर्न अथवा समुद्री झरबेरी का रस, शरबत तथा सार सर्वाधिक लोकप्रिय हैं। मैंने यहाँ की विशेषताओं से चित्रित कुछ चुम्बक भी खरीदे।

लान्ग्जा

स्पीति घाटी का लान्ग्ज़ा गाँव
स्पीति घाटी का लान्ग्ज़ा गाँव

काज़ा के उत्तर में लान्ग्जा, हिक्किम तथा कोमिक तीन गाँव हैं। ये तीनों गाँव विश्व के उच्चतम मोटर योग्य सडकों वाले गाँवों में से हैं। हम जिस दिन यहाँ पहुंचे, वर्षा हो रही थी जो इस क्षेत्र में विरल है। वर्षा के कारण मार्ग कीचड़ भरे हो गए थे। अतः हम हिक्किम एवं कोमिक नहीं जा पाए। वर्षा में कीचड़ व फिसलन भरे पहाड़ी संकरे मार्गों में गाड़ी चलाना अत्यंत जोखिम भरा कार्य होता है। हम इस संकट से दूर ही रहे। किन्तु हम लान्ग्जा पहुँचने में सफल रहे।

हिक्किम को विश्व का सर्वाधिक ऊँचाई पर स्थित डाक घर की अवस्थिति का गौरव प्राप्त है।

सालिग्राम

लान्गज़ा के सालिग्राम
लान्गज़ा के सालिग्राम

लान्ग्जा पहुँचने से कुछ क्षण पूर्व कुछ बालक हमारी गाड़ी के समीप आये तथा गाड़ी की खिड़की खटखटाने लगे। प्रत्येक बालक ने हाथ में एक बस्ता उठाया हुआ था जिसमें चक्र की छवि से उत्कीर्णित छोटे छोटे शिलाखंड थे। ये जीवाश्म युक्त शिलाखंड थे। हम सब जानते हैं कि करोड़ों वर्षों पूर्व हिमालय समुद्र की गहराइयों से उभर कर बाहर आया है। कुछ अंतर्जलीय जीव अब भी हिमालय के कुछ क्षेत्रों में पाए जाते हैं। चूंकि पत्थर पर स्थित चिन्ह चक्र के समान है, लोग इसका सम्बन्ध भगवान विष्णु से जोड़ देते हैं। ऐसे पत्थरों को सालिग्राम कहा जाता है। अनेक मंदिरों एवं घरों में इन्हें पूजा जाता है। ऋषिकेश एवं नेपाल जैसे स्थानों पर आप इन्हें विक्रेताओं के पास देख सकते हैं। ये सही था या नहीं, यह मैं नहीं जानती, किन्तु लान्ग्जा में प्रवेश करने से पूर्व मैंने भी एक सालिग्राम पत्थर क्रय किया था। लान्ग्जा में प्रवेश के पश्चात भी सालिग्राम बिक्री करती कुछ बालिकाओं के एक समूह से हमारी भेंट हुई।

उन बालिकाओं से वार्तालाप के पश्चात, उनसे सम्बंधित एक स्पष्ट स्मृति मेरे मस्तिष्क में अब भी है, वह है अल्प वय में उनके मोलभाव करने का कौशल।

और पढ़ें – मणिकरण साहिब और कुल्लू मनाली में स्थित पार्वती घाटी के रहस्य   

लान्ग्जा में पैदल सैर करते हुए हमने कुछ बालक-बालिकाओं से तथा कुछ महिलाओं से वार्तालाप करने का प्रयत्न किया। उनसे यह जानकारी प्राप्त हुई कि इस गाँव की जनसँख्या १०० से भी कम है। उन्हें कदाचित एक विशाल परिवार कह सकते हैं। संकरी गली में चलते हुए हम एक मठ पर पहुंचे। यहाँ प्रत्येक गाँव एक मठ के चारों ओर बसा हुआ है। गाँव के सभी घर एक समान हैं। श्वेत रंग में रंगी भित्तियाँ तथा उन पर स्थित द्वारों व झरोखों के चौखट काले रंग के हैं। प्रत्येक घर के अग्रभागीय द्वार पर नीले रंग की छाप उसे अन्य द्वारों से भिन्न बनाती हैं। यहाँ से हमें बुद्ध की एक विशाल प्रतिमा की ओर निर्देशित किया गया।

बुद्ध प्रतिमा

लान्ग्ज़ा की बुद्ध प्रतिमा
लान्ग्ज़ा की बुद्ध प्रतिमा

लान्ग्जा में बुद्ध की प्रतिमा इस परिदृश्य में एक नवीन अनुवृद्धि है। वस्तुतः, हिमालय के एक छोर से दूसरे छोर तक बुद्ध की अनेक विशाल प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। प्रतिमा के समीप पहुंचकर हमने समझा कि यह प्रतिमा सर्वोत्तम स्थान पर स्थापित की गयी है। यहाँ से चहुँ ओर का अप्रतिम व अबाधित दृश्य दृष्टिगोचर होता है। ऐसा प्रतीत होता है मानो बुद्ध को यहाँ सोच-समझ कर बिठाया गया है ताकि वे इस ऊँचाई से इस सुंदर एवं अछूती घाटी पर दृष्टी रख सकें।

रंग्रिक

यूँ तो रंग्रिक एक छोटा सा गाँव है किन्तु स्पीति के परिप्रेक्ष्य में यह अपेक्षाकृत विशाल है। हमने यहाँ भी बुद्ध की एक विशाल प्रतिमा देखी। पर्वतों की ढलान पर लिखित प्रार्थनाएं भी देखीं।

चुम्बकीय शैल गुफा

चुम्बकीय शैल गुफ़ा
चुम्बकीय शैल गुफ़ा

नदी के समक्ष, खड़ी चट्टान के ऊपर स्थित गुफा तक पहुँचने के लिए हमें किंचित पदचाप करने पड़े। गुफा अत्यंत लघु है जिसके भीतर एक समय केवल एक ही व्यक्ति जा सकता है। किन्तु गुफा के भीतर किसी भी सामान्य व्यक्ति के उपयोग की सभी सुविधाएं हैं। एक बिछौना, एक सिगड़ी, रसोईघर की सभी सामान्य वस्तुएं, पढ़ने की मेज इत्यादि। अर्थात सभी आवश्यक वस्तुएं, किन्तु ऐसी कोई भी वस्तु नहीं जिसके बिना जीवन संभव है।

और पढ़ें – नारकंडा और ठानेधार – हिमाचल प्रदेश के दो खूबसूरत पर्यटक स्थल

इस गुफा के एक छोर पर एक शिला थी। उस पर कुछ सिक्के चिपके हुए थे, ठीक वैसे ही जैसे हम फ्रिज के ऊपर चुम्बकीय प्रदर्शन वस्तुएं चिपकाते हैं। इस खड़ी शिला की चुम्बकीय विशेषताएं हैं। शिला का परिक्षण करने के लिए हमने भी कुछ सिक्के निकाले तथा उस पर चिपकाने का प्रयत्न किया। सिक्के शिला पर इस प्रकार चिपक गए मानो वे शिला का ही भाग हों।

चुम्बकीय शिला को गुफा के भीतर रखने का कारण मेरी समझ के परे था। कदाचित इसका चुम्बकीय प्रभाव मानवों के लिए सकारात्मक ना हो, अथवा यह लोगों में उत्सुकता उत्पन्न करने के लिए किया गया हो।

विरली जनसंख्या की स्पीति घाटी में जो इकलौता ब्रांड का नाम हमने देखा, वह था भारतीय स्टेट बैंक। ना केवल इसकी शाखाएं सभी प्रमुख स्थानों पर हैं, अपितु प्रत्येक शाखा में अगली शाखा की दूरी एवं अवस्थिति की सूचना स्पष्ट रूप से दी गयी है।

स्पीति घाटी यात्रा सुझाव

स्पीति घाटी का परिदृश्य
स्पीति घाटी का परिदृश्य

एक शाकाहारी होने के कारण स्पीति घाटी में हमारा जीवन शाकाहारी थुपका पर निर्भर था। दाल-भात भी आसानी से उपलब्ध हो जाता है।

शिमला से मनाली की हमारी यात्रा के मध्य में हमने काज़ा में अल्प-विराम लिया तथा काज़ा व उसके आस-पास के पर्यटन स्थलों के अवलोकन का आनंद उठाया। यदि आप सीधे काज़ा जाना चाहते हैं तो आप मनाली की ओर से ग्राम्फु एवं कुंजुम दर्रा होते हुए वहां पहुँच सकते हैं। ग्रीष्म ऋतु में मनाली एवं काज़ा के मध्य राज्य परिवहन की एक बस भी चलती है। मार्ग दुर्गम एवं अप्रत्याशित हैं।

यह एक मनमोहक व सुन्दर घाटी है। नीला आकाश, सपाट व रिक्त पर्वत, कलकल बहती नदी तथा कहीं कहीं हरियाली।

अनुवाद: मधुमिता ताम्हणे

The post काज़ा, लान्ग्जा एवं रंग्रिक – स्पीति घाटी के मनमोहक बौद्ध गाँव appeared first on Inditales.

]]>
https://inditales.com/hindi/spiti-ghati-kaza-langza-rangrik-gaon/feed/ 2 2428
नग्गर – कुल्लू मनाली का महल, इतिहास एवं प्रकृति https://inditales.com/hindi/naggar-kullu-manali-himachal/ https://inditales.com/hindi/naggar-kullu-manali-himachal/#comments Wed, 28 Jul 2021 02:30:24 +0000 https://inditales.com/hindi/?p=2362

नग्गर हिमाचल प्रदेश का एक आकर्षक स्थान है जो चित्रपट निर्माताओं में अत्यंत लोकप्रिय है। उन्हें जब भी हिमाचल प्रदेश में चित्रपट का चित्रण करना हो तो वे अधिकतर नग्गर की ओर ही जाना चाहते हैं। कुल्लू एवं मनाली के मध्य स्थित, प्राकृतिक दृश्यों से परिपूर्ण नग्गर केवल चित्रपट निर्माताओं का ही प्रिय गंतव्य नहीं […]

The post नग्गर – कुल्लू मनाली का महल, इतिहास एवं प्रकृति appeared first on Inditales.

]]>

नग्गर हिमाचल प्रदेश का एक आकर्षक स्थान है जो चित्रपट निर्माताओं में अत्यंत लोकप्रिय है। उन्हें जब भी हिमाचल प्रदेश में चित्रपट का चित्रण करना हो तो वे अधिकतर नग्गर की ओर ही जाना चाहते हैं। कुल्लू एवं मनाली के मध्य स्थित, प्राकृतिक दृश्यों से परिपूर्ण नग्गर केवल चित्रपट निर्माताओं का ही प्रिय गंतव्य नहीं था। कुल्लू-मनाली क्षेत्र के राजाओं व शासकों ने जब ब्यास नदी की पृष्ठभूमि में महलों एवं दुर्गों का निर्माण किया था तब उन्होंने नग्गर में ही अपनी गद्दी स्थापित की थी। रूसी चित्रकार, लेखक, पुरातत्त्वविद, थियोसोफिस्ट व दार्शनिक निकोलाई रोरिक ने भी निवास करने के लिए इन्ही महलों का चुनाव किया था। अपने परिदृश्यों से प्रोत्साहित होकर उन्होंने अनेक प्रख्यात कलाकृतियाँ रची थीं। वर्तमान में यह हिमाचल प्रदेश का लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। आप यहाँ कुल्लू अथवा मनाली से पहुँच सकते हैं। आप यहाँ ठहर भी सकते हैं क्योंकि कुल्लू-मनाली के मध्य स्थित इस नगरी में अधिक भीड़ नहीं होती।

कुल्लू मनाली के नग्गर का महल
नग्गर का महल

मेरे Himachal Odyssey के अंतिम पड़ाव के अंतर्गत मैं नग्गर गयी थी। यहाँ आने का उत्साह वही था जो इस यात्राक्रम के प्रथम दिवस था। मैं इस छोटी सी मनमोहक नगरी, नग्गर के दुर्गों एवं कला दीर्घाओं के विषय में पूर्व में ही बहुत कुछ सुन चुकी थी। मुझे वह एक उत्तम पर्यटन स्थल प्रतीत हुआ था। ब्यास नदी द्वारा पोषित प्रकृति की गोद में बसी नगरी जिसके महल एवं दुर्ग अद्भुत इतिहास एवं अप्रतिम कला से ओतप्रोत हैं। यदि आप सही मौसम में यहाँ आये तो आपको चारों ओर अनेक प्रकार के पुष्प प्रफुल्लित होते दृष्टिगोचर होंगे।

प्रस्तुत है हिमाचल प्रदेश के अप्रतिम पर्यटन गंतव्य नग्गर से सम्बंधित यात्रा निर्देशिका।

नग्गर महल

ज्ञात ऐतिहासिक सूत्रों के अनुसार नग्गर कुल्लू के महाराजाओं की राजगद्दी हुआ करती थी। खड़ी चट्टान की चोटी पर स्थित नग्गर का महल अपेक्षाकृत छोटा है। इसका निर्माण १६वीं शताब्दी में किया गया था। औपनिवेशिक काल में इसका प्रयोग एक न्यायालय के रूप में किया जाता था। स्वतंत्रता के पश्चात इसे एक विश्राम गृह में परिवर्तित कर दिया गया। वर्तमान में यह हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित एक विरासती होटल है। कुल्लू मनाली में छुट्टियां मनाते समय यहाँ ठहरना एक उत्तम विकल्प है।

नग्गर के महल से परिदृश्य
नग्गर के महल से परिदृश्य

इस महल के निर्माण में केवल लकड़ी एवं शिलाओं का प्रयोग किया गया है। इसका निर्माण स्थानिक काठ-कुणी वास्तु तकनीक के अनुसार किया गया है जिसमें लोहे का प्रयोग नहीं किया जाता है। इस महल में अनेक विशेष तत्व हैं। इसकी निर्मिती में लोहे की एक कील भी प्रयोग में नहीं लाई गई है। इस महल के लिए ब्यास नदी के उस पार से शिलाएं कैसे लायी गई थी, इससे सम्बंधित दो कथाएं प्रचलित हैं। महल के सूचना फलक पर आप उन्हें पढ़ सकते हैं। महल के द्वार पूर्णतः अखंड लकड़ी के हैं जो अत्यंत विस्मयकारी हैं. आप उस विशाल वृक्ष की कल्पना ही कर सकते हैं जिससे द्वार के लिए लकड़ी का इतना बड़ा टुकड़ा प्राप्त हुआ होगा।

और पढ़ें – हिमाचली सेब एवं सत्यानन्द स्टोक्स की समृद्धि दायक कथा

महल में चहुँ ओर भ्रमण के लिए गलियारें है जहां सैर करते हुए आप आस-पास के अप्रतिम परिदृश्यों का आनंद उठा सकते हैं। एक ओर घाटी का अत्यंत मनमोहक दृश्य दिखाई पड़ता है तो दूसरी ओर नग्गर नगरी स्थित है। नगरी की ओर दृष्टी डाले तो ऊंचे शिखरों से युक्त अनेक मंदिर अपनी उपस्थिति दर्शाते हैं। यहाँ से आप नगर की चहल-पहल एवं वहां के क्रियाकलापों को स्पष्ट देख सकते हैं।

नग्गर महल में एक लघु संग्रहालय भी है। समय ना हो तो इसका अवलोकन छोड़ भी सकते हैं, किन्तु महल की स्मारिका दुकान अवश्य जाएँ जहां से आप स्थानीय वस्तुएं क्रय कर सकते हैं।

नग्गर के मंदिर

जगतीपट्ट मंदिर

जगतीपट्ट मंदिर नग्गर
जगतीपट्ट मंदिर नग्गर

जगतीपट्ट मंदिर नग्गर महल के भीतर स्थित एक छोटा मंदिर है। सांस्कृतिक रूप से यह महल का सर्वाधिक महत्वपूर्ण भाग है क्योकि इसे कुल्लू के देवताओं की गद्दी माना जाता है। नग्गर में आज भी यह प्रथा है कि महामारी अथवा भूकंप जैसे किसी भी प्राकृतिक आपदाओं के समय गाँव के सभी गुरु एवं बुद्धिजीवी यहाँ एकत्र होकर जनता के कल्याण हेतु चर्चा करते हैं एवं उपयुक्त निर्णय लेते हैं। आपदाओं पर नियंत्रण पाने के लिए वे यहाँ संयुक्त रूप से यज्ञों तथा अन्य अनुष्ठानों का आयोजन करते हैं। मेरे मत से यह किसी भी संकट को मात देने का सर्वाधिक लोकतांत्रिक एवं सामूहिक मार्ग है।

ऐसी मान्यता है कि विभिन्न दैवी आत्माएँ मधुमक्खियों का रूप धर कर भृगु तुंग पर्वत का एक खंड यहाँ लाये तथा उसे यहाँ स्थापित किया। १९९९ में इस मंदिर का नवीनीकरण किया गया।

नशाला गाँव का चामुंडा देवी मंदिर

नशाला गाँव का चामुंडा देवी मंदिर
नशाला गाँव का चामुंडा देवी मंदिर

यह एक अनूठा मंदिर है जिसमें गहरे रंग की लकड़ी का नीले रंग से संगम किया गया है। इससे पूर्व मैंने ऐसा ही संगम रामपुर बुशहर के पदम महल में देखा था जो हरे-भरे वन के उत्कृष्ट रंग की पृष्ठ भूमि में उभर कर दिखाई पड़ता है। यह एक साधारण मंदिर है जिसके द्वार एक साथ खुले एवं बंद थे, जैसा कि समूचे हिमाचल प्रदेश के मंदिरों में दृष्टिगोचर होता है। इस मंदिर के विषय में अधिक जानकारी प्राप्त नहीं हो पायी किन्तु देवी को देख मुझे आभास हुआ कि हिमालय के इस भाग में शक्ति का वास अवश्य था।

त्रिपुर सुंदरी मंदिर

त्रिपुरसुंदरी मंदिर नग्गर
त्रिपुरसुंदरी मंदिर नग्गर

मुल्लू मनाली के इस क्षेत्र में यह दूसरा शक्ति मंदिर था जिसके मैंने दर्शन किये थे। यह एक अत्यंत आकर्षक मंदिर है। दुहरी तिरछी छत के ऊपर शंक्वाकार शिखर अद्वितीय प्रतीत होता है। उत्कीर्णित लकड़ी द्वारा इस मंदिर के स्तंभों एवं द्वारों को बनाया गया है। यद्यपि हिमाचल के अन्य मंदिरों के समान इस मंदिर में भी लकड़ी व शिलाओं एवं काठ-कुणी वास्तुशैली का प्रयोग किया गया है, तथापि त्रिपुर सुंदरी मंदिर में लकड़ी का अत्यधिक प्रयोग किया गया है, वह भी सूक्ष्मता व सघनता से उत्कीर्णित।

काष्ठ में उत्कीर्णित त्रिपुरसुन्दरी मंदिर
काष्ठ में उत्कीर्णित त्रिपुरसुन्दरी मंदिर

ऐसा प्रतीत होता है कि मंदिर के वास्तुविद मंदिर की अधिष्ठात्री देवी की सुन्दरता को मंदिर की संरचना में भी दर्शाना चाहते थे। मंदिर में एक मुक्तांगण है। प्रवेश करते ही सर्वप्रथम गणेशजी की आकर्षक काष्ठ प्रतिमा मन मोह लेती है। मंदिर परिसर में अनेक छोटे देवालय हैं जिनमें अनेक उत्कीर्णित शिलाएं रखी हुई हैं। परन्तु  उनके विषय में मुझे कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो पायी।

और पढ़ें – हिडिंबा देवी मंदिर – मनाली के डूंगरी वन विहार स्थित अधिष्टात्री देवी

नरसिंह देव मंदिर

नरसिंह देव मंदिर
नरसिंह देव मंदिर

नग्गर महल के सम्मुख यह नरसिंह देव मंदिर स्थित है। मंदिर तक पहुँचाने वाली दुहरी सीढ़ियाँ यूरोपीय शैली की प्रतीत होती हैं।

निकोलस रियोरिच कला दीर्घा

रियोरिच कला दीर्घा से दृश्य
रियोरिच कला दीर्घा से दृश्य

रियोरिच कला दीर्घा वास्तव में कलाकार निकोलस रियोरिच का निवासस्थान है जिन्होंने अपने जीवनकाल में कलाक्षेत्र में अनेक झंडे गाड़े हैं। उनके विषय में अधिक जानने के लिए उनके Wikipedia पेज पर जाएँ। निकोलस रियोरिच अपनी पत्नी एलेना के संग १९२८ में इस महल में आये थे। उससे पूर्व यह कुल्लू राजाओं का महल था। इमारत के चारों ओर सुन्दर बाग हैं। मैं जब यहाँ जुलाई मास में आयी थी, यह बाग विभिन्न प्रकार के रंगबिरंगे पुष्पों से भरा हुआ था। पुष्पों से भरे बगीचे के मध्य से एक मार्ग हमें दो-तल की इस इमारत तक ले जाता है जहां से घाटियों का अप्रतिम दृश्य प्राप्त होता है। निकोलस रियोरिच कला दीर्घा में छायाचित्रीकरण की अनुमति नहीं है।

रोयरिच कला दीर्घा
रोयरिच कला दीर्घा

कला दीर्घा के प्रथम तल पर निकोलस रियोरिच द्वारा चित्रित कलाकृतियाँ हैं। उनके द्वारा चित्रित परिदृश्यों में आपको उनकी विशिष्ट शैली अवश्य दिखाई देगी। यदि इस स्थान पर इतनी भीड़-भाड़ नहीं होती तो यह स्थल किसी भी कलाकार के लिए अधिक प्रीतिकर व प्रेरणादायी होता।

और पढ़ें – कुंजुम और रोहतांग दर्रा – दो हिमालयी दर्रों की कथा 

दूसरे तल पर खुला गलियारा है जिस पर चलते हुए आप रियोरिच परिवार के निजी आवासीय क्षेत्रों का अवलोकन कर सकते हैं। आपको ज्ञात होगा कि भारतीय चित्रपटों के आरंभिक चरण की लोकप्रिय नायिकाओं में से एक थी देविका रानी जिनका विवाह रियोरिच परिवार में हुआ था। आप उनका कक्ष भी देख सकते हैं। यह गृह सदृश संग्रहालय तो सुन्दर है ही, किन्तु इस इमारत के छज्जे से दृष्टिगोचर बाहरी परिदृश्य इस इमारत की विशेषता का सर्वोत्कृष्ट भाग है। अधिक जानकारी के लिए इस वेबस्थल पर जाएँ।

वृक्ष के नीचे स्थित प्रतिमाएं

प्राचीन पाषाण प्रतिमाएं
प्राचीन पाषाण प्रतिमाएं

रियोरिच कला दीर्घा के प्रवेश द्वार के समक्ष, एक वृक्ष के नीचे गहरे रंग की लकड़ी में बनी अनेक प्रतिमाएं रखी हुई थीं। कुतुहलतावश मैंने उन पर सरसरी दृष्टी दौड़ाई। ३ प्रतिमाओं में पुरुष घुड़सवारी करते दर्शाए गए थे। उनके चारों ओर अनेक प्रतिमाएं थीं जिनमें एक मुझे लज्जा गौरी के समान प्रतीत हुई। उन सभी प्रतिमाओं के माथे पर तिलक-टीका लगाया हुआ था जो इस तथ्य का द्योतक है कि उनकी अब भी पूजा अर्चना की जाती है। उनके विषय में उल्लेख करता हुआ कोई भी सूचना फलक उपलब्ध नहीं था। वहां के चौकीदार ने यह जानकारी दी कि वे कुल्लू के वीर राजाओं की प्रतिकृतियाँ हैं।

उरुस्वती – हिमालय शोध संस्थान

उरुस्वती - हिमालय शोध संस्थान
उरुस्वती – हिमालय शोध संस्थान

रियोरिच कला दीर्घा से कुछ १० मिनट चढ़ाई करते हुए हम दो सुन्दर इमारतों के निकट पहुंचे। इनमें हिमालय लोककला से सम्बंधित कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया है। यह हिमालय शोध संस्थान आरम्भ में दार्जिलिंग में स्थापित किया गया था। किन्तु शीघ्र ही इसे कुल्लू घाटी में स्थानांतरित कर दिया गया।

इस संग्रहालय में अत्यंत रोचक वस्तुओं एवं कलाकृतियों का प्रदर्शन किया गया है, जैसे इस क्षेत्र से एकत्रित विशेष शिलायें व पत्थर, जीवाश्म, उत्कीर्णित शिलाएं इत्यादि।

कुल्लू राजा स्मारिका शिला

हिमालय शोध संस्थान के भीतर जाने के लिए सीढ़ियाँ चढ़ने से पूर्व, आप देखेंगे कि कुछ उत्कीर्णित शिलाखंडों को व्यवस्थित प्रकार से पंक्तियों में रखा गया है। उन पर इतनी सुन्दर शिल्पकारी की गयी है कि आप कुछ क्षण ठहरकर उन्हें निहारना चाहेंगे। प्रत्येक शिलाखंड पर की गयी शिल्पकारी अपनी एक कथा कहती है। समीप लगे परिचय फलक के अनुसार ये कुल्लू के राजा व रानियों की स्मृति में लगायी गयी स्मारिका शिलाएं हैं। ये शिलाएं नग्गर महल के नीचे से प्राप्त हुई थीं। कालान्तर में रियोरिच परिवार ने इन्हें यहाँ पुनः स्थापित कर दिया। इन शिलाओं को सती शिलाएं अथवा वीर शिलाएं भी कहा जाता है।

कुल्लू राजाओं की समरक शिलाएं
कुल्लू राजाओं की समरक शिलाएं

ऐसी शिलाओं में बहुधा राजा को मध्य में दर्शाया जाता है जिनके दोनों ओर उनकी रानियाँ होती हैं। इनमें स्त्रियों को विशेष राजपुताना शैली के वस्त्रों एवं आभूषणों में दिखाया गया है। प्रत्येक शिलाखंड के ऊपर वैसा ही शिखर है जैसा कि हम उत्तर भारत के मंदिरों में देखते हैं। इसका अर्थ है कि यहाँ राजाओं एवं रानियों को देवता समान मान दिया जाता था।

और पढ़ें – नारकंडा और ठानेधार – हिमाचल प्रदेश के दो खूबसूरत पर्यटक स्थल

नग्गर जैसे एक छोटे से गाँव में इतना कुछ दर्शनीय है। एक छोटे से गाँव से इससे अधिक क्या उम्मीद की जा सकती है।

अनुवाद: मधुमिता ताम्हणे

The post नग्गर – कुल्लू मनाली का महल, इतिहास एवं प्रकृति appeared first on Inditales.

]]>
https://inditales.com/hindi/naggar-kullu-manali-himachal/feed/ 1 2362
हिमाचल का ताबो मठ- भित्तिचित्र, गुफाएं व शैलशिल्प https://inditales.com/hindi/tabo-math-spiti-ghaati-himachal/ https://inditales.com/hindi/tabo-math-spiti-ghaati-himachal/#comments Wed, 02 Jun 2021 02:30:56 +0000 https://inditales.com/hindi/?p=2312

ताबो, मनमोहक स्पीति घाटी की गोद में विराजमान एक छोटा सा शांतिपूर्ण गाँव। स्पीति नदी के तीर स्थित यह गाँव पूर्व में लियो पार्गिल की चोटी तथा पश्चिम में मणिरंग से घिरा हुआ है। हिमाचल का यह सुन्दर ताबो गाँव, १००० वर्षों से भी अधिक प्राचीन ताबो मठ तथा इसके माटी की संरचनाओं से भरे […]

The post हिमाचल का ताबो मठ- भित्तिचित्र, गुफाएं व शैलशिल्प appeared first on Inditales.

]]>

ताबो, मनमोहक स्पीति घाटी की गोद में विराजमान एक छोटा सा शांतिपूर्ण गाँव। स्पीति नदी के तीर स्थित यह गाँव पूर्व में लियो पार्गिल की चोटी तथा पश्चिम में मणिरंग से घिरा हुआ है। हिमाचल का यह सुन्दर ताबो गाँव, १००० वर्षों से भी अधिक प्राचीन ताबो मठ तथा इसके माटी की संरचनाओं से भरे परिसर में छुपे अप्रतिम विरासत के लिए अत्यंत प्रसिद्ध है। भित्तिचित्र, थांका चित्र, पांडुलिपियाँ, चूने के शिल्प व मूर्तियाँ तथा अप्रतिम एवं अनूठी वास्तुकला इस मठ की मनमोहक संपत्ति है।

ताबो मठ का प्रवेश द्वार
ताबो मठ का प्रवेश द्वार

हम दोपहर के भोजन के समय तक ताबो गाँव पहुँच गए थे। हमारी मंशा इस मठ में कुछ समय व्यतीत कर, आगे काजा के लिए प्रस्थान करने की थी। किन्तु, भोजन करते समय जब देवाचेन रिट्रीट के श्री रजिंदर बोध ने हमें यहाँ की गुफाओं एवं शैलशिल्पों के विषय में जानकारी दी, हमने तत्क्षण ताबो गाँव में कुछ घंटे नहीं, अपितु एक सम्पूर्ण दिवस व्यतीत करने का निश्चय किया। हमारे मन में इस गाँव की विरासत के दर्शन की अभिलाषा तीव्र हो चुकी थी। सत्य कहूं तो हमारा यह निश्चय सही मायनों में अनमोल सिद्ध हुआ।

ताबो गाँव समुद्र सतह से ३२८० मीटर अथवा १०,००० फीट की ऊँचाई पर स्थित है। इसकी जनसँख्या लगभग ४०० है।

ताबो मठ अथवा चोस-खोर गोम्पा

ताबो मठ को इसकी भित्तिचित्रों के कारण ‘हिमालय का अजंता’ कहा जाता है। इसका एक अन्य कारण यह भी है कि अजंता एवं ताबो दोनों को बौद्ध आस्था का प्रतीक माना जाता है। इस मठ के पूर्व भिक्षुक, लामा डेचेन ने हमें मठ परिसर का संचालित दौरा कराया। एक बौद्ध भिक्षुक होने के कारण उनका दौरा कलाकृतियों की अप्रतिम अभिव्यक्ति की अपेक्षा, भक्तिभाव से अधिक परिपूर्ण था। किन्तु उसी समय भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अधिकारीगणों की एक टोली एवं कुछ प्रशिक्षु मठ के अवलोकन हेतु वहां पहुंचे। मेरे सौभाग्य से मुझे एक ऐसे व्यक्ति से चर्चा करने का सुअवसर प्राप्त हो गया जिसे मठ के एक मंदिर एवं उसके भित्तिचित्रों के जीर्णोद्धार व संरक्षण के कार्य का उत्तरदायित्व सौंपा गया था। उन्होंने मुझे वहां की चित्रकारी के विभिन्न तकनीकियों एवं पुरातनता की सूक्ष्म एवं विस्तृत जानकारी प्रदान की।

ताबो मठ – प्राचीनतम किन्तु जीवंत मठ

स्पीती नदी के किनारे ताबो मठ
स्पीती नदी के किनारे ताबो मठ

इस प्राचीनतम व जीवंत मठ में ९ मंदिर एवं कुछ स्तूप हैं जिन्हें कुछ दूरी से निहारा जाए तो ये मिट्टी के घरों से युक्त एक छोटा सा गाँव प्रतीत होते हैं। मठ का मिट्टी में लिपटा अत्यंत सादा बाहरी परिदृश्य अपने भीतर क्या छुपाये हुए है, इसका तनिक भी आभास बाहर से नहीं हो पाता। मठ के बाहर लगे एक साधारण से सूचना फलक पर केवल ताबो मठ का नाम लिखा हुआ है। मठ के भीतर प्रवेश करते ही आप स्वयं को मिट्टी की अनेक संरचनाओं से घिरा पायेंगे जिन पर यदि किसी उजले रंग की छटा है तो वह केवल लामाओं के चटक लाल रंग के वस्त्रों की। यह किसी निराले ही विश्व में प्रवेश करने के सामान है। क्यों ना हो? इससे पूर्व मैंने व कदाचित आपने भी, कभी इस प्रकार के सम्पूर्ण रूप से माटी द्वारा निर्मित संरचनाओं के मध्य स्वयं को नहीं पाया होगा।

माटी से बनी भित्तियां
माटी से बनी भित्तियां

हमने अपना अवलोकन मुख्य मंदिर से आरम्भ किया जिसे त्सुग्लान्ग्खंग अथवा सभा कक्ष कहते हैं। मठ के इस प्राचीनतम संरचना के भीतर जिस शिल्प पर हमारी प्रथम दृष्टी पड़ी, वह थी गणेश की प्रतिमा जो दो धर्मों के संगम का प्रतीक प्रतीत हो रही थी। इस कक्ष में उपस्थित चित्र १७वीं शताब्दी के हैं। इस मठ के संस्थापक के दो पुत्रों, नागराज एवं देवराज, की प्रतिमाएं सभा कक्ष के द्वार पर खड़ी हैं।

मठ का सभाकक्ष

ताबो मठ के मुख्य मंदिर का सभा कक्ष एक अत्यंत उत्कृष्ट कृति है जिसे निहारने के लिए यहाँ पर्याप्त समय व्यतीत करने की आवश्यकता है। इसकी चारों भित्तियों पर बोधिसत्वों के चूने द्वारा निर्मित ३३ उभरे हुए उत्कृष्ट शिल्प हैं। उनमें प्रत्येक प्रतिमा के विशेष नाम हैं जिनका आरम्भ वज्र शब्द से होता है, जैसे वज्र लास्य अथवा वज्र रत्न। उन्हें उत्कृष्ट रूप से चित्रित भीत्तियों के ऊपर जड़ा गया है। प्रथम दर्शनी वे अजंता का स्मरण कराते हैं। किन्तु उनकी चित्रण शैली समान नहीं है। दाहिनी ओर की भित्ति पर बुद्ध की जीवनी का चित्रण किया गया है जिन्हें स्थानिक शाक्यमुनि बुद्ध कहते हैं। कक्ष के अन्य भित्तियों पर बोधिसत्वों की जीवनी की प्राधान्यता है। इनमें कुछ चित्र ९९६ ई. से १०४२ ई. के तथा कुछ १७वीं ई. से १९वीं ई. तक के भी माने जाते हैं। ऐसा प्रतीत होता है मानो इस मठ द्वारा अनुभवित गत सहस्त्र वर्षों से भी अधिक जीवन काल के विभिन्न समयावधियों को परतों में प्रदर्शित किया गया हो।

ताबो गाँव एवं मठ
ताबो गाँव एवं मठ

इस कक्ष के भीतर उजाले का एकमात्र स्त्रोत था कक्ष की छत पर स्थित एक छिद्र जिसे कांच द्वारा ढंके एक उभरे झरोखे के समान निर्मित किया गया था। जुनिपर अथवा हपुषा की सुगन्धित लकड़ी द्वारा निर्मित स्तम्भ छत को आधार दे रहे थे। इस संरचना की एक विशेषता थी कि ये भूमि पर खोखले आधार पर खड़े थे जो इससे पूर्व मैंने कहीं नहीं देखा था।

ताबो गोम्पा

ताबो गोम्पा एक मंडल के रूप में मुख्य मंदिर के सभा कक्ष के मध्य भाग पर निर्मित है। सभा कक्ष ‘वज्रधातु मंडल’ का प्रतीक है जिसमें धर्म चक्र प्रवर्तन मुद्रा में चार गुने वैरोचन हैं। इनके समीप भित्तियों पर ३३ वज्रयान देवताओं की छवि हैं। गर्भगृह के भीतर एक सिंह पर सवार अमिताभ की प्रतिमा है। इसके दाहिनी ओर रामपानी तथा बाईं ओर महास्थानप्रता हैं। यूँ तो अमिताभ का वाहन मोर है, किन्तु यहाँ उन्हें सिंह पर सवार दर्शाया गया है। हमारे गाइड के अनुसार इस स्थान पर किसी काल में कदाचित बुद्ध की प्रतिमा थी जिसे नवीनीकरण के समय अमिताभ की प्रतिमा से प्रतिस्थापित किया गया हो तथा उनके वाहन को अविचलित ऐसे ही रखा हो।

बोधिसत्व
बोधिसत्व

साधारणतः, मठ के भीतर गोन खंग नामक एक लघु कक्ष होता है जिसके भीतर केवल वृत्तिशील भिक्षुओं को ही ध्यान हेतु जाने की अनुमति होती है। यहाँ यह सभा कक्ष के सम्मुख है। इन्हें महाकाल वज्र भैरव मंदिर भी कहा जाता है। मुझे बताया गया कि इनके भीतर महाकाल एवं श्रीदेवी की प्रतिमाएं होती हैं।

पीटर वैन हैम के संस्करण के अनुसार, चोखोर के त्सुग लाखंग के भीतर निम्न शिलालेख है-

उनके लिए जो लम्बी यात्रा के पश्चात थक चुके हैं,

तथा उन प्राणियों के लिए जो दुःख के साक्षी हैं,

मित्रों व सगे-सम्बन्धियों ने जिन्हें त्याग दिया है,

यह सुन्दर मंदिर उन्ही को समर्पित है।

-चोखोर के त्सुग लाखंग के भीतर आलेखित

स्त्रोत – पीटर वैन हैम का ब्लॉग

ताबो मठ के भित्तिचित्र

बोधिसत्व भित्ति चित्र
बोधिसत्व भित्ति चित्र

ताबो मठ के भित्तिचित्र उसी प्रकार के टेम्परा चित्र शैली के हैं जैसे अजंता की गुफाओं में हैं। इनमें किसी संश्लेषयुक्त पदार्थ के साथ जलीय रंगों का प्रयोग किया जाता है। इसी कारण ताबो मठ की भित्तियों के इन भित्तिचित्रों पर भीषण संकट मंडरा रहा है क्योंकि जल रिसाव के कारण भित्तियों की परतें उतर रही हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अधिकारी इस समस्या की जांच कर रहे हैं। आशा है कि वे विशेषज्ञों की सहायता से इस समस्या का हल शीघ्र निकाल लेंगे तथा इस विरासत का संरक्षण कर सकेंगे।

अजंता के ही समरूप यहाँ के भित्तिचित्र भी बुद्ध एवं बोधिसत्व की कथाएं कहती हैं। छतों पर ज्यामितीय आकृतियाँ चित्रित हैं।

कुछ स्थानों पर अपूर्ण चित्रों की रूपरेखाएँ दृष्टिगोचर होती हैं जो चित्रकारी की प्रक्रिया प्रदर्शित करते हैं अथवा कदाचित वहां के रंग समय के साथ फीके पड़ गए हैं।

बौद्ध भिक्षुओं के चित्र
बौद्ध भिक्षुओं के चित्र

अनेक स्थानों पर भित्ति के अभिलेखन चित्रकारी की तिथि तथा चित्रित कथा के विषयवस्तु की जानकारी देते हैं। साथ ही इन चित्रों के प्रायोजकों के नाम भी हैं। सभी अभिलेखन बोटी लिपि में हैं।

गुगे साम्राज्य

गुगे साम्राज्य के राजाओं ने रिनचेन जंगपो के निर्देशन में इस मठ का निर्माण करवाया था। रिनचेन जंगपो एक महान अनुवादक थे जिन्होंने बौद्ध पांडुलिपियों का संस्कृत से तिब्बती भाषा में अनुवाद किया था। रिनचेन जंगपो नालंदा विश्वविद्यालय के विद्यार्थी थे। इस मठ का निर्माण करते समय वे भित्तियों पर चित्रकारी करने के लिए कश्मीरी कारीगरों को यहाँ लेकर आये थे। मठ के भित्तिचित्रों में उनका प्रभाव स्पष्ट झलकता है।

अन्य ८ मंदिरों के अवलोकन करने के लिए आपको लामाओं से उनके द्वार खोलने का निवेदन करना पड़ेगा।  एक मंदिर के भीतर मुझे एक विलक्षण चित्र का स्मरण है जिसमें हरित तारा तथा ३ मुख व ८ हस्तों से युक्त उश्निश्विजय को दर्शाया गया है। मैत्रेय मंदिर में मैत्रेय बुद्ध की विशाल प्रतिमा है। मंदिर के द्वार पर अप्रतिम चौखट है जो मुझे पश्चिमी चालुक्य मंदिरों का स्मरण कराता है।

मठ परिसर में २३ स्तूप हैं जिनमें कुछ के भीतर भित्तिचित्र हैं। उत्तम प्रदर्शन सुविधाओं की अनुपस्थिति में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने इनके अवलोकन की अनुमति प्रदान नहीं की है। कुछ स्तूपों पर नक्काशी अवश्य देखी जा सकती है।

ताबो गाँव को भारतीय एवं तिब्बती संस्कृतियों का प्राचीन संगम स्थल माना जाता है जहां तिब्बती विद्यार्थी भारतीय बौद्ध विद्वानों से शिक्षण ग्रहण करने यहाँ आते थे।

यहाँ का जीवन मठ तथा इसके द्वारा लघु स्तर पर उत्पन्न पर्यटन अर्थव्यवस्था के चारों ओर ही केन्द्रित रहता है।

मंदिर के भीतर छायाचित्रीकरण की अनुमति नहीं है किन्तु मंदिर के भीतर के भित्तिचित्रों के चित्र आप क्रय कर स्मारिका के रूप में ले जा सकते हैं।

यहाँ एक नवीन मठ का भी निर्माण किया गया है जहां मठ के सहस्त्र वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दलाई लामा ने स्वयं १९९६ में कालचक्र दीक्षा कराई थी।

ताबो गुफाएं

ताबो की प्राचीन गुफाएं
ताबो की प्राचीन गुफाएं

यदि आपने सहस्त्र वर्षों पूर्व इस स्थान की यात्रा की होती तो आप कदाचित इन गुफाओं में रह रहे होते जिन्हें आज आप ताबो गाँव से सटी पहाड़ी पर बिखरी हुई देख सकते हैं। वर्त्तमान में ये गुफाएं अत्यंत जीर्ण अवस्था में हैं तथा इन तक पहुँचना अत्यंत कठिन है। तथापि ये गुफाएं ताबो मठ के अंतर्गत आते एक गुफा मंदिर के इतने समीप स्थित है कि आप वहां से इन गुफाओं को स्पष्ट देख सकते हैं। कुछ गुफाएं दो तलों की हैं तो कुछ ऐसी प्रतीत होती हैं मानो उन्हें चट्टानों को कुरेद कर बनाया गया हो। मुझे बताया गया कि इन गुफाओं के भीतर धुंए के चिन्ह हैं जो यह दर्शाते हैं कि किसी काल में इन गुफाओं में वास था। यूँ तो उनकी तिथि ज्ञात नहीं है, किन्तु ऐसा अनुमान है कि ये लगभग उस काल में अस्तित्व में आये होंगे जब ९९६ ई. में इस मठ की स्थापना की जा रही थी। तब तक ताबो गाँव अस्तित्व में नहीं था तथा यात्री भिक्षुक अनुमानतः इन गुफाओं में ही ठहराते थे।

पहाड़ों में खुदी गुफाएं
पहाड़ों में खुदी गुफाएं

गुफा मंदिर ताबो मठ के अंतर्गत एक सादी गुफा संरचना है जो इस प्रकार मिट्टी से ढंकी हुई है कि यदि आपके वस्त्र इनकी सतह को छूकर निकले तो मुट्ठी भर मिट्टी भी साथ ले ले। इसके संरक्षण का उत्तरदायित्व भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग पर है। सीमेंट-कंक्रीट द्वारा निर्मित एक पक्की सीढ़ी आपको गुफा तक ले जायेगी जिसमें एक मंदिर, एक पाकगृह तथा एक सभाकक्ष हैं।

शैलशिल्प

प्राचीन शैल्शिल्प
प्राचीन शैल्शिल्प

मुझे यहाँ के शैलशिल्पों की पूर्व जानकारी नहीं थी। उनके विषय में मुझे यहाँ आकर ही ज्ञात हुआ। अकस्मात् ही हमारे गाइड के मुख से उनके विषय में कुछ उद्गार व्यक्त हो गए जिसने हमारी जिज्ञासा को जन्म दे दिया। आरम्भ में उसने हमें वहां जाने के लिए यह कह कर हतोत्साहित किया कि वहां पहुँचने के लिए कष्टकर पदयात्रा की आवश्यकता होगी। किन्तु मैं अपने निश्चय पर अडिग रही। अंततः उसने हमें गाँव की शाला के पृष्ठभाग में स्थित एक सरकारी परिसर के भीतर कुछ अप्रतिम शैलतक्षण के दर्शन कराये। यूँ तो शिलाओं पर किये गए तक्षण उत्कृष्ट रूप से संरक्षित थे किन्तु ये शिलाएं झाड़ियों में तितर-बितर रूप से बिखरे हुए थे। मुझे कुछ कष्ट उठाकर उन तक पहुँचना पड़ा किन्तु मेरी मेहनत अत्यंत फलदायी सिद्ध हुई।

प्राचीन तक्षकला

मैंने गहरे भूरे रंग की शिलाएं देखीं जिन पर हल्के भूरे रंग द्वारा तक्षण किया गया था। अन्य प्राचीन शैलशिल्प स्थलों के समान इन शिलाओं पर भी पशुओं एवं शिकार के दृश्य उत्कीर्णित थे। वहां एक दृश्य ने मुझे सर्वाधिक अचंभित किया। लगभग सभी तक्षित शिलाओं पर स्वस्तिक के अनेक चिन्ह उत्कीर्णित थे। कुछ स्थानों पर मुझे ॐ के भी चिन्ह दृष्टिगोचर हुए।

ताबो गाँव को विश्व से जोड़ता पुल
ताबो गाँव को विश्व से जोड़ता पुल

इस स्थान का दुर्भाग्य है कि समीप कहीं भी उनके विषय में जानकारी प्रदान करते सूचना फलक नहीं थे। मुझे जानकारी दी गयी कि किसी व्यक्ति ने स्वतन्त्र रूप से इन शैलशिल्पों का अध्ययन किया एवं उन पर किये गए शोध पर एक पुस्तक भी प्रकाशित की। किन्तु मुझे ना तो वह पुस्तक मिली, ना ही उसका नाम।

अगले दिन हम सेतु पार कर धनकर व काजा की ओर जाते मार्ग पर पहुंचे। मैं ताबो की विरासत को सदा के लिए अपने मन मस्तिष्क में समेटे वहां से जा रही थी। मुझे यह विश्वास हो गया था कि मैं इस स्थान के विषय में आयुष्य भर चर्चा करूंगी।

अनुवाद: मधुमिता ताम्हणे

The post हिमाचल का ताबो मठ- भित्तिचित्र, गुफाएं व शैलशिल्प appeared first on Inditales.

]]>
https://inditales.com/hindi/tabo-math-spiti-ghaati-himachal/feed/ 2 2312
लद्दाख के स्पितुक बौद्ध मठ का रहस्यमयी चाम नृत्य https://inditales.com/hindi/cham-nritya-spituk-math-ladakh/ https://inditales.com/hindi/cham-nritya-spituk-math-ladakh/#comments Wed, 22 Jan 2020 02:30:17 +0000 https://inditales.com/hindi/?p=1673

बौद्ध चाम नृत्य एक आनुष्ठानिक नृत्य है। हिमालयीन क्षेत्रों, विशेषतः लद्दाख के विभिन्न बौद्ध मठों में इस उत्सव का आयोजन किया जाता है। प्रत्येक मठ अपने पञ्चांग के अनुसार भिन्न भिन्न दिवसों में इस उत्सव का आयोजन करता है तथा अपना स्वयं का गुस्तोर उत्सव मनाता है। यह लद्दाख का सर्वाधिक महत्वपूर्ण उत्सव है। मैंने […]

The post लद्दाख के स्पितुक बौद्ध मठ का रहस्यमयी चाम नृत्य appeared first on Inditales.

]]>

बौद्ध चाम नृत्य एक आनुष्ठानिक नृत्य है। हिमालयीन क्षेत्रों, विशेषतः लद्दाख के विभिन्न बौद्ध मठों में इस उत्सव का आयोजन किया जाता है। प्रत्येक मठ अपने पञ्चांग के अनुसार भिन्न भिन्न दिवसों में इस उत्सव का आयोजन करता है तथा अपना स्वयं का गुस्तोर उत्सव मनाता है। यह लद्दाख का सर्वाधिक महत्वपूर्ण उत्सव है। मैंने जनवरी के मास में लद्दाख का भ्रमण किया था। तब लेह के समीप स्थित स्पितुक मठ में इस गुस्तोर उत्सव में भाग लेने का अवसर प्राप्त हुआ।

मुस्कुराती हुई लद्दाखी महिला
मुस्कुराती हुई लद्दाखी महिला

बुद्ध एवं बौध धर्म को मैं जितना समझती थी, चाम नृत्य उससे ठीक विपरीत प्रतीत हुआ। चाम नृत्य रंगों से परिपूर्ण अत्यंत मनभावन उत्सव है जिसे लामा कठोर अनुष्ठानों एवं नियमों के अंतर्गत प्रस्तुत करते हैं। एक ओर हम उन्हें पहाड़ों के ऊपर स्थित बौध मठों में रहते एवं प्रार्थना करते देखते हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हें इस मनमोहक नृत्य में तल्लीन देखना अत्यंत विस्मयकारी है। हिमायालीन बौद्ध मठ, जो अन्यथा शांत क्षेत्र होते हैं, इस उत्सव के समय जीवंत हो उठते हैं। रंगबिरंगे चटक एवं भव्य परिधान धारण किये लामा संगीत के सुरों पर थिरकते एवं झूमते हुए नृत्य करते हैं।

और पढ़ें – कड़कती सर्दियों में लद्दाख की सड़कें

चाम नृत्य का इतिहास

नीला मुखौटा पहने चाम नृत्य करते एक बोद्ध भिक्षुक
नीला मुखौटा पहने चाम नृत्य करते एक बोद्ध भिक्षुक

यह एक प्राचीन नृत्य परंपरा है जिसकी उत्पत्ति संभवतः तिब्बत में हुई थी। किवदंतियों के अनुसार इस नृत्य परंपरा का सम्बन्ध ८ वीं. शताब्दी के गुरु पद्मसंभव से है। ऐसा माना जाता है कि तिब्बत के तत्कालीन सम्राट त्रिशोंग डेस्टन ने गुरु पद्मसंभव को आमंत्रित किया था। वे उनसे उन आत्माओं से मुक्ति प्राप्त करने में सहायता चाहते थे जो उन्हें साम्ये बौद्ध मठ निर्माण करने में अड़चन उत्पन्न कर रहे थे। दिन के समय जो भी निर्माण कार्य सम्पूर्ण किया जाता था, रात्रि में वे आत्माएं उसे समूल नष्ट कर देती थीं। गुरु पद्मसंभव ने उन आत्माओं को नष्ट करने के लिए अनुष्ठान किये थे। समय के साथ ये अनुष्ठान बढ़ते चले गए। आज ये अनुष्ठान चाम नृत्य के रूप में किया जाता है। यह अनुष्ठान विशेषतः महायान बौद्ध धर्म से सम्बंधित है।

पीला मुखौटा पहने चाम नर्तक
पीला मुखौटा पहने चाम नर्तक

‘कोर ऑफ़ कल्चर’ द्वारा चाम नृत्य पर किये विस्तृत अनुसंधान के अनुसार यह नृत्य संभवतः गुरु पद्मसंभव के इस घटना से भी पूर्व अस्तित्व में था। समय के साथ इसमें परिवर्तन आते चले गए। यह नृत्य एक तांत्रिक नृत्य से सार्वजनिक प्रदर्शन में परिवर्तित हो गया है।

चाम, यह शब्द इस नृत्य में प्रयुक्त एक मुद्रा से उत्पन्न है। इस नृत्य शैली में इस मुद्रा का प्रयोग व्यापक रूप से किया जाता है। इस नृत्य शैली में हस्त मुद्राओं, पहनावों तथा हाथों में धारण किये चिन्हों का अत्यंत महत्व है। जैसे, हाथों में तलवार धारण करने का अर्थ है अज्ञानता का नाश करना।

और पढ़ें – दिल्ली श्रीनगर लेह सड़क यात्रा – जहां मार्ग ही लक्ष्य बन जाता है!

कुछ इतिहासकारों का मानना है कि इस परम्परा का आरम्भ शाक्यमुनि अर्थात् ऐतिहासिक बुद्ध के जीवनकाल में हुआ था। यह सिद्धांत इस परंपरा का उद्भव छठीं ईसा पूर्व बताता है।

मुखौटा नृत्य अथवा चाम नृत्य की कथा

लद्दाख में चाम नृत्य प्रदर्शन का विडियो देखें।

इस नृत्य का पूर्ण उद्देश्य है, मानवता की भलाई के लिए दुष्ट आत्माओं का अंत। यह कैसे किया जाता है, यह अत्यंत रोचक है। उत्सव से पूर्व बौद्ध भिक्षुक लम्बे समय तक ध्यान एवं प्रार्थना करते हैं। गुस्तोर उत्सव के दिन, वे बेल बूटेदार जरी से निर्मित परिधान धारण करते हैं। सर पर भयंकर मुखौटे तथा हाथों में प्रतीकात्मक वस्तुएं धारण करते हैं। इस प्रकार भयावह रूप धरकर वे दुष्ट आत्माओं को डराते हैं तथा उन्हें वहां से भगा देते हैं।

चाम नृत्य की गोपनीयता

सीढ़ियों से नीचे आते मुखौटाधारी नर्तक
सीढ़ियों से नीचे आते मुखौटाधारी नर्तक

प्रारम्भ में यह नृत्य अत्यंत गोपनीय हुआ करता था। लामा एकांत में यह नृत्य प्रदर्शन करते थे। मेरे अनुमान से तांत्रिक तत्वों से जुड़े होने के कारण इस परंपरा को गुप्त रखा गया था।

वर्तमान में यह नृत्य पूर्णतः सार्वजनिक प्रदर्शन में परिवर्तित हो गया है। गाँव निवासी मठ के चप्पे चप्पे पर स्थान ग्रहण कर बैठ जाते हैं। मध्य में केवल नर्तकों द्वारा प्रदर्शन के लिए पर्याप्त स्थान छोड़ देते हैं। चारों ओर लगे कैमरे भविष्य के लिए इस नृत्य को कैद करते रहते हैं। तकनीकी की सहायता से आज इस नृत्य को हम कहीं भी बैठकर देख सकते हैं तथा इसका आनंद ले सकते हैं।

और पढ़ें – कुचिपुड़ी गाँव – आंध्र प्रदेश का प्राचीन नृत्य ग्राम

यह नृत्य परम्परा लामाओं में पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ रही है। इसके विषय में कहीं भी लिखित प्रमाण उपलब्ध नहीं है। हाँ, मेरे द्वारा प्रत्यक्ष लिया गया यह विडियो आने वाली पीढ़ियों के लिए अवश्य एक वैद्य प्रमाण है।

लाल मुखौटाधारी नर्तक
लाल मुखौटाधारी नर्तक

चाम एक तांत्रिक अनुष्ठान है। इसकी जड़ें हिन्दू तांत्रिक सम्प्रदाय की प्राचीन भारतीय तांत्रिक परम्पराओं में पाया गया है।

दुष्ट आत्माओं का अंत

ऐसा माना जाता है कि नृत्य करते लामा भिक्षुओं में रक्षात्मक देवी-देवता अवतरित हो जाते हैं। नृत्य करते समय वे इन देवी-देवताओं के प्रत्यक्ष स्वरूप बन जाते हैं। मेरा अनुभव जानना चाहें तो, स्पितुक मठ में मैंने जो चाम प्रदर्शन देखा, वहां मुझे ऐसा कुछ भी प्रतीत नहीं हुआ।

नृत्य प्रदर्शन के समय लामा जो विस्तृत मुखौटे धारण करते हैं, उन्हें मिट्टी एवं सूत के मिश्रण द्वारा निर्मित किया जाता है। प्राकृतिक रंगों द्वारा उन्हें रंग कर उन पर बहुमूल्य घातुओं द्वारा चमक दी जाती है। प्रत्येक मुखौटा किसी वेशेष देवता को दर्शाता है। जैसे, काला मुखौटा धारण किया हुआ लामा महाकाल का स्वरूप धरता है, वहीं पीला मुखौटा धन के देव वैश्रमण को दर्शाता है। कुछ मुखौटों पर हिरण तथा भैंस जैसे पशुओं के शीश की आकृति होती है। मध्य में विदूषक जैसे परिधान धारण कर भी कई लामा नृत्य करते हैं। मेरे गाइड के अनुसार ये लामा अनुयायियों को दर्शाते हैं।

मैंने केवल पुरुष लामाओं को ही यह नृत्य प्रदर्शित करते देखा है। मैंने इसके विषय में जितना भी साहित्य पढ़ा था, वहां भी केवल पुरुष बौद्ध भिक्षुओं द्वारा यह नृत्य किये जाने का उल्लेख था। नृत्य के कुछ भागों में नर्तक देवी-देवताओं के जोड़े को दर्शाते हुए नृत्य करते हैं मानो भगवान् अपनी पत्नी सहित पधार रहे हैं। यहाँ भी दोनों पात्र पुरुष ही निभाते हैं।

स्पितुक मठ के गुस्तोर उत्सव का चाम नृत्य

यह मेरा सौभाग्य था कि मुझे लेह के बाहर एक छोटी पहाड़ी के ऊपर स्थित स्पितुक मठ के गुस्तोर उत्सव में भाग लेने का स्वर्णिम अवसर प्राप्त हुआ। हमने दिन का आरम्भ इस बौद्ध मठ के दर्शन से किया जहां तक पहुँचने के लिए ऊंची चढ़ाई करनी पड़ती है। यह चढ़ाई अत्यंत आनंददायी थी। चारों ओर लेह नगरी एवं लेह विमानतल का मनमोहक दृश्य था। मार्ग में हम कई लद्धाखियों से मिले। हमने जब उनके छायाचित्र लेने की इच्छा व्यक्त की, उन्होंने सहर्ष हमारे आग्रह को मान कर हमें कई चित्र लेने दिए।

लेह का स्पितुक बौद्ध मठ

स्पितुक मठ में, मुख्य सभागृह के पृष्ठभाग में स्थित एक कक्ष में हमने प्रवेश किया। वहां सम्पूर्ण भित्तियाँ बौद्ध कथाओं, चिन्हों तथा प्रतिमाओं से भरी हुई थीं। स्पितुक मठ का निर्माण ११वी. सदी में किया गया था, वहीं भित्तिचित्र १४वी. शताब्दी में बनाए गए हैं। महीन चूने द्वारा श्वेत चिंतामणी, षट-भुजाधारी महाकाल, वैश्रवण, वज्र भैरव, श्री देवी तथा चामुंडी सहित अनेक उपासिकाओं की प्रतिमाएं भी बनायी गयी थीं। आपको अचरज हो रहा होगा कि बौद्ध मठ के भीतर बौद्ध धर्म के चिन्हों के साथ हिन्दू देवी-देवताओं के भी चित्र हैं। इन्हें देख आप सोच में पड़ जाते हैं कि क्या इनमें कोई भेद है?

मठ के भीतर विभिन्न मंदिरों के दर्शन के उपरांत हम एक प्रांगण में पहुंचे जहां नृत्य प्रदर्शन के प्रबंध किये जा रहे थे। सम्पूर्ण प्रांगण दर्शकों से भरने लगा था। सौभाग्य से हमें एक मुंडेर के पीछे, एक ऊंचे स्थान पर बैठने के लिए कहा गया जहां से हमें प्रांगण का दृश्य भलीभांति दिखाई पड़ रहा था। कई लोग छत पर, खिड़कियों पर तथा प्रांगण के दूसरी ओर भी बैठे थे।

स्पितुक मठ का गुस्तोर उत्सव

लद्धाख का स्पितुक मठ
लद्धाख का स्पितुक मठ

उत्सव का आरम्भ भित्ति पर टंगे एक विशाल थान्ग्का के अनावरण से हुआ। शनैः शनैः जब इसका अनावरण हो रहा था, तब ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो देवी देवताओं को अनुष्ठान में भाग लेने के लिए आमंत्रित कर रहा हो। कुछ भिक्षुक संगीत वाद्य बजा रहे थे। अचानक एक ओर स्थित ऊंची सीढियाँ आकर्षण का केंद्र बिंदु बन गयी। कई भिक्षुक रंगबिरंगे परिधान तथा मुखौटे धारण कर सीढियाँ उतर रहे थे। वे जोड़ों में अथवा छोटे छोटे समूहों में आते, अपना निर्धारित नृत्य प्रदर्शन करते तथा वहां से चले जाते थे। मध्य में कुछ भिक्षुक दर्शकों से हंसी-मजाक करते, उन्हें छेड़ते तथा चले जाते थे। दोपहर के भोजन का समय होते ही सब दर्शकों ने भोजन के डब्बे खोले तथा खाने लगे। भोजन ग्रहण करने के लिए अनुष्ठान में अल्प विराम दिया गया था। इतना समय उपलब्ध था कि हमने अपने अतिथिगृह ‘होटल दी ग्रैंड ड्रैगन’ जाकर भोजन किया।

गुस्तोर उत्सव का मेला – लद्दाख
गुस्तोर उत्सव का मेला – लद्दाख

भोजन के समय तक मठ के बाहर मेला लग गया था। मठ के पृष्ठभाग से हमें तम्बोला की बोलियों के स्वर सुनायी दे रहे थे। मठ के सामने कई छोटी छोटी दुकानें लग गयी थीं जहां खाद्य पदार्थों सहित कई प्रकार की वस्तुएं बिक्री की जा रही थीं। हम भीड़ में लगभग फंस गए थे। न जाने कहाँ से अचानक इतने लोग एकत्र हो गए थे। दोपहर के भोजन के उपरांत भी हमें उत्सव के प्रदर्शनों को देखने की इच्छा थी। किन्तु खचाखच भरी भीड़ को देख हमें आभास हो गया कि मठ के भीतर जाना लगभग असंभव है। अतः हमने भीतर ना जाकर लेह में कुछ और करने का निश्चय किया।

इतना अवश्य कहना चाहूंगी कि जितना आनंद मुझे नृत्य देखने में आ रहा था, उतना ही आनंद मुझे नृत्य देखते लद्दाख के लोगों को देखने में भी आ रहा था। वृद्ध लोगों ने हाथों में प्रार्थना चक्र लिया हुआ था तथा वे उसे ऐसे घुमा रहे थे मानो यह उनका स्वभाव बन गया हो। कई स्त्रियों ने फिरोजा मणी के सुन्दर हार गले में पहने हुए थे। सभी बालक बालिकाएं सुन्दर एवं गोल-मटोल थे।

समापन

लद्दाख के गुस्तोर उत्सव के बाज़ार
लद्दाख के गुस्तोर उत्सव के बाज़ार

बौद्ध मठ के इस उत्सव को देखना तथा इसमें भाग लेना, यह मेरे लिए अतुलनीय अनुभव था। मार्ग में लगे बैनरों में इस उत्सव को ‘हिमालय का कुंभ मेला’ कहा गया था। मठ से वापिस आते समय लोगों की जो भीड़ हमने देखी, उससे तो हमें भी यह कुंभ मेला ही प्रतीत हुआ। ऐसी भीड़ जिसमें परिवार एवं मित्रों से बिछड़ सकते हैं, ऐसा कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी।

लद्दाख के विभिन्न मठों में गुस्तोर उत्सव भिन्न भिन्न दिवसों में वर्ष भर मनाया जाता है। अतः अपनी यात्रा का नियोजन करते समय इन उत्सवों के दिन, स्थान एवं समय ज्ञात कर लें। अपनी यात्रा का नियोजन ऐसे करें कि कम से कम एक मठ में आपको इस उत्सव में भाग लेने का अवसर प्राप्त हो सके। 

अनुवाद: मधुमिता ताम्हणे

The post लद्दाख के स्पितुक बौद्ध मठ का रहस्यमयी चाम नृत्य appeared first on Inditales.

]]>
https://inditales.com/hindi/cham-nritya-spituk-math-ladakh/feed/ 2 1673
गुलमर्ग के पर्यटन स्थल और विश्व के सबसे ऊँचे उड़न खटोला की सवारी https://inditales.com/hindi/gulmarg-ke-paryatan-sthal/ https://inditales.com/hindi/gulmarg-ke-paryatan-sthal/#comments Wed, 06 Nov 2019 02:30:41 +0000 https://inditales.com/hindi/?p=1566

गुलमर्ग – यह नाम सुनते ही मानसपटल पर बर्फीले पर्वत एवं उनकी ढलान पर स्की करते खिलाड़ियों की छवि उभर कर आ जाती है। पैर पर बंधी लम्बी डंडी से मार्ग सुगम करते हुए फिसलते खिलाड़ियों के चहरों पर रोमांच एवं खुशी, यही है गुलमर्ग का जादू। गुलमर्ग की रोमांचक कथाएं मैंने अपने पिता के […]

The post गुलमर्ग के पर्यटन स्थल और विश्व के सबसे ऊँचे उड़न खटोला की सवारी appeared first on Inditales.

]]>

गुलमर्ग – यह नाम सुनते ही मानसपटल पर बर्फीले पर्वत एवं उनकी ढलान पर स्की करते खिलाड़ियों की छवि उभर कर आ जाती है। पैर पर बंधी लम्बी डंडी से मार्ग सुगम करते हुए फिसलते खिलाड़ियों के चहरों पर रोमांच एवं खुशी, यही है गुलमर्ग का जादू। गुलमर्ग की रोमांचक कथाएं मैंने अपने पिता के मुख से अनेक बार सुनी थीं। कुछ ४० वर्षों पूर्व मेरे पिता की नियुक्ति गुलमर्ग में हुई थी।

गुलमर्ग के पर्यटन स्थल उन्होंने मेरे मष्तिष्क में गुलमर्ग एवं कश्मीर घाटी की अत्यंत मनमोहक काल्पनिक छवि निर्मित कर दी थी। मुझे भय था कि कहीं यही काल्पनिक छवि मेरे स्वयं के अनुभव के आड़े तो नहीं आयेगा? फिर भी, गुलमर्ग की अपनी अविस्मरणीय यात्रा द्वारा प्राप्त अनुभव से मैं आपको वहां के सर्वाधिक रोमांचक कार्यकलापों के विषय में बताना चाहती हूँ। मुकुट में मणी के समान, इनमें सर्वाधिक रोमांचक एवं आनंददायी है गुलमर्ग गोंडोला सवारी।

गुलमर्ग के पर्यटन स्थल

श्रीनगर से गुलमर्ग की सवारी

श्रीनगर से गुलमर्ग का मार्ग
श्रीनगर से गुलमर्ग का मार्ग

गुलमर्ग पहुँचने का एकमात्र साधन है सड़क मार्ग। अतः इस छोटे से गाँव तक आप गाड़ी द्वारा ही पहुँच सकते हैं। मैं इतना अवश्य बल देना चाहूंगी कि आप मार्ग के उत्तरार्ध में कदापि ना सोयें। जब श्रीनगर से आपकी यात्रा आरम्भ होगी, वह किसी भी सामान्य मध्यम् वर्गीय नगरी से बाहर जाने के समान होगा।

और पढ़ें – दिल्ली श्रीनगर लेह सड़क यात्रा – जहां मार्ग ही लक्ष्य बन जाता है!

वास्तव में मैं श्रीनगर एवं गुलमर्ग के मध्य के सम्पूर्ण मार्ग आबादी से परिपूर्ण देख अत्यंत आश्चर्यचकित थी। जब मार्ग चढ़ाई करने लगती है, तब आप स्वयं को ऊंचे ऊंचे वृक्षों से घिरा पायेंगे। इनको चीर कर जाते घुमावदार संकरे मार्ग को देख आपका मन प्रफुल्लित हो उठेगा।

सूर्य दर्शन स्थल

सूर्यकिरणों से खेलती हिमालय की चोटियाँ
सूर्यकिरणों से खेलती हिमालय की चोटियाँ

गुलमर्ग में प्रवेश करने से ठीक पूर्व एक नुकीले मोड़ पर एक दर्शन स्थल है। वहां लगे फलक द्वारा हमें इसकी सूचना पाप्त होती है। यहाँ गाड़ी से उतर कर एक ओर घाटी का तथा दूसरी ओर बर्फ से ढँके पर्वत पर चमकते सूर्य की किरणों का विहंगम दृश्य देख सकते हैं। यह और बात है कि पर्वत की यही चोटी मैं कुछ समय पश्चात अपने अतिथिगृह, खायबर हिमालयन रेसॉर्ट में अपने कक्ष से भी देखने वाली थी।

और पढ़ें – कड़कती सर्दियों में लद्दाख की सड़कें

यह अद्भुत दृश्य सर्वप्रथम गुलमर्ग में आपका स्वागत करता है तथा इस नगर की सुन्दरता से आपका पूर्व परिचय करता है। यदि आप वहां दिन के समय पहुंचें, तब आप सूर्य की सुनहरी किरणों को चंदेरी बर्फीली पर्वतों से एकसार होकर जादू उत्पन्न करते देख सकते हैं।

गुलमर्ग गोंडोला की सवारी

गुलमर्ग गोंडोला अथवा उड़न खटोला
गुलमर्ग गोंडोला अथवा उड़न खटोला

यदि आपने गुलमर्ग गोंडोला की सवारी नहीं की तो यूँ मानिए की आपने गुलमर्ग की यात्रा ही नहीं की। आप सोच रहे होंगे, ये गोंडोला क्या है। यह लोहे की मोटी तार पर लटक कर चलने वाला एक ऐसा वाहन है जिसे केबल कार कहते हैं। यह आपको कुछ ही क्षणों में पर्वत के ऊपर पहुंचा देते हैं।

गुलमर्यग गोंडोला विश्व की सर्वाधिक ऊंचाई पर स्थित केबल कार है। अतः कोई कारण नहीं बनता कि आप इस पर बैठने का सौभाग्य छोड़ दें। इस चढ़ाई के दो तल हैं। इन दोनों तलों को मिलाकर यह यात्रा आपको समुद्र तल से ८७०० फीट से १४००० फीट तक ले जाती है। तो विरली वायु एवं लम्बी श्वास लेने के लिए सज्ज हो जाएँ।

अपरवाट पर्वत गुलमर्ग गोंडोला

हिम शिखिर गुलमर्ग गोंडोला से
हिम शिखिर गुलमर्ग गोंडोला से

इस सवारी का प्रथम तल आपको अपरवाट पर्वत के सम्पूर्ण ऊंचाई के मध्य भाग तक ले जाता है। यहाँ कई प्रकार के पर्यटन संबंधी क्रियाकलापों का आयोजन किया जाता है। सर्वाधिक आसान एवं आनंददायी खेल है बर्फ से खेलना। खेलने के लिए चारों ओर बर्फ ही बर्फ है।

इसके साथ आप स्लेज एवं खच्चर की सवारी भी कर सकते हैं अथवा स्की करने का रोमांच भी प्राप्त कर सकते हैं। यदि इस प्रकार की किसी भी क्रिया में रूचि ना हो तो फिर पैदल ही चलें। चारों ओर बर्फीली चोटियों एवं बर्फ से झांकते वृक्षों का आनंद उठायें। बर्फ से खेलते एवं आनंद उठाते सहयात्रियों को देखना भी अत्यंत सुखद अनुभव होगा।

अपरवाट पर्वत की चोटी

हिम खण्डों से घिरा सैनिक शिविर
हिम खण्डों से घिरा सैनिक शिविर

अगली केबल कार अपरवाट पर्वत की लगभग चोटी तक पहुंचाती है। यह यात्रा तीव्र ढलान युक्त है किन्तु चारों ओर का अद्भुत दृश्य आपको इसका आभास नहीं होने देता। जैसे जैसे आप ऊपर चढ़ते जाते हैं, परिदृश्यों में परिवर्तन आता रहता है। आरम्भ में आप पर्वत को नीचे से ऊपर देखते हैं। १० मिनटों के पश्चात, आप वही परिदृश्य ऊपर से नीचे की ओर देखते हैं। एक ओर का परिदृश्य ऊपर चढ़ते समय तथा दूसरी ओर का दृश्य नीचे उतरते समय देखिये। आप अनवरत आनंद प्राप्त कर सकते हैं। समान्तर केबल द्वारा स्की करते खिलाड़ियों को ऊपर ले जाती कई खुली सवारियां आपको भी दिखाई देंगी। देखने में वे अत्यंत भयावह, साथ ही रोमांचक भी प्रतीत होती हैं।

और पढ़ें – द्रास युद्ध स्मारक – कारगिल – जहां भावनाएं हिलोरें मारती हैं

दूसरी गोंडोला सवारी के पश्चात आप बर्फ से घिरी चोटी पर पहुँच जाते हैं। एक किनारे पर खड़े होकर यदि आप चारों ओर के पर्वतों को निहारेंगे तो आपको ऐसा प्रतीत होगा मानो आप बर्फ की किनार वाली प्याली की किनार पर खड़े हैं। पहाड़ियों पर कई सेना शिविर दिखे जो दूर से कबूतर खाने से प्रतीत हो रहे थे। बर्फीली पहाड़ियों पर इतनी विपरीत परिस्थितियों में रहकर हमारी सीमाओं की रक्षा करते सैनिकों की कठिनाओं का हम अनुमान भी नहीं लगा सकते।

गुलमर्ग का मनोरम दृश्य
गुलमर्ग का मनोरम दृश्य

यदि आप स्की खेल में निपुण नहीं हैं तब भी आप स्की का आनंद ले सकते हैं। यहाँ आपको गाइड सेवा उपलब्ध हो जायेगी जो आपको स्की सवारी का आनंद दे सकते हैं। जी हाँ, स्की सवारी! क्योंकि यहाँ आप स्वयं स्की नहीं करते हैं। बल्कि गाइड स्वयं स्की करता हुआ आपको अपने साथ थोड़ी दूर ले जाता है तथा आपको स्की का आनंद देता है। यहाँ मैंने कई गाइड को भारत एवं पाकिस्तान के मध्य स्थित लाइन ऑफ़ कंट्रोल अर्थात नियंत्रण रेखा दिखाने का प्रलोभन देते हुए देखा। किन्तु मुझे शंका है कि वहां पर्यटकों को जाने की अनुमति होगी!

गुलमर्ग गोंडोला का विडियो

मेरी गोंडोला सवारी का विडियो देखिये। उत्तम दर्शन के लिए HD mode में देखें।

गोंडोला अवतरण बिंदु, जो गोंडोला सवारी का अंतिम बिंदु है, इसके समक्ष हरमुख पर्वत है। स्थानीय निवासियों के अनुसार यहाँ भगवान् शिव का वास है। अतः यह एक पावन पर्वत है। किंचित बाईं ओर नंगा पर्वत है जो पकिस्तान के गिलगित-बल्तिस्तान क्षेत्र में स्थित है। नंगा पर्वत सिन्धु नदी के कारण भी प्रसिद्ध है। सिन्धु नदी यहाँ से बहती है।

हिमाच्छादित गड़रियों की झोंपड़ियाँ
हिमाच्छादित गड़रियों की झोंपड़ियाँ

वापिस उतरते समय, गोंडोला के आरंभिक स्थल के समीप आप गड़रियों की झोपड़ियां देखेंगे जो शीत ऋतू में बर्फ से आच्छादित हो जाती हैं। प्रत्येक वर्ष ग्रीष्म ऋतू में गड़रिये जानवरों को ले कर यहाँ वापिस आते हैं जब यहाँ पशुओं के लिए घास बहुतायत में उपलब्ध रहती है।

गोंडोला अड्डे पर कई गाइड आपको टिकट दिलाने में सहायता करने का प्रलोभन देंगे। इसका कारण यह भी है कि गोंडोला सवारी की टिकट खरीदने के लिए लम्बी कतार होती है। इन दोनों से बचने के लिए मेरा सुझाव है कि आप सुबह ही अपनी टिकट खरीद लें। इससे आपको पर्वत के शिखर पर अधिक समय बिताने का भी अवसर प्राप्त होगा।

कश्मीरी व्यंजनों का आस्वाद लें

कश्मीरी वाज़वान
कश्मीरी वाज़वान

वाजवान अर्थात् विस्तृत कश्मीरी भोजन जिसे एक सामूहिक थाली में परोसा जाता है तथा कई लोग एक साथ एक ही थाली में से खाते हैं। आजकल आतिथ्य उद्योग अतिथि की व्यक्तिगत वरीयता के विषय में अवगत है। इसलिए वे वाजवान के समान ही थाली परोसते हैं किन्तु सब अपनी अपनी थाली में से ही खाते हैं। वाजवान मुख्यतः मांसाहारी भोजन होता है। मुझे इसी वाजवान के शाकाहारी संस्करण का आनंद खैबर हिमालयन रेसॉर्ट के रसोइये ने दिया। उसके विषय में कुछ लिखना चाहती हूँ।

और पढ़ें – हिमाचली सेब एवं सत्यानन्द स्टोक्स की समृद्धि दायक कथा

शाकाहारी वाजवान का आरम्भ मैंने अखरोट की चटनी से किया। इतनी स्वादिष्ट थी ये चटनी, कि इसके नाम के अनुरूप ही हमने इसे चाट चाट कर चट कर दिया। अगला व्यंजन था नदरू यख़नी, कमल डंडी से निर्मित व्यंजन जो कश्मीर में अत्यंत प्रसिद्ध है। यह भी अत्यंत स्वादिष्ट था तथा गरिष्ठ भी नहीं था। मैंने बाद में शहद की चटनी के साथ नदरू चिप्स भी खाए। यह भी अत्यंत रुचिकर थे। पनीर से निर्मित एक व्यंजन भी था जिसे मैंने न चखना उचित समझा। जी हाँ शाकाहारी के नाम से इतना पनीर परोसा जाता है की मन ऊब जाता है। मेरा वाजवान गरिष्ठ नहीं था। अतः मुझे हल्का प्रतीत हो रहा था। किन्तु मेरे साथ जिन्होंने असली वाजवान का आस्वाद लिया था, वे खाकर पस्त हो गए थे।

यदि आपका पेट अत्यंत भरा प्रतीत हो तो कश्मीरी चाय, काह्वा का आग्रह करें। इससे चैन मिलेगा।

महारानी शिव जी मंदिर

महारानी शंकर मंदिर - गुलमर्ग
महारानी शंकर मंदिर – गुलमर्ग

श्री मोहिनीश्वर शिवालय इस छोटे से शिव मंदिर का आधिकारिक नाम है। गुलमर्ग की प्याली सदृश घाटी के मध्य, एक छोटी सी पहाड़ी के ऊपर यह मंदिर स्थित है। महाराणा मोहन देव की सुपुत्री एवं कश्मीर के महाराजा हरी सिंग की पत्नी, रानी मोहिनी बाई सिसोदिया ने १०० वर्षों पूर्व, सन् १९१५ में इस मंदिर का निर्माण कराया था। पिता की ‘महाराणा’ पदवी इस तथ्य की ओर संकेत करती है कि उनका सम्बन्ध मेवाड़ घराने से था। इस मंदिर को महारानी मंदिर तथा रानी जी मंदिर इत्यादि नामों से भी प्रसिद्धी प्राप्त है। मुझे सहसा तेलंगाना के रामप्पा मंदिर का स्मरण हो आया। यह मंदिर भी पीठासीन देव के बजाय इसके निर्माता के नाम से अधिक लोकप्रिय है।

और पढ़ें – जागेश्वर धाम – कुमाऊं घाटी में बसे शिवालय

इस साधारण से दिखते मंदिर तक पहुँचने के लिए कुछ सीड़ियाँ चढ़नी पड़ती हैं। यूँ तो मंदिर बंद था, फिर भी इसके भीतर स्थापित शिवलिंग दिखाई पड़ रहा था। शिवलिंग के ऊपर लाल रंग की तिरछी छत थी जिस पर ॐ तथा स्वास्तिक का चिन्ह बना हुआ था। देवालय के चारो ओर का विहंगम दृश्य सम्मोहित कर देता है। मंदिर के पृष्ठभाग पर हिम आच्छादित पर्वत श्रंखलायें है । जैसे जैसे आप आगे बढ़ते हैं, गुलमर्ग की प्याली एवं उसके मध्य स्थित प्रसिद्ध गोल्फ मैदान दृष्टिगोचर होने लगता है। कई छोटी हरे रंग की इमारतें दिखती हैं जिनमें अधिकतर अतिथिगृह अथवा होटल्स हैं।

रानी द्वारा निर्मित होते हुए भी यह मंदिर सादगी से परिपूर्ण है। इससे आप अनुमान लगा सकते हैं कि उस समय कश्मीर के लोगों का जीवन भी सादगी भरा था। या कहीं ऐसा तो नहीं कि यहाँ के प्रतिकूल वातावरण के कारण इसकी भव्यता सीमित रखी गई है?

इस मंदिर को आपने एक बॉलीवुड चलचित्र के गाने ‘जय जय शिव शंकर’ में अवश्य देखा होगा।

सेंट मेरी गिरिजाघर

सेंट मेरी गिरिजाघर - गुलमर्ग
सेंट मेरी गिरिजाघर – गुलमर्ग

महारानी मंदिर से आगे बढ़ते हुए, गोल्फ मैदान की बाहरी सीमा पार कर हम सेंट मेरी गिरिजाघर के प्रवेश द्वार पर पहुंचते हैं। यह १५० वर्ष प्राचीन गिरिजाघर है। मैदानी क्षेत्रों की तपती गर्मी से बचने के लिए जब अंग्रेजों ने इस स्थान की खोज की होगी, तब कदाचित इस गिरिजाघर का निर्माण कराया होगा। जिस दिन मैं यहाँ आयी थी, यह गिरिजाघर बंद था। इसके चारों ओर एक चक्कर लगाकर मैं वापिस आ गयी। प्रातःकाल किये गए इस पैदल सैर ने मन प्रफुल्लित कर दिया था।

रानी मंदिर के समान यह भी सादगी भरा किन्तु अपेक्षाकृत बड़ा गिरिजाघर था। यहाँ से चारों ओर दृष्टी घुमाने पर आपको कई छोटे तालाब दिखाई पड़ेंगे। ये तालाब गोल्फ मैदान के ही भाग हैं। श्वेत चमकते बर्फ के बीच एक सूखे वृक्ष की छवि ने हम सब का मन मोह लिया था।

होटल हाइलैंड गुलमर्ग
होटल हाइलैंड गुलमर्ग

सेंट मेरी गिरिजाघर की ओर जाते समय आप एक प्रसिद्ध होटल – होटल हाईलैंड्स पार्क देखेंगे जहां बॉबी चलचित्र के इस लोकप्रिय गाने ‘हम तुम इक कमरे में बंद हों’ को फिल्माया गया था।

हरी सिंह का महल

लकड़ी द्वारा निर्मित यह छोटा सा महल, कश्मीर के अंतिम महाराजा हरी सिंह का महल है। पहाड़ी के ऊपर स्थित इस महल से पूरा गुलमर्ग दृष्टिगोचर होता है। मैं नवम्बर २०१५ में जब गुलमर्ग आयी थी, तब इस महल के पुनर्निर्माण का कार्य आरम्भ था। राजा का परिवार जब इस महल को छोड़कर चला गया, तब इस महल का शनैः शनैः क्षय होने लगा। इसका कारण यहां के वातावरण के साथ साथ यहाँ की राजनैतिक परिस्थितियाँ भी हैं।

राजा हरी सिंह का महल
राजा हरी सिंह का महल

इस षटकोणीय महल के नवीनीकरण का कार्य आरम्भ है। आशा है आगामी मौसम तक यह पर्यटकों के लिए उपलब्ध हो जाएगा। मेरे पिता ने मुझे इस महल के एक अद्भुत गलीचे के विषय में बताया था। यह गलीचा महल के भीतर ही बुना गया था ताकि यह महल के प्रत्येक कोने में ठीक प्रकार से बिछाया जा सके। वहां निर्माण कार्य करते कर्मचारियों ने बताया कि महल की बचीखुची कलाकृतियों को श्रीनगर के राज्य संग्रहालय में स्थानांतरित किया गया है।

गुलमर्ग नगर में पद भ्रमण करिये

इस पहाड़ी पर्यटन स्थल का प्रमुख आकर्षण है यहाँ के पर्वत, वृक्ष, परिदृश्य, खुला आकाश तथा इन सब का अद्भुत सम्मिश्रण। इसका आनंद उठाने का सर्वोत्तम उपाय है पैदल सैर करते हुए चारों ओर निहारना। प्रत्येक दिवस, प्रत्येक क्षण यह सम्मिश्रण एक भिन्न रूप प्रस्तुत करता है, मानो इन प्राकृतिक तत्वों का प्रयोग कर कोई अनवरत चित्रकारी कर रहा हो। इस सौंदर्य में स्वयं को भी एक भाग बना कर इसके अस्तित्व में लीन हो जाएँ।

किसी भी अन्य पहाड़ी पर्यटन स्थलों के समान गुलमर्ग भी विभिन्न ऋतु में भिन्न होता है। मैंने इसे नवम्बर मास में देखा था। गुलमर्ग के चित्र बताते हैं कि ग्रीष्म ऋतु में यह अत्यंत हराभरा रहता है तथा शीत ऋतु में इससे भी श्वेत। शीत ऋतु का आरम्भ दिसंबर के मध्य से आरम्भ होता है। आप जब भी गुलमर्ग यात्रा की योजना बनाएं, वहां के मौसम का पूर्वानुमान अवश्य लगा लें। मौसम के अनुसार ही सामान साथ ले जाएँ।

अनुवाद: मधुमिता ताम्हणे

The post गुलमर्ग के पर्यटन स्थल और विश्व के सबसे ऊँचे उड़न खटोला की सवारी appeared first on Inditales.

]]>
https://inditales.com/hindi/gulmarg-ke-paryatan-sthal/feed/ 1 1566